X
X

Fact Check: दिल्ली पुलिस पर महिला पत्रकारों से मारपीट के दावे से शॉर्ट मूवी की क्लिप वायरल

दो महिला पत्रकारों ने दिल्ली पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया था। वहीं, दिल्ली पुलिस ने इन आरोपों को खारिज कर दिया था। हालांकि, इस मामले से जोड़कर वायरल हो रहा वीडियो एक शॉर्ट मूवी का सीन है।

Women Journalists, Delhi Police Viral Video, Women Journalists Assault Video, Viral Video, Short Film Viral Video, Delhi News

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दिल्ली पुलिस पर हाल ही में डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म ‘4पीएम’ की दो महिला पत्रकारों ने मारपीट का आरोप लगाया था। इसके बाद इस मामले से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें पुलिस की वर्दी पहने एक महिला को दूसरी महिला के साथ मारपीट करते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह महिला पत्रकारों के साथ दिल्ली पुलिस की मारपीट का वीडियो है।

विश्वास न्यूज की जांच में वायरल क्लिप एक शॉर्ट मूवी का सीन निकला। हालांकि, दिल्ली में एक डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म की दो महिला पत्रकारों ने दिल्ली पुलिस पर उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया था। वहीं, दिल्ली पुलिस ने इन आरोपों को खारिज किया था।

क्या है वायरल पोस्ट?

फेसबुक यूजर ‘Sunil Kannaujiya’ ने 6 सितंबर 2026 को एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “दिल्ली पुलिस महिला पत्रकार को बेरहमी से मार रही है।”

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने इस वीडियो क्लिप को ध्यान से देखा। इसमें दिख रही महिला की वर्दी पर ‘केपी’ लिखा है मतलब, यह केरलम पुलिस से संबंधित है। अगर यह दिल्ली पुलिस की वर्दी होती तो उस पर ‘डीपी’ लिखा होता। इससे हमें यह वीडियो संदिग्ध लगा।

इसके बाद हमने वायरल वीडियो की पड़ताल के लिए इसके कीफ्रेम को गूगल लेंस पर सर्च किया। यूट्यूब चैनल ‘CineEdge Media’ पर 27 मई 2026 को अपलोड किए गए वीडियो में 9:15 मिनट पर वायरल क्लिप देखी जा सकती है। यहां मौजूद जानकारी के अनुसार, यह वीडियो शॉर्ट मूवी ‘एसआई मृदुला लेडी पुलिस’ का है।

इस यूट्यूब चैनल पर इस शॉर्ट मूवी की शूटिंग की अन्य क्लिप्स को भी देखा जा सकता है। इसमें दी गई जानकारी के अनुसार, यह वीडियो मनोरंजन के लिए है।

‘CineEdge Media-Behind the Scenes’ फेसबुक पेज पर भी 26 जून 2026 को इस क्लिप को अपलोड किया गया था। कमेंट में एडमिन ने इसे एक शॉर्ट फिल्म बताया है।

इस पेज पर इस शॉर्ट मूवी की शूटिंग की अन्य क्लिप्स भी पोस्ट की गई हैं।

इस बारे में हमने दिल्ली में ‘दैनिक जागरण’ राज्य ब्यूरो के क्राइम रिपोर्टर राकेश कुमार सिंह से संपर्क कर उन्हें वीडियो भेजा। उन्होंने बताया कि महिला की वर्दी पर ‘केपी’ लिखा है इसलिए यह वीडियो दिल्ली पुलिस का नहीं है।

अधिक पुष्टि के लिए हमने CineEdge Media को मेल भेजकर वायरल वीडियो के बारे में जानकारी मांगी है। उनका जवाब आते ही इस रिपोर्ट को अपडेट कर दिया जाएगा।

क्या है संदर्भ?

दो महिला पत्रकारों ने दिल्ली पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया था। ‘बीबीसी’ की 4 सितंबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, “डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म ‘4पीएम’ की दो महिला पत्रकारों ने दिल्ली पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि उनकी ‘मुस्लिम’ पहचान की वजह से उन्हें पीटा गया था। आरोप है कि वे दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता से जुड़े एक कार्यक्रम का वीडियो बना रही थीं, जिसके बाद साकेत थाने की पुलिस ने उनसे पूछताछ शुरू कर दी थी।”

‘News Tak’ के फेसबुक पेज से इस मामले पर 4 सितंबर 2026 को एक वीडियो न्यूज पोस्ट की गई थी। इसके मुताबिक, “पत्रकारों ने आरोप लगाया है कि सीएम रेखा गुप्ता से सवाल पूछने पर दिल्ली पुलिस ने उनके साथ मारपीट की। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने मारपीट के आरोपों को गलत बताया है।”

शॉर्ट मूवी के वीडियो को दिल्ली पुलिस पर मारपीट के आरोप से जोड़कर शेयर करने वाले यूजर यूपी के गाजीपुर में रहते हैं और फेसबुक पर उनके पांच हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: दो महिला पत्रकारों ने दिल्ली पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया था। वहीं, दिल्ली पुलिस ने इन आरोपों को खारिज कर दिया था। हालांकि, इस मामले से जोड़कर वायरल हो रहा वीडियो एक शॉर्ट मूवी का सीन है।

  • Claim Review : यह महिला पत्रकारों के साथ दिल्ली पुलिस की मारपीट का वीडियो है।
  • Claimed By : FB User- Sunil Kannaujiya
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later