Fact Check: हरिद्वार में नजर आए ‘शेल्फ क्लाउड’ का यह वीडियो हालिया नहीं
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि हरिद्वार में ‘शेल्फ क्लाउड’ का वायरल हो रहा वीडियो हालिया नहीं, बल्कि जुलाई 2023 का है। सोशल मीडिया पर पुराने वीडियो को 18 दिसंबर 2025 की घटना बताकर भ्रामक दावे के साथ साझा किया जा रहा है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Dec 22, 2025 at 01:55 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो क्लिप वायरल हो रही है। सड़क से बनाए गए इस वीडियो में एक खतरनाक फॉर्मेशन में विशाल बादल की अद्भुत संरचना नजर आ रही है और उसके आगे कुछ भी नजर नहीं आ रहा। वायरल पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि ये शेल्फ क्लाउड 18 दिसंबर 2025 को हरिद्वार के ऊपर नजर आया।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि यह वीडियो जुलाई 2023 का है, जब हरिद्वार के पास यह नजारा देखने को मिला था। उस समय के वीडियो को अब हालिया बताकर भ्रम फैलाया जा रहा है। वीडियो पुराना है।
क्या है वायरल पोस्ट
इंस्टाग्राम यूजर suraj_y1407 (Archive) ने 18 दिसंबर 2025 को इस वीडियो को शेयर किया है और लिखा है,”ये हरिद्वार रोड का वीडियो है अभी अभी का 18/12/2025 . सच में दुनिया ख़त्म होने वाली है।”

पड़ताल
वायरल पोस्ट की जांच के लिए हमने इस वीडियो के स्क्रीनशॉट्स को गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। हमें यह वीडियो बिज़नेस स्टैंडर्ड के यूट्यूब चैनल पर 12 जुलाई 2023 को अपलोड मिला। इस वीडियो खबर में बताया गया था कि यह शेल्फ क्लाउड हरिद्वार के पास 11 जुलाई 2025 को नजर आया था।
संबंधित कीवर्ड से सर्च करने पर हमें हरिद्वार के ऊपर दिखे इस आकर्षक क्लाउड फॉर्मेशन को लेकर जुलाई 2023 की कई खबरें मिलीं। एबीपी लाइव की 11 जुलाई 2025 की खबर में भी इस वीडियो को अपलोड किया गया था और बताया गया था कि यह नजारा हरिद्वार में नजर आया है।
एनडीटीवी की 16 जुलाई 2023 की खबर में भी वायरल वीडियो को हरिद्वार का बताया गया था।

कीवर्ड्स से ढूंढ़ने पर हमें हाल में हरिद्वार के आस-पास इस तरह के क्लाउड फॉर्मेशन की कोई खबर नहीं मिली।
पुष्टि के लिए हमने दैनिक जागरण के उत्तराखंड डिजिटल हेड सुनील नेगी से भी बात की। उन्होंने भी कन्फर्म किया कि वीडियो जुलाई 2023 का है।
क्या होता है ‘शेल्फ क्लाउड’
शेल्फ क्लाउड, जिसे वैज्ञानिक भाषा में आर्कस क्लाउड (Arcus Cloud) भी कहा जाता है, बादलों का एक ऐसा अद्भुत और डरावना दिखने वाला स्वरूप है, जो आमतौर पर किसी भारी तूफान या थंडरस्टॉर्म से पहले दिखाई देता है।
अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को स्कैन किया। यूजर सूरज यादव के इंस्टाग्राम पर लगभग 4 हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि हरिद्वार में ‘शेल्फ क्लाउड’ का वायरल हो रहा वीडियो हालिया नहीं, बल्कि जुलाई 2023 का है। सोशल मीडिया पर पुराने वीडियो को 18 दिसंबर 2025 की घटना बताकर भ्रामक दावे के साथ साझा किया जा रहा है।
- Claim Review : हरिद्वार में नजर आए 'शेल्फ क्लाउड' का हालिया वीडियो
- Claimed By : Instagram user suraj_y1407
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












