X
X

Fact Check: टीवी शो में उड़ते नारियल में जानबूझ कर दिखाया गया था बंधे हुए धागे को, अंधविश्‍वास के खिलाफ था यह शो

विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि  वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। यह वीडियो न्यूज़ नेशन के शो ‘ऑपरेशन पाखंड’ का हिस्सा है, जो झूठे चमत्कारों की पोल खोलने के लिए बनाया गया था। दरअसल, यहां जानबूझकर धागा दिखाया गया है, ताकि लोग समझ सकें कि कैसे ऐसे ट्रिक्स से भ्रम फैलाया जा सकता है।

  • By: Umam Noor
  • Published: Mar 28, 2025 at 03:43 PM
  • Updated: Mar 28, 2025 at 04:48 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति को नारियल को हवा में उड़ाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में नारियल से बंधा धागा भी साफ देख सकते हैं। यूजर्स वीडियो को शेयर करते हुए दावा कर रहे हैं कि लाइव न्यूज TV चैनल पर कुलदीप मिश्रा ने मंत्रों की शक्ति से हवा में नारियल उड़ाया, लेकिन कैमरों ने नारियल में बंधे धागे को भी कैद कर लिया।  

विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि  वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। यह वीडियो न्यूज़ नेशन के शो ‘ऑपरेशन पाखंड’ का हिस्सा है, जो झूठे चमत्कारों की पोल खोलने के लिए बनाया गया था। दरअसल, यहां जानबूझकर धागा दिखाया गया है, ताकि लोग समझ सकें कि कैसे ऐसे ट्रिक्स से भ्रम फैलाया जा सकता है।

क्या है वायरल पोस्ट में?

फेसबुक यूजर ‘आबिद मालिक’ ने 22 मार्च 2025 वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “कैमरों की ईजाद होने से चमत्कार होने बन्द हो गए है l ये कुलदीप मिश्रा हैं – लाइव न्यूज TV चैनल पर इन्होंने मंत्रों की शक्ति से हवा में नारियल उड़ा दिया l जो आखिर तक देखेगा उसे ही ये चमत्कार दिखेगा l समझे l”

पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल

अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने वीडियो के की फ्रेम्स निकाले और उन्हें गूगल लेंस के जरिये सर्च किया। सर्च किये जाने पर हमें यह वीडियो न्यूज़ नेशन के यूट्यूब चैनल पर 21 मार्च 2025 को अपलोड किया हुआ मिला। यहां वीडियो के बारे में बताया गया, यह ‘ऑपरेशन पाखंड’ शो है।

वहीं, सबसे पहले हमें इसमें एक डिस्क्लेमर मिला, जिसमें  लिखा है, “ऑपरेशन पाखंड’ न्यूज़ नेशन की अंधविश्वास के खिलाफ एक मुहिम है। न्यूज़ नेशन का मकसद किसी की भावना या आस्था को ठेस पहुंचाना नहीं है, बल्कि मकसद ये है कि चमत्कारिक शक्ति दिखाने वालों के प्रति आपको आगाह करें। न्यूज़ नेशन किसी भी तरह के अंधविश्वास को बढ़ावा नहीं देता है।”

कुल 43 मिनट 19 सेकंड के इस वीडियो में वायरल वीडियो वाले फ्रेम को 28 मिनट 48 सेकंड से लेकर 30 मिनट 5 सेकंड तक देखा जा सकता है। वहीं, पूरा वीडियो देखने पर हमने पाया कि इस शो में एंकर रोहित रंजन ‘कथित चमत्कारी बाबा’ दयानंद महाराज का इंटरव्यू करते हैं और इसी में बाबा’ नारियल उड़ाए जाने जैसा दावा करते हैं। इसी दावे को नकारते हुए मैजिशियन कुलदीप मिश्रा नारियल को धागे से बांधकर उड़ाते हुए देखे जा सकते हैं।

सर्च किये जाने पर हमें न्यूज नेशन के एक्स हैंडल पर 25 मार्च 2025 को इसी मामले से जुड़ी पोस्ट मिली। यहां पोस्ट में लिखा है, “सोशल मीडिया पर कुछ लोग न्यूज़ नेशन के शो ‘ऑपरेशन पाखंड’ की एक क्लिप को गलत संदर्भ में वायरल कर रहे हैं।  क्लिप में हवा में उड़ते नारियल को दिखाया गया है। हम आपको बता दें कि स्टूडियो में गेस्ट मैजिशियन कुलदीप मिश्रा ने अपने एक्ट के जरिए हवा में नारियल उड़ाकर ये दिखाने की कोशिश की है कि कैसे कुछ लोग इस तरह का चमत्कार करके भोले-भाले लोगों को बेवकूफ बनाते हैं। जिस धागे के जरिए नारियल हवा में उड़ाया गया, वो चैनल ने जानबूझकर दिखाया, ताकि लोग फर्जी बाबाओं की हकीकत को समझ सकें। बाद में मैजिशियन अमर ने इसी तरह नींबू को भी धागे की मदद से उड़ाकर दिखाया।”

वायरल वीडियो से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने न्यूज़ नेशन के डिजिटल हेड मनोज शर्मा से संपर्क साधा। उन्होंने हमें पुष्टि करते हुए बताया कि यह क्लिप ‘ऑपरेशन पाखंड’ के प्रोग्राम की है और इसमें जानबूझकर  नारियल के साथ धागा बाँधा गया था, ताकि अंधविश्वास को बढ़ावा ना दिया जा सके।

अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर ‘आबिद मालिक’ को आठ हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि  वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। यह वीडियो न्यूज़ नेशन के शो ‘ऑपरेशन पाखंड’ का हिस्सा है, जो झूठे चमत्कारों की पोल खोलने के लिए बनाया गया था। दरअसल, यहां जानबूझकर धागा दिखाया गया है, ताकि लोग समझ सकें कि कैसे ऐसे ट्रिक्स से भ्रम फैलाया जा सकता है।

  • Claim Review : लाइव न्यूज TV चैनल पर कुलदीप मिश्रा ने मंत्रों की शक्ति से हवा में नारियल उड़ाया, लेकिन  कैमरों ने नारियल में बंधे धागे को भी कैद कर लिया।
  • Claimed By : FB User- Abid Malik
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later