X
X

Fact Check : नेपाल के हिंदू राष्ट्र पर बात करती अभिनेत्री मनीषा कोइराला का पुराना वीडियो भ्रामक दावे के साथ वायरल 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि अभिनेत्री मनीषा कोइराला का हिंदू राष्ट्र को लेकर वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि साल 2022 का है। नेपाली चैनल योहो टेलीविजन को साल 2022 में इंटरव्यू देते हुए  अभिनेत्री मनीषा कोइराला ने यह बयान दिया था। 

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। कंगना रनोट ने हाल ही में हिमाचल में एक चुनावी रेली करते हुए भारत को हिंदू राष्ट्र बनाए जाने की मांग की थी। इसी बीच अभिनेत्री मनीषा कोइराला का भी एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वो नेपाल को  धर्मनिरपेक्ष देश बनाए जाने का विरोध करती हुई और हिंदू राष्ट्र को फिर से बनाए जाने का समर्थन करती हुई कह रही हैं कि कम्युनिस्ट सरकार ने नेपाल को नष्ट कर दिया है। वीडियो को हाल का बताते हुए शेयर किया जा रहा है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह वीडियो साल 2022 में नेपाली चैनल योहो टेलीविजन को दिए एक इंटरव्यू का हिस्सा है, लेकिन अब भारतीय यूजर इसे लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान शेयर कर रहे हैं।

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर राकेश सिंह भारतीय ने वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “मनीषा कोइराला हिंदू राष्ट्र का समर्थन कर रही हैं और बता रही हैं कि कैसे वामपंथी/कम्युनिस्ट और कांग्रेसी लोकतंत्र/सरकारें नेपाल को नष्ट कर रही हैं।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। इस दौरान हमें वीडियो का लंबा वर्जन गेश बाबू नामक एक एक फेसबुक अकाउंट पर मिला। वीडियो को 17 नवंबर 2022 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, मनीषा ने योहो टेलीविजन को इंटरव्यू देते हुए यह बयान दिया था।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने योहो टेलीविजन के बारे में सर्च करना शुरू किया। हमें योहो टेलीविजन का आधिकारिक यूट्यूब चैनल मिला। योहो टेलीविजन नेपाल का चैनल है और हमें यूट्यूब चैनल पर मनीषा कोइराला का इंटरव्यू (आर्काइव लिंक) भी मिला। वीडियो को 16 नवंबर 2022 को अपलोड किया गया था। वीडियो में 20.40 मिनट पर वायरल वीडियो वाले बयान को देखा जा सकता है। 

पड़ताल के दौरान हमने पाया कि यह पहली बार नहीं है, जब मनीषा ने नेपाल के हिंदू राष्ट्र से (आर्काइव लिंक) हटाए जाने पर बात की हो। हमें जांच में कई ऐसी न्यूज रिपोर्ट्स मिली, जिनके मुताबिक अभिनेत्री मनीषा कोइराला अक्सर नेपाल के हिंदू राष्ट्र से हटाए जाने का विरोध करते हुए नजर आई हैं। उन्होंने कई बार अपने विचार व्यक्त करते हुए नेपाल के सेक्युलर राष्ट्र होने का विरोध किया है। 

अधिक जानकारी के लिए हमने नेपाल के पत्रकार अनुज अरोड़ा से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो करीब दो साल पुराना है। 

अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एक विचारधारा से प्रभावित पोस्ट को शेयर करता है। यूजर को 1.6 हजार लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष : विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि अभिनेत्री मनीषा कोइराला का हिंदू राष्ट्र को लेकर वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि साल 2022 का है। नेपाली चैनल योहो टेलीविजन को साल 2022 में इंटरव्यू देते हुए  अभिनेत्री मनीषा कोइराला ने यह बयान दिया था। 

  • Claim Review : मनीषा कोइराला ने हिंदू राष्ट्र का समर्थन किया।
  • Claimed By : FB User राकेश सिंह
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later