Fact Check : एअर इंडिया हादसे में मारे गए लोगों के शव के नाम पर वायरल हुआ Fake वीडियो
वायरल वीडियो हादसे के दिन से काफी पहले से इंटरनेट पर मौजूद है। इससे यह साफ होता है कि वायरल वीडियो का अहमदाबाद घटना से कोई संबंध नहीं है।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Jun 14, 2025 at 03:38 PM
नई दिल्ली (Vishvas News)। गुजरात की राजधानी अहमदाबाद में 12 जून 2025 को एअर इंडिया की फ्लाइट सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल हवाई अड्डे से टेकऑफ के कुछ ही सेकंड बाद हादसे की शिकार हो गई। इस घटना में मारे गए लोगों के शव के नाम पर सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में कई सारे ताबूत देखे जा सकते हैं।
कुछ यूजर्स इसे अहमदाबाद से जोड़ते हुए खूब वायरल कर रहे हैं। विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। यह फर्जी साबित हुई। वायरल वीडियो हादसे के दिन से काफी पहले से इंटरनेट पर मौजूद है। इससे यह साफ होता है कि वायरल वीडियो का अहमदाबाद घटना से कोई संबंध नहीं है।
क्या हो रहा है वायरल
इंस्टाग्राम हैंडल etah_ki_sherni_ragini_thakur ने 14 जून को एक वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा, “अहमदाबाद से लंदन जाने वाली प्लेन हुआ क्रेस। Black day 242 लोगों की मृत्यु की body।”
वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों ही लिखा गया है। इसे अहमदाबाद हादसे का समझकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आकाईव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले वायरल वीडियो के कई कीफ्रेम्स निकाले। फिर इन्हें एक के बाद एक करके गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया गया। कई दौर के सर्च के बाद हमें वायरल वीडियो अहमदाबाद हादसे से पहले की तारीखों में मौजूद मिला।
9 मई को एक इंस्टाग्राम हैंडल ने वीडियो को पाकिस्तान का बताकर अपलोड किया।

वायरल वीडियो हमें 11 जून को एकयूट्यूब चैनल पर भी अपलोड मिला। इसमें भी वीडियो को पाकिस्तान का बताया गया। विश्वास न्यूज स्वतंत्र रूप से इस बात की पुष्टि नहीं करता है कि वायरल वीडियो कहां का है। लेकिन यह स्पष्ट है कि इस वीडियो का अहमदाबाद हादसे से किसी भी प्रकार का कोई संबंध नहीं है।
हमारी पड़ताल से अब तक यह स्पष्ट हो गया कि वायरल वीडियो का अहमदाबाद में हुए विमान हादसे से कोई संबंध नहीं है। 12 जून को अहमदाबाद में एअर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान उड़ान भरने के कुछ ही सेकंड क्रैश हो गया। एअर इंडिया की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, अहमदाबाद से लंदन जा रही उड़ान संख्या AI171 टेक-ऑफ के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस पोस्ट में बताया गया कि इस विमान में चालक दल के साथ कुल 242 यात्री सवार थे। इनमें 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश, एक कनाडाई और सात पुर्तगाली नागरिक थे।
विश्वास न्यूज ने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए गुजराती जागरण, अहमदाबाद के एसोसिएट एडिटर जीवन कपूरिया से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो का अहमदाबाद हादसे से कोई संबंध नहीं है। यहां मारे गए लोगों का ऐसा कोई वीडियो सामने नहीं आया है।
जांच के अंत में फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर की जांच की गई। इसे एक लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यह इंस्टाग्राम हैंडल अक्टूबर 2021 में बनाया गया।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। अहमदाबाद में एअर इंडिया के विमान के क्रैश होने के बाद से वायरल वीडियो का कोई संबंध नहीं है। वायरल वीडियो इंटरनेट पर घटना से पहले मौजूद है।
- Claim Review : अहमदाबाद में विमान हादसे में मारे गए लोगों के शव का वीडियो
- Claimed By : IG user etah_ki_sherni_ragini_thakur
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












