X
X

Fact Check: आजादी की लड़ाई में नेहरू के शामिल न होने का दावा फेक, वायरल वीडियो क्लिप ए़डिटेड है

आजादी की लड़ाई में भाग न लेने के दावे के साथ वायरल हो रहा नेहरू के इंटरव्यू का क्लिप एडिटेड और ऑल्टर्ड है। इंटरव्यू के दौरान नेहरू ने जिन्ना का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी आजादी की लड़ाई में कोई भूमिका नहीं थी, बल्कि उन्होंने इसका विरोध किया था। हालांकि, वायरल क्लिप में जिन्ना शब्द की जगह आई यानी मैं को जोड़ दिया गया है, जिससे यह प्रतीत हो रहा है कि नेहरू ने ऐसा अपने लिए कहा था।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया यूजर्स देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू का एक वीडियो क्लिप शेयर कर रहे हैं, जिसे लेकर दावा किया जा रहा है कि यह नेहरू का बेहद ‘दुर्लभ’ इंटरव्यू क्लिप है, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर इस बात को स्वीकार किया कि “वे आजादी की लड़ाई में बिल्कुल  शामिल नहीं थे और उन्होंने इसका विरोध किया था।”

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को फेक पाया और इसके साथ वायरल हो रहा वीडियो ऑल्टर्ड है। वास्तव में जब नेहरू से उनकी, गांधी और जिन्ना की भूमिका को लेकर सवाल पूछा जाता है तो वह कहते हैं कि जिन्ना कहीं से भी आजादी की लड़ाई में शामिल नहीं थे, बल्कि उन्होंने इसका विरोध किया था। हालांकि, वायरल वीडियो में जिन्ना शब्द की जगह एडिट कर ‘आई’ यानी ‘मैं’ जोड़ दिया गया है, जिससे यह लग रहा है कि नेहरू ने अपने लिए यह बात कही थी।

क्या है वायरल?

विश्‍वास न्‍यूज के टिपलाइन नंबर +91 9599299372 पर यूजर्स ने इस वीडियो को समान दावे के साथ शेयर किया है।

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो क्लिप को समान संदर्भ में शेयर किया है।

पड़ताल

सोशल मीडिया पर यह वीडियो क्लिप पहले भी वायरल हो चुका है, जिसे विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में फेक पाया था। फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां देखा और पढ़ा जा सकता है।

वायरल वीडियो क्लिप में नेहरू को कथित तौर पर यह कहते हुए सुना जा सकता है, “….मैं कहीं से भी आजादी की लड़ाई में शामिल नहीं था। वास्तव में उन्होंने इसका विरोध किया था। मुस्लिम लीग की शुरुआत कोई 1911 में की गई थी…इसकी शुरुआत अंग्रेजों ने की और उन्होंने इसे प्रोत्साहित किया, ताकि हमारे बीच गुटबाजी को बढ़ावा दिया जा सके…..और वे सफल भी हुए कुछ हद तक….और आखिरकार बंटवारा हुआ।” इसके बाद इंटरव्यू ले रहे पत्रकार पूछते हैं, “….क्या आप और गांधी इसके पक्ष में थे?”, जिसका जवाब देते हुए नेहरू कहते हैं, “गांधी शुरू से लेकर अंत तक इसके पक्ष में नहीं थे। जब यह बात सामने आई तो भी वह पक्ष में नहीं थे। मैं भी इसके पक्ष में नहीं था, लेकिन अंतत: मैंने अन्य की तरह फैसला लिया कि इस निरंतर चलने वाली परेशानी की जगह बंटवारा बेहतर विकल्प है।”

इस वायरल क्लिप को सुनकर यह स्पष्ट हो जाता है कि नेहरू का यह वीडियो एडिटेड हैं, क्योंकि शुरुआत में ‘मैं’ का जिक्र करते हुए वह कहते हैं “उन्होंने इसका विरोध किया”। यानी नेहरू किसी अन्य संदर्भ में इसका जिक्र कर रहे थे।

वायरल वीडियो क्लिप के की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें ऑरिजिनल वीडियो इंटरव्यू ‘Prasar Bharati Archives’ के यू-ट्यूब चैनल पर मिला, जो मई 1964 में रिकॉर्ड किया गया इंटरव्यू है।

नेहरू का यह इंटरव्यू अमेरिकी टीवी पत्रकार आर्नल्ड माइक ने लिया था। इस इंटरव्यू को 14.30/45.31 के फ्रेम से सुनने पर पूरा संदर्भ स्पष्ट हो जाता है। माइक पूछते हैं, “….आप, गांधी और मिस्टर जिन्ना सभी ब्रिटिश राज से आजादी और विभाजन के पहले से स्वतंत्रता संघर्ष में शामिल थे…”, जिसका जवाब देते हुए नेहरू करते हैं, ” जिन्ना आजादी की लड़ाई में शामिल नहीं थे। कहीं से भी नहीं…वास्तव में उन्होंने इसका विरोध किया था। मुस्लिम लीग की शुरुआत कोई 1911 में हुई थी…इसकी शुरुआत अंग्रेजों  ने की और उन्होंने इसे प्रोत्साहित किया, ताकि हमारे बीच गुटबाजी को बढ़ावा दिया जा सके…..और वे सफल भी हुए कुछ हद तक….और आखिरकार बंटवारा हुआ।”

इसके बाद इंटरव्यू ले रहे पत्रकार पूछते हैं, “….क्या आप और गांधी इसके पक्ष में थे?”, जिसका जवाब देते हुए नेहरू कहते हैं, “गांधी शुरू से लेकर अंत तक इसके पक्ष में नहीं थे। जब यह बात सामने आई, तो भी वह पक्ष में नहीं थे। मैं भी इसके पक्ष में नहीं था, लेकिन अंतत: मैंने अन्य की तरह फैसला लिया कि इस निरंतर चलने वाली परेशानी की जगह बंटवारा बेहतर विकल्प है।”

हमारी जांच से स्पष्ट है कि आजादी की लड़ाई में भाग न लेने वाली बात नेहरू ने जिन्ना के संदर्भ में कही थी, लेकिन वायरल वीडियो क्लिप में जिन्ना शब्द की जगह आई यानी मैं को जोड़ दिया गया है, जिससे यह प्रतीत हो रहा है कि नेहरू ने ऐसा अपने लिए कहा था।

वायरल वीडियो क्लिप को लेकर हमने कांग्रेस को करीब से देखने वाले वरिष्ठ पत्रकार (सोनिया, ए बायोग्राफी और 24 अकबर रोड के लेखक) रशीद किदवई से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया,  “नेहरू जिन्ना की भूमिका को लेकर बात कर रहे थे। वे और गांधी दोनों ही बंटवारे के विरोध में थे।”

निष्कर्ष: आजादी की लड़ाई में भाग न लेने के दावे के साथ वायरल हो रहा नेहरू के इंटरव्यू का क्लिप एडिटेड और ऑल्टर्ड है। इंटरव्यू के दौरान नेहरू ने जिन्ना का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी आजादी की लड़ाई में कोई भूमिका नहीं थी, बल्कि उन्होंने इसका विरोध किया था। हालांकि, वायरल क्लिप में जिन्ना शब्द की जगह आई यानी मैं को जोड़ दिया गया है, जिससे यह प्रतीत हो रहा है कि नेहरू ने ऐसा अपने लिए कहा था।

  • Claim Review : नेहरू ने कहा कि वे आजादी की लड़ाई में शामिल नहीं थे।
  • Claimed By : Tipline User
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later