X
X

Fact Check: जयपुर में जर्मन महिला और पड़ोसियों में विवाद का वायरल वीडियो तीन साल पुराना है, हाल का नहीं

जयपुर में जून 2022 में कुत्ते को लेकर इंडो-जर्मन दंपती और पड़ोसियों में विवाद हुआ था। उस घटना के वीडियो को अब वायरल किया जा रहा है।

German Woman Viral Video, Jaipur German Woman Video, Jaipur viral video, Jaipur News

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। राजस्थान के जयपुर का बताकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक विदेशी महिला कहते हुए दिख रही है कि उसके घर में कई लोग घुस आए हैं और उसको धमका रहे हैं। वीडियो को शेयर कर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि जयपुर में जर्मन महिला के घर पर पड़ोसियों ने हमला कर दिया।

विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि जयपुर में इंडो-जर्मन दंपती और पड़ोसियों में कुत्ते की गंदगी को लेकर जून 2022 में विवाद हुआ था। उस घटना के वीडियो को हालिया बताकर शेयर किया जा रहा है।

वायरल पोस्ट

फेसबुक यूजर 24 Tv Network Rajasthan ने 6 अक्टूबर को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “जयपुर में एक जर्मन महिला ने भारतीय पड़ोसियों से पंगा ले लिया. सब पड़ोसिनें इकट्ठा होकर आ गई तो जर्मन घर में छुपकर वीडियो बनाने लगी, भारतीय पड़ोसिनें गालियों के साथ जमकर धमका रही थी, यह वीडियो जर्मन महिला ने बनाया है.“

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया। राजस्थान तक के यूट्यूब चैनल पर 6 अक्टूबर को अपलोड वीडियो न्यूज में वायरल वीडियो क्लिप को देखा जा सकता है। इसके अनुसार, जयपुर के जगतपुरा इलाके में जर्मनी की महिला पर पड़ोसियों द्वारा कथित हमले का वीडियो वायरल हो रहा है। महिला का नाम जूलिया है और उनके भारतीय पति का नाम उत्तम शर्मा है। सोसाइटी के लोगों का आरोप था कि जूलिया और उत्तम अपने कुत्ते की गंदगी को साफ नहीं करते हैं। वहीं, दंपती का कहना है कि वे हमेशा सफाई रखते हैं, लेकिन पड़ोसी लगातार गालियां और धमकियां देते रहते हैं। इस वजह से दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। यह घटना साल 2022 की बताई जा रही है।

4 जुलाई 2022 को यूट्यूब चैनल HowIndie पर अपलोड वीडियो रिपोर्ट में वायरल क्लिप के कीफ्रेम भी प्रयोग किए गए हैं। इसमें दी गई जानकारी के मुताबिक, इंडो-जर्मन दंपती और पड़ोसियों के बीच पालतू कुत्ते को लेकर विवाद हुआ था।

न्यूज 18 की वेबसाइट पर 3 जुलाई 2022 को छपी खबर के अनुसार, जयपुर में इंडो-जर्मन दंपती के साथ डॉगी घुमाने की बात को लेकर लोगों पर मारपीट करने और हमले का आरोप लगा है। आरोप यह भी है कि पुलिस ने दबाव में उल्टे पीड़ित को ही शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।

टाइम्स ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर भी इस संबंध में 28 जून 2022 को खबर छपी है।

इस बारे में हमने जयपुर में स्वतंत्र पत्रकार संतोष कुमार पांडेय से संपर्क किया। उन्होंने भी इस वीडियो को 2022 का बताया।

पुराना वीडियो शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के करीब 88 हजार फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: जयपुर में जून 2022 में कुत्ते को लेकर इंडो-जर्मन दंपती और पड़ोसियों में विवाद हुआ था। उस घटना के वीडियो को अब वायरल किया जा रहा है।

  • Claim Review : जयपुर में जर्मन महिला के घर पर पड़ोसियों ने हमला कर दिया।
  • Claimed By : FB User- 24 Tv Network Rajasthan
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later