Fact Check: अनिल कपूर ने पाकिस्तान बाढ़ पीड़ितों को नहीं दिए 5 करोड़ रुपये
सोशल मीडिया पर अनिल कपूर को लेकर वायरल हो रही पोस्ट फेक है। बॉलीवुड अभिनेता ने पाकिस्तान के बाढ़ प्रभावितों को 5 करोड़ रुपये नहीं दिए हैं।
- By Vishvas News
- Updated: September 7, 2022
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पाकिस्तान में बाढ़ की वजह से लाखों लोग प्रभावित हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर को लेकर एक पोस्ट वायरल हो रही है। उनकी फोटो पोस्ट कर लोग दावा कर रहे हैं कि अनिल कपूर ने पाकिस्तान के बाढ़ पीड़ितों के लिए 5 करोड़ रुपये दान दिए हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि अनिल कपूर ने पाकिस्तान के बाढ़ पीड़ितों को 5 करोड़ रुपये दान नहीं दिए हैं। इसी तरह से ‘ब्रह्मास्त्र’ मूवी से जुड़े करण जौहर, आलिया भट्ट और रणबीर कपूर को लेकर भी ऐसा ही दावा किया गया था। विश्वास न्यूज की पड़ताल में वह दावा भी गलत निकला था।
क्या है वायरल पोस्ट में
फेसबुक यूजर Hindu Hindu Anjali (आर्काइव लिंक) ने 3 सितंबर को अनिल कपूर की फोटो पोस्ट करते हुए लिखा,
पाकिस्तान में आई बाढ़ के लिए अनिल कपूर ने 5 करोड़ रूपये दान किये… कास भारत के उत्तराखंड बिहार में दे देता जहा लाखों लोग बेघर हो जाते हैं हर साल,,
आज की स्थिति देखकर समझ में आता है महाराणा ने घास की रोटी ऐसे ही नहीं खाई थी और आज के युवा इन्हें अपना आदर्श मानते हैं #बॉलीवुड_बहिष्कार

पड़ताल
वायरल दावे की पड़ताल के लिए हमने सबसे पहले कीवर्ड से इसे गूगल पर सर्च किया। इसमें हमें ऐसी कोई खबर नहीं मिली, जिससे इस जानकारी की पुष्टि हो सके। हमने अनिल कपूर के वेरिफाइड ट्विटर हैंडल, फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट को चेक किया, लेकिन ऐसी कोई पोस्ट नहीं मिली।
इसकी ज्यादा जानकारी के लिए हमने अनिल कपूर फिल्म एंड कम्युनिकेशन नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड के मुंबई स्थित कार्यालय में संपर्क किया। उनका कहना है, ‘सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट गलत है’। इस बारे में मुंबई में एंटरटेनमेंट के वरिष्ठ पत्रकार पराग छापेकर का कहना है, ‘अनिल कपूर ने पाकिस्तान के बाढ़ पीड़ितों को ऐसा कोई दान नहीं दिया है। यह एक कोरी अफवाह है।‘
इससे पहले बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान को लेकर भी फेक पोस्ट वायरल हुई है। विश्वास न्यूज की रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
5 सितंबर को जागरण डॉट कॉम में छपी खबर के अनुसार, पाकिस्तान में आई बाढ़ की वजह से 30 करोड़ से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। इससे करीब 1300 लोगों की मौत हो चुकी है।
गलत पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर ‘हिंदू हिंदू अंजलि‘ की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। इसके मुताबिक, वह दिल्ली में रहती हैं।
निष्कर्ष: सोशल मीडिया पर अनिल कपूर को लेकर वायरल हो रही पोस्ट फेक है। बॉलीवुड अभिनेता ने पाकिस्तान के बाढ़ प्रभावितों को 5 करोड़ रुपये नहीं दिए हैं।
- Claim Review : अनिल कपूर ने पाकिस्तान के बाढ़ पीड़ितों के लिए 5 करोड़ रुपये दान दिए हैं।
- Claimed By : FB User- Hindu Hindu Anjali
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...
-
वॅाट्सऐप नंबर 9205270923
-
टेलीग्राम नंबर 9205270923
-












