X
X

Fact Check: हरियाणा के बरवाला और देहरादून में हुए हादसों के वीडियो धमाकों के बताकर वायरल

हरियाणा के बरवाला और देहरादून में हुए हादसों के वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

Haryana accident video, Dehradun viral video, Barwala blast news, Haryana viral video, Delhi Viral Video, Delhi Blast Viral Video

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। दिल्ली में 10 नवंबर को हुए आतंकी हमले के बाद हरियाणा के बरवाला और उत्तराखंड के देहरादून के वीडियो वायरल हो रहे हैं। बरवाला के वीडियो में एक कार से निकलते हुए धुएं और आसपास कुछ अन्य लोगों को देखा जा सकता है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि दिल्ली धमाके के बाद बरवाला में कार में बम ब्लास्ट हो गया है।

वहीं, देहरादून का बताकर शेयर किए जा रहे वीडियो में एक कार में लगी आग को देखा जा सकता है। इसके साथ में यूजर ने दावा किया कि देहरादून में कार में ब्लास्ट हो गया है। विश्‍वास न्‍यूज ने दोनों दावों की जांच की तो पता चला कि दोनों वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया गया। बरवाला में कार में रखे पटाखों से आग लगने से यह हादसा हुआ था, जबकि देहरादून में एक कार में अचानक आग लग गई थी।

क्या है वायरल पोस्ट?

इंस्टाग्राम यूजर Jk Haryana News ने 12 नवंबर को वीडियो न्यूज अपलोड (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा है, “दिल्ली ब्लास्ट के बाद बरवाला में फटा गाड़ी में बम हुआ बलास्ट राधे राधे मोबाइल के सामने

वीडियो में युवक को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि कार में कुछ दिन पहले दिवाली पर लाए गए पटाखे रखे गए थे, जो फट गए। गाड़ी में सवार तीन लोग बाहर आ गए थे। वीडियो न्यूज में भी दिल्ली में हुए धमाके का जिक्र किया गया है।

एक अन्य इंस्टाग्राम यूजर dav_college_dehradun_07 ने 13 नवंबर को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है, “देहरादून में कार में ब्लास्ट”।

पड़ताल

वायरल दावों की जांच के लिए हमने दोनों के बारे में एक-एक करके गूगल पर कीवर्ड से सर्च किया।

पहला वीडियो

बरवाला के नाम से शेयर किए जा रहे दावे की सत्यता जांचने के लिए हमने जब कीवर्ड से गूगल पर सर्च किया तो अमर उजाला की वेबसाइट पर 13 नवंबर को इससे संबंधित खबर मिली। इसके अनुसार, “कस्बे के सिविल अस्पताल मार्ग पर कार में रखे पटाखों में विस्फोट होने से आग लग गई। हादसे में कार में सवार तीन लोग झुलस गए। कार सवार एक शादी में शामिल होने के लिए जा रहे थे।” खबर में जली हुई कार की फोटो भी अपलोड की गई है। इससे मिलती-जुलती तस्वीर को वायरल वीडियो में देखा जा सकता है।

इस घटना से संबंधित तस्वीर और खबर को दैनिक जागरण के हिसार संस्करण में 13 नवंबर को छपी खबर में भी देखा जा सकता है। इसके अनुसार, कार में रखे पटाखों की वजह से आग लगने के बाद विस्फोट हो गया। यह हादसा कार के बाइक से टकराने के बाद हुआ।

इस बारे में हमने बरवाला थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर करमजीत से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि यह घटना 12 नवंबर की शाम की है। तीन लोग कार में पटाखे लेकर जा रहे थे। उसमें आग लगने से विस्फोट हुआ था। दिल्ली धमाके के जैसा यहां कोई मामला नहीं है। अगर ऐसी कोई पोस्ट हुई है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।

वीडियो को भ्रामक तरीके से पेश करने वाले यूजर के करीब एक लाख 81 हजार फॉलोअर्स हैं।

दूसरा वीडियो

इसके बाद हमने देहरादून का बताकर शेयर किए जा रहे वीडियो के बारे में कीवर्ड से सर्च किया तो इंस्टा यूजर unfit_yuvraj की पोस्ट मिली। इसमें भी जलती हुई कार और आग बुझाते हुए लोगों का वीडियो शेयर किया गया है। वीडियो पर लिखा है, देहरादून में कार में धमाका। हालांकि, कैप्शन में लिखा है, “मैं लोकेशन पर बहुत देर से पहुंचा, और जब मैंने किसी से पूछा कि क्या हुआ, तो उन्होंने बताया कि कार में धमाका हुआ है और इससे गलतफहमी हुई। इसीलिए मैंने वीडियो में कहा था कि कार में धमाका हुआ है। इसलिए मुझे माफ करना-कार में असल में किसी तकनीकी खराबी की वजह से आग लग गई। इसलिए चिंता न करें, देहरादून सुरक्षित है, और एक बार फिर मुझे माफ करना।

दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 13 नवंबर को छपी खबर के अनुसार, देहरादून में निरंजनपुर सब्जी मंडी से आगे पेट्रोल पंप के सामने कार में अचानक आग लग गई। इसके बाद चालक कार से कूद गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया।

पंजाब केसरी उत्तराखंड के यूट्यूब चैनल पर इस हादसे से संबंधित वीडियो न्यूज को देखा जा सकता है। इसके मुताबिक, यह हादसा देहरादून के माजरा चमन विहार के पास हुआ था। चलती कार में अचानक आग लगने के बाद ड्राइवर गाड़ी से कूद गया था।

इस बारे में देहरादून के एसपी सिटी प्रमोद कुमार का कहना है कि यहां कार में आग लगी थी। ब्लास्ट जैसी कोई घटना नहीं हुई है।

हमने उत्तराखंड दैनिक जागरण के राज्य ब्यूरो के रिपोर्टर अश्वनी त्रिपाठी से भी संपर्क कर उनको वायरल वीडियो भेजा। उन्होंने इसे देहरादून में हुए हादसे का बताया।

निष्कर्ष: हरियाणा के बरवाला और देहरादून में हुए हादसों के वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

  • Claim Review : दिल्ली धमाके के बाद बरवाला में कार में बम ब्लास्ट हो गया है।
  • Claimed By : FB User- Jk Haryana News
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later