X
X

Fact Check: महिला वनडे वर्ल्ड कप में हुए भारत और पाक के मैच के वीडियो को भ्रामक दावे से किया जा रहा वायरल 

पाक खिलाड़ियों के स्प्रे डालने के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। असल में मैदान में कीड़े और मच्छरों की वजह से खिलाड़ियों को परेशानी हो रही थी। इसलिए खिलाड़ी उन्हें भगाने के लिए स्प्रे डाल रहे थे।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए मैच का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पाकिस्तान की खिलाड़ियों को मैदान में स्प्रे मारते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि पाकिस्तानी महिला टीम मैदान पर दवा छिड़कते हुई नजर आई, ताकि भारतीय महिला खिलाड़ियों को चक्कर आ जाए। उन्होंने अंपायर की बात भी नहीं सुनी।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। असल में मैदान में कीड़े और मच्छरों की वजह से खिलाड़ियों को परेशानी हो रही थी। इसलिए खिलाड़ी उन्हें भगाने के लिए स्प्रे डाल रहे थे। उसी के वीडियो को अब भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘द इंडिया गजट’ ने 5 अक्टूबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “भारत बनाम पाकिस्तान विश्व कप मैच के दौरान पाकिस्तानी महिला टीम मैदान पर किसी तरह की दवा छिड़कती हुई पकड़ी गई ताकि भारतीय महिला खिलाड़ियों को चक्कर आ जाए। अंपायरों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने एक न सुनी। पाकिस्तानी महिला टीम की घिनौनी हरकत।” 

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट न्यूज 18 की आधिकारिक वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 6 अक्टूबर 2025 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप में भारत-पाक के बीच मुकाबला हुआ। यह मैच कोलंबो में रविवार 5 अक्टूबर को खेला गया। मुकाबला के दौरान मच्छरों के हमले की वजह से 15 मिनट के लिए मैच को रोकना पड़ा। इन मच्छरों पर नियंत्रण करने के लिए पूरे ग्राउंड में धुएं का स्प्रे किया गया।

अन्य न्यूज रिपोर्ट को यहां पर देखा जा सकता है।

दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 5 अक्टूबर 2025 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, “पाकिस्तान ने इस मैच में टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मैच की शुरुआत से ही मच्छरों ने खेल में परेशानी पैदा की और खिलाड़ियों को दिक्कत आई। कैमरे पर मच्छरों का झुंड साफ तौर पर दिख रहा था और पता चल रहा था कि इससे कितनी परेशानी हो सकती है। एक समय तो ऐसा आया जब मैच को रोकना पड़ा। लगातार हो रही परेशानी को देखते हुए आयोजकों ने मच्छर भगाने वाली मशीन को मंगवाया, जिससे धुआं करके मच्छरों को भगाया जाता है। इसी कारण मैच को कुछ देर के लिए रोक दिया गया था। 34वें ओवर के मैच मैच को रोका गया और खिलाड़ियों को बाहर बुलाकर बग स्प्रे पूरे मैदान पर छिड़का गया।”

पड़ताल के दौरान हमें वायरल वीडियो से जुड़ी एक रिपोर्ट न्यूज 24 के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिली। वीडियो में भी यही बताया गया है कि दोनों टीमें मच्छरों से परेशान थी। पाकिस्तान की टीम मैदान पर स्प्रे डालकर मच्छर और कीड़ों को भगा रही थी। इसी वजह से मैच को 15 मिनट के लिए रोकना भी पड़ा था, ताकि ग्राउंड पर धुएं के जरिए इन्हें काबू किया जा सके।

अधिक जानकारी के लिए हमने स्पोर्ट्स एनालिस्ट, जर्नलिस्ट और कमेंटेटर सैयद हुसैन संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि मच्छरों और कीड़ों की वजह से खिलाड़ी परेशान थे। इसलिए वो स्प्रे डाल रहे थे। 

आजतक की वेबसाइट पर 6 अक्टूबर 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “भारत पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान को क्रिकेट के मैदान पर भी लगातार परास्त कर रहा है। अब आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 88 रनों से धो दिया। 5 अक्टूबर (रविवार) को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में हुए इस मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान के सामने 248 रनों का टारगेट सेट किया था। ये टारगेट पाकिस्तानियों के लिए पहाड़ सरीखा साबित हुआ। पाकिस्तान की पूरी टीम 43 ओवरों में 159 रनों पर ही ढेर हो गई।”

अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को करीब नौ हजार लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि पाक खिलाड़ियों के स्प्रे डालने के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। असल में मैदान में कीड़े और मच्छरों की वजह से खिलाड़ियों को परेशानी हो रही थी। इसलिए खिलाड़ी उन्हें भगाने के लिए स्प्रे डाल रहे थे। उसी के वीडियो को अब भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

  • Claim Review : विश्व कप मैच के दौरान मैदान पर दवा छिड़कते हुए पकड़ी गई पाकिस्तानी टीम।
  • Claimed By : FB User द इंडिया गजट
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later