X
X

Fact Check : योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते मौलाना तौकीर का यह वीडियो गिरफ्तारी के बाद का नहीं, तीन साल पुराना है

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि मौलाना तौकीर का योगी आदित्यनाथ की तारीफ करता हुए यह वीडियो पुराना है। 2022 के इस वीडियो को इस वीडियो को फर्जी दावे के साथ उनकी गिरफ़्तारी के बाद वायरल किया जा रहा है।

  • By: Umam Noor
  • Published: Sep 30, 2025 at 02:25 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बरेली हिंसा के बाद इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसी बीच सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में मौलाना तौकीर को योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए सुना जा सकता है।

वीडियो में मौलाना तौकीर कहते हुए सुने जा सकते हैं, “मेरे योगी आदित्यनाथ से मदभेद अपनी जगह हैं, लेकिन अच्छा काम उन्होंने किया है, तो में उनकी तारीफ करूँगा।” इसी वीडियो को शेयर करते हुए यूजर दावा कर रहे हैं कि हालिया रोज हुई गिरफ़्तारी के बाद का मौलाना तौकीर रजा का यह वीडियो है, जिसमें उन्होंने योगी सरकार की प्रशंसा की।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि मौलाना तौकीर रजा का योगी आदित्यनाथ की तारीफ करता हुए यह वीडियो पुराना है। 2022 के इस वीडियो को उनकी गिरफ़्तारी के बाद का बताकर वायरल किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट में?

फेसबुक यूजर ने वायरल पोस्ट (आर्काइव) को शेयर करते हुए लिखा, “ये वही बरेली का मौलाना है जिसने योगी जी को चैलेंज किया था और हजारों मुस्लिम युवकों के हाथ पैर तुड़वा दिया अब ये योगी जी की तारीफ कर रहा है … डंडे का असर इतना जल्दी होता है UP पुलिस का लट्ठ बजते ही बदले तौकीर रजा के जज़्बात जाते जाते एक शेयर सुनते जाइए बड़े उल्फत भरे अल्फ़ाज़ हैं। लगा इश्क तो दिल धतूरा हुआ और @#$ तो इश्क पूरा हुआ।”

वीडियो को समान दावे के साथ कई एक्स यूजर भी शेयर कर रहे हैं।

पड़ताल

अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने वायरल वीडियो को गौर से देखा। वीडियो में मौलाना तौकीर यह कहते हुए नजर आये, “नरेंद मोदी को योगी सरकार से प्रेरणा लेनी चाहिए कि राजधर्म कैसे निभाया जाता है। सबका साथ -सबका विकास की बात नरेंद्र मोदी करते हैं, लेकिन प्रदेश की जो बेहतरी का काम कर रहा है में उसकी तारीफ करूंगा, यह और बात है कि मेरे योगी आदित्यनाथ ये इख्तलाफात (मतभेद ) हैं वह अपनी जगह हैं, लेकिन अच्छा काम उन्होंने किया है, तो में उनकी तारीफ करूँगा।”

इसी बुनियाद पर हमने अपनी पड़ताल को शुरू किया और गूगल लेंस के जरिए वायरल वीडियो के की- फ्रेम्स को निकालते हुए सर्च किया। सर्च करने पर हमें यह वीडियो ‘कनक न्यूज’ के वेरिफाइड यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया हुआ मिला। 20 जून 2022 को अपलोड हुए वीडियो में मौलाना तौकीर को ‘अग्निवीर ‘ स्कीम और नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी पर पर बात करते हुए सुना जा सकता है। वहीं, इस वीडियो में वायरल वीडियो को 7 मिनट 34 सेकंड से लेकर 7 मिनट 58 सेकंड के फ्रेम में देखा जा सकता है।

इस मामले से जुड़ी खबर हमें टाइम्स नाउ की वेबसाइट पर भी मिली। 20 जून 2022 की खबर के अनुसार, बरेली शरीफ़ में इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल के मौलाना तौकीर रजा खान ने नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मुसलमानों की बात नहीं सुन रही और चेतावनी दी कि वे मुद्दा संयुक्त राष्ट्र तक ले जाएंगे। मौलाना ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ‘राज धर्म’ का पालन करने और अयोध्या में मुस्लिम विरोधी कार्रवाई पर कार्रवाई की प्रशंसा की। वहीं, उन्होंने केंद्र की अग्निवीर योजना का विरोध किया और युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने का आरोप लगाया। नूपुर शर्मा के बयान के बाद यूपी समेत कई राज्यों में हिंसक विरोध प्रदर्शन हुए, जिनमें सैकड़ों गिरफ्तारियां हुईं।

इसी मामले पर ईटीवी भारत की19 जून 2022 की खबर में बताया गया, “उत्तर प्रदेश के बरेली में इस्लामिया ग्राउंड में इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (IMC) प्रमुख मौलाना तौकीर रजा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोला है। मौलाना तौक़ीर रजा ने योगी सरकार की तारीफ़ की है। उन्होंने कहा कि हमें नरेंद्र मोदी से भी ज्यादा योगी राज नापसंद है, लेकिन योगी राजधर्म का पालन कर रहे हैं। योगी ने अयोध्या में मुसलमानों को बदनाम करने वालों को जेल भेजा। योगी सरकार के इस कदम की हम तारीफ करते हैं। अमन के हर काम में हम आपके साथ हैं और रहेंगे।”

टाइम्स ऑफ़ इंडिया की 28 सितंबर की खबर में बताया, बरेली पुलिस ने शुक्रवार को हुए ‘आई लव मुहम्मद’ प्रदर्शन के दौरान पत्थरबाज़ी और हिंसा में शामिल 15 लोगों को रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि आरोपियों से ईंट-पत्थर, खाली कारतूस और एक पिस्तौल बरामद हुई है।

दैनिक जागरण की 27 सितम्बर की खबर के अनुसार, “बरेली में हालिया विवाद के बाद इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा फिर से सुर्खियों में हैं। तौकीर रजा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और शहर की इंटरनेट सेवाएं बंद हैं।”

28 सितंबर की इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक, बरेली में हिंसा के एक दिन बाद पुलिस ने इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल प्रमुख मौलाना तौक़ीर रज़ा ख़ान और सात अन्य को गिरफ्तार कर लिया। स्थानीय अदालत ने सभी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है। पुलिस के अनुसार, हिंसा की योजना पिछले सात दिनों से बनाई जा रही थी।

वायरल वीडियो से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने हमारे साथी दैनिक जागरण में बरेली के संपादकीय प्रभारी आशुतोष सिंह से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह वीडियो पुराना है, हालिया नहीं।

अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर मिश्रा सूर्यभान को 11 हजार लोग फॉलो करते हैं। वहीं, यूजर प्रोफाइल से ज्यादातर विचारधारा विशेष से जुड़ी पोस्ट शेयर की जाती हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि मौलाना तौकीर का योगी आदित्यनाथ की तारीफ करता हुए यह वीडियो पुराना है। 2022 के इस वीडियो को इस वीडियो को फर्जी दावे के साथ उनकी गिरफ़्तारी के बाद वायरल किया जा रहा है।

  • Claim Review : गिरफ़्तारी के बाद का मौलाना तौकीर रजा ने योगी सरकार की प्रशंसा की।
  • Claimed By : FB User- मिश्रा सूर्यभान
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later