Fact Check: मक्का की यात्रा पर गए इंडोनेशियाई मुस्लिमों के वीडियो को हिन्दुओं का बताते हुए किया जा रहा है वायरल
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि इंडोनेशिया से उमरा/हज करने गए मुस्लिम श्रद्धालुओं के वीडियो क्लिप को हिंदू समूह के नाम पर फेक दावे से वायरल किया जा रहा है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Dec 2, 2024 at 01:33 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें भगवा रंग के कपड़े पहने कुछ श्रद्धालुओं को मक्का में काबा के पास देखा जा सकता है। पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि ये भारत के हिन्दू हैं, जो भगवा कपड़ों में काबा पहुंचे हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि वायरल वीडियो क्लिप का भारत से कोई संबंध नहीं है। इस क्लिप में दिख रहे श्रद्धालु इंडोनेशियाई हैं।
क्या है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Katter Hindu Tirtho’ ने वायरल वीडियो क्लिप (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “मदीना में हर हर महादेव का नारा।”

पड़ताल
वायरल वीडियो एक बार पहले भी एक दूसरे दावे के साथ राम मंदिर के उद्घाटन के समय भी वायरल हुआ था। उस समय भी विश्वास न्यूज ने इसकी पड़ताल की थी। उस समय की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें यह वीडियो कई यूट्यूब चैनल पर जनवरी 2024 में अपलोड मिला था।
हमें पड़ताल में आगे El Leyla Official नामक यू-ट्यूब चैनल पर 2023 में अपलोड किया हुआ एक वीडियो मिला, जिसमें नजर आ रही महिलाओं की वेशभूषा, वायल वीडियो में नजर आ रही महिलाओं के समान थी। वीडियो के साथ बताया गया कि यह “Jamaah An Namiroh Group (जम्मह अन नामीरोह ग्रुप)” के एक नवंबर 2022 की मदीना यात्रा का वीडियो है।
कीवर्ड सर्च से ढूंढ़ने पर पता चला कि “An Namiroh Group” एक इंडोनेशियाई ट्रैवल एजेंसी है, जो हज/उमरा यात्रा कराती है। इस चैनल पर अन्य ऐसे वीडियो भी मौजूद हैं , जिसमें नजर आ रहे श्रद्धालु समान ड्रेस में नजर आ रहे हैं। साथ ही जम्मह अन नामीरोह की वेबसाइट पर मौजूद प्रमोशनल तस्वीरों में भी महिला ने वायरल वीडियो वाली वेशभूषा धारण कर राखी है।
वायरल वीडियो क्लिप को लेकर विश्वास न्यूज ने इंडोनेशियाई फैक्ट चेकिंग संस्था माफिंडो के फैक्ट चेकर आदि स्याफितरा से भी संपर्क किया । उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया , “इसमें नजर आ रहे लोग इंडोनेशिया से मदीना उमरा करने गए लोगों का समूह है।”
वायरल वीडियो क्लिप को फेक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर Katter Hindu Tirtho के 34000 से अधिक यूजर हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि इंडोनेशिया से उमरा/हज करने गए मुस्लिम श्रद्धालुओं के वीडियो क्लिप को हिंदू समूह के नाम पर फेक दावे से वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : ये भारत के हिन्दू हैं, जो भगवा कपड़ों में काबा पहुंचे हैं।
- Claimed By : Facebook Page Katter Hindu Tirtho
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












