X
X

Fact Check : राजस्थान में बच्‍चे की पिटाई का बताकर 2020 की पुरानी तस्वीरें की गईं वायरल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। यह फर्जी साबित हुई। वायरल तस्‍वीरें यमन में 2020 में हुई एक घटना की है।

नई दिल्‍ली (Vishvas News)। सोशल मीडिया के विभिन्‍न प्‍लेटफॉर्म पर दो तस्‍वीरों का एक कोलाज वायरल हो रहा है। इसमें एक बच्‍चे को बुरी तरह घायल देखा जा सकता है। तस्‍वीर को राजस्‍थान की बताकर दावा किया गया कि नल से पानी पीने पर इस बच्‍चे की बुरी तरह पिटाई की गई।

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। यह फर्जी साबित हुई। वायरल तस्‍वीरें यमन में 2020 में हुई एक घटना की है। उस वक्‍त बच्‍चे के पिता ने उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी थी। अब उसी घटना से जुड़ी तस्‍वीरों को राजस्‍थान का बताकर झूठ फैलाया गया है।

क्‍या हो रहा है वायरल

फेसबुक यूजर Tripti Vishwas ने 26 मार्च को दो तस्‍वीरों के कोलाज को पोस्‍ट करते हुए दावा किया, “आज कल की जमाने में ऐसे लोग भी रहते है,,,,गुनाह मेरा इतना है कि, मेरी प्यास ने मुझे नल तक पहुँचाया.. अछूत होने से और नल का पानी पीने से बहुत मारा गया है। यह मुँह पर बहुत जोर का तमाचा है जो कहते है जातीवाद कहाँ है… #CMORajasthan #राजस्थान!”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। इसे राजस्‍थान का समझकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्‍ट का आकाईव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की सच्‍चाई जानने के लिए सबसे पहले तस्‍वीरों को गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। हमें यमन के अदन से संचालित एक न्‍यूज वेबसाइट क्रेटर स्‍काई नाम की वेबसाइट पर वायरल तस्‍वीरें मिलीं। वर्ष 2020 की इस खबर में बताया गया कि 12 साल के एक बच्‍चे को उसके पिता ने ही बुरी तरह पीटा था। जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया।

4 अक्‍टूबर 2020 को इस घटना से जुड़ी एक खबर हमें दूसरी वेबसाइट से मिली। इसमें भी बताया गया कि बच्‍चे का यह हाल उसके पिता ने किया था।

विश्‍वास न्‍यूज की अब तक की पड़ताल से यह साबित हो गया कि राजस्‍थान के नाम पर वायरल तस्‍वीरें यमन की पुरानी घटना की हैं।

गूगल सर्च के दौरान हमें कई ऐसी पुरानी खबरें मिलीं, जिसमें सवर्ण तबके के लोगों के द्वारा नल या मटके से पानी पीने पर लोगों की पिटाई हुई। लेकिन वायरल पोस्‍ट में तस्‍वीरों के साथ किया गया दावा गलत साबित हुआ।

विश्‍वास न्‍यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए दैनिक जागरण, राजस्‍थान के वरिष्‍ठ संवाददाता नरेंद्र शर्मा से संपर्क किया। उन्‍होंने जानकारी देते हुए बताया कि वायरल तस्‍वीरें राजस्‍थान की किसी घटना की नहीं है।

अब बारी थी फेसबुक यूजर की जांच करने की। तृप्ति विश्‍वास नाम की फेसबुक यूजर को करीब छह हजार लोग फॉलो करते हैं। इसी यूजर ने फर्जी पोस्‍ट की थी।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में पता चला कि राजस्‍थान में नल से पानी पीने के नाम पर बच्‍चे की पिटाई की बताकर वायरल की गईं तस्‍वीरें 2020 की हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यमन में एक पिता ने अपने बच्‍चे की बुरी तरह पिटाई की थी। तस्‍वीरें उसी घटना से जुड़ी हुई हैं।

  • Claim Review : राजस्‍थान में नल से पानी पीने पर एक बच्‍चे की पिटाई
  • Claimed By : FB User Tripti Vishwas
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later