Fact Check: वक्फ संशोधन बिल पास होने से पहले उत्तराखंड में हुई थी अवैध मदरसे पर कार्रवाई, वीडियो यूपी का बताकर वायरल
उत्तराखंड की भगवानपुर तहसील में मार्च में अवैध मदरसे पर कार्रवाई हुई थी। उस वीडियो को यूपी का बताकर और वक्फ संशोधन बिल से जोड़कर गलत दावा किया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Apr 9, 2025 at 03:01 PM
- Updated: Apr 9, 2025 at 05:20 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। वक्फ (संशोधन) कानून 2025 को केंद्र सरकार ने लागू कर दिया है। वहीं, सुप्रीम कोर्ट में इसको चुनौती दी गई है। इस एक्ट से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की जा रही है। इसमें अपलोड किए गए वीडियो में पुलिस को एक मदरसे पर कार्रवाई करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि वक्फ बिल पास होने के बाद उत्तर प्रदेश में मदरसे पर कार्रवाई हुई है।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि यह वीडियो उत्तराखंड के भगवानपुर तहसील का है और वक्फ बिल के दोनों सदन में पास होने से पहले का है। इस वीडियो को यूपी का बताकर गलत दावा किया जा रहा है।
वायरल पोस्ट
फेसबुक यूजर MD Rehan Ali Aimim ने 7 अप्रैल को इस वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा है,
“Waqf बिल पास होने के बाद रुझान आने शुरू
यूपी में मदरसा करवाई शुरू हो चुकी है जिन लोगों को लग रहा था के Waqf बिल से कुछ नहीं होगा उनके लिए यह वीडियो सबक है“

पड़ताल
वायरल वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च करने पर हमें फेसबुक यूजर Shahzad Alam की पोस्ट मिली। 23 मार्च को की गई इस पोस्ट में वायरल वीडियो को देखा जा सकता है। इसके अनुसार, उत्तराखंड की तहसील भगवानपुर में मदरसे पर कार्रवाई की गई है।

फेसबुक यूजर Uttarakhand Time TV पर भी इस वायरल वीडियो को 22 मार्च को अपलोड कर भगवानपुर तहसील प्रशासन की कार्रवाई का बताया।

22 मार्च को ‘Bhagwanpur express news भगवानपुर एक्सप्रेस न्यूज’ यूट्यूब चैनल पर इससे संबंधित खबर को देखा जा सकता है। इसमें बताया गया है, “उत्तराखंड में धामी सरकार अवैध मदरसों पर कार्रवाई कर रही है। भगवानपुर तहसील में भी बिना पंजीकरण के चल रहे मदरसों को सील किया गया है। इसमें एसडीएम भगवानपुर कह रहे हैं कि अपंजीकृत मदरसों की जांच चल रही है। ऐसे मदरसों को सील कर उसमें पढ़ रहे बच्चों को पास के स्कूलों में शिफ्ट करने का काम हो रहा है।”
डीडी न्यूज उत्तराखंड के यूट्यूब चैनल पर भी राज्य में अवैध मदरसों पर चल रही कार्रवाई से संबंधित वीडियो न्यूज को अपलोड किया गया है। इसे 26 मार्च को पोस्ट किया गया है।
दैनिक जागरण के रुड़की एडिशन में 23 मार्च को छपी खबर में भी इस कार्रवाई के बारे में पढ़ा जा सकता है।

इस बारे में देहरादून दैनिक जागरण के संपादकीय प्रभारी देवेंद्र सती का कहना है कि वायरल वीडियो उत्तराखंड का है। राज्य में अवैध मदरसों पर कार्रवाई की जा रही है।
8 अप्रैल को अमर उजाला की वेबसाइट पर छपी खबर के अनुसार, वक्फ संशोधन अधिनियम 8 अप्रैल से देशभर में लागू हो गया है। लोकसभा में 3 अप्रैल और राज्यसभा में 4 अप्रैल को इस बिल को मंजूरी मिली। 5 अप्रैल को राष्ट्रपति ने इस बिल को स्वीकृति प्रदान की थी। वक्फ कानून के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई हैं।

इससे साबित होता है कि उत्तराखंड की भगवानपुर तहसील में अवैध मदरसे पर कार्रवाई का यह वीडियो दोनों सदन में वक्फ बिल के पास होने से पहले का है।
वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। सहारनपुर के रहने वाले यूजर एक विचारधारा से प्रभावित हैं।
निष्कर्ष: उत्तराखंड की भगवानपुर तहसील में मार्च में अवैध मदरसे पर कार्रवाई हुई थी। उस वीडियो को यूपी का बताकर और वक्फ संशोधन बिल से जोड़कर गलत दावा किया जा रहा है।
- Claim Review : वक्फ बिल पास होने के बाद उत्तर प्रदेश में मदरसे पर कार्रवाई हुई है।
- Claimed By : FB User- MD Rehan Ali Aimim
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












