Fact Check: वीडियो में जिस महिला की पिटाई हो रही है वह ज्योति मल्होत्रा नहीं है
विश्वास न्यूज की अपनी जांच में पाया कि पेशी के दौरान ज्योति मल्होत्रा पर कोई हमला नहीं हुआ था। असल में यह वीडियो बांग्लादेश का है। फरवरी 2025 में लोगों ने शेख मुजीबुर्रहमान का घर तोड़ दिया था। उस समय इस तोड़फोड़ का विरोध करने वाली एक महिला को लोगों ने पीटा था और यह वीडियो वहीं का है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: May 23, 2025 at 05:40 PM
- Updated: May 26, 2025 at 01:21 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के इल्जाम में गिरफ्तार हुई यू-ट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल है। इस क्लिप में कुछ लोगों को एक महिला की पिटाई करते देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि ये महिला ज्योति मल्होत्रा है और कोर्ट में पेशी के दौरान जनता ने उसकी पिटाई कर दी।
विश्वास न्यूज की जांच में वायरल दावा फर्जी निकला। असल में यह वीडियो बांग्लादेश का है। फरवरी 2025 में लोगों ने बांग्लादेश के पहले राष्ट्रपति शेख मुजीबुर्रहमान का घर तोड़ दिया था। उस समय इस तोड़फोड़ का विरोध करने वाली एक महिला को लोगों ने पीटा था और यह वीडियो वहीं का है।
इस फैक्ट-चेक रिपोर्ट को पॉडकास्ट में भी सुना जा सकता है।
वायरल पोस्ट
फेसबुक यूजर Kashi Nath ने 22 मई को वायरल रील को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा “यू-ट्यूबर ज्योति मल्होत्रा देश की गद्दार को लोगों ने पेशी पर तबीयत से कूटा।”

पड़ताल
वायरल पोस्ट की जांच करने के लिए हमने सबसे पहले की-वर्ड्स से ढूंढा कि क्या ज्योति मल्होत्रा के साथ ऐसी कोई मारपीट की घटना हुई है? हमें कहीं भी ऐसी कोई खबर नहीं मिली। ज्योति, गिरफ्तारी के बाद से सुर्खियों में बनी हुई हैं। ऐसे में अगर ऐसी कोई घटना हुई होती तो वह जरूर खबरों में होती।
खबरों के अनुसार, ज्योति मल्होत्रा को 22 मई 2025 को हिसार के कोर्ट में पेश किया गया था, जहां उसकी पुलिस रिमांड 4 दिन और बढ़ा दी गयी थी। हमें इस मामले में दैनिक जागरण की एक खबर मिली जिसमें लगी तस्वीर में ज्योति को कोर्ट से बाहर आते देखा जा सकता है। यहां देखा जा सकता है कि उसने हलके नीले रंग की शर्ट पहनी है और काली पैंट, जबकि वायरल वीडियो में महिला ने पर्पल रंग के कपड़े पहना है।

इसके बाद, हमने दैनिक जागरण के लिए इस खबर को कवर करने वाले रिपोर्टर सुरेश सहारण से बात की। उन्होंने बताया, “कोर्ट हियरिंग के समय मैं वहीं कोर्ट परिसर में था। वहां ज्योति की सिक्योरिटी काफी चाक-चौबंद थी और पुलिस घेराबंदी में उसे लाया गया और वापस ले जाया गया। वहां ऐसी कोई घटना नहीं हुई थी।”
सुरेश सराहण ने हमारे साथ वह तस्वीर भी शेयर की जो उन्होंने वहां ली थी, जिसे खबर में भी इस्तेमाल किया गया है। फोटो में साफ देखा जा सकता है कि ज्योति ने हलके नीले रंग की शर्ट और काली पैंट पहनी है ।

अब ये तो साफ था कि ज्योति मल्होत्रा के साथ ऐसी कोई घटना नहीं हुई है, मगर हमें जानना था कि वीडियो कहां का है। वीडियो के की-फ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च करने पर हमें बांग्लादेशी न्यूज चैनल Protidiner Bangladesh के यू-ट्यूब चैनल पर इस वीडियो का पूरा वर्जन 6 फरवरी 2025 को अपलोड मिला। खबर के मुताबिक, इस महिला को शेख हसीना की आवामी लीग पार्टी का समर्थक होने की वजह से पीटा गया था, जब महिला धानमंडी 32 तोड़ने का विरोध कर रही थी। यहां हुई महिला की पिटाई को लेकर हमें और भी कई खबरें मिलीं।
खबरों के अनुसार, बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के पिता शेख मुजीबुर्रहमान के ऐतिहासिक आवास धानमंडी 32 पर 5 फरवरी 2025 को आगजनी और तोड़फोड़ की गई थी।
फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर Kashi Nath के 5,000 से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की अपनी जांच में पाया कि पेशी के दौरान ज्योति मल्होत्रा पर कोई हमला नहीं हुआ था। असल में यह वीडियो बांग्लादेश का है। फरवरी 2025 में लोगों ने शेख मुजीबुर्रहमान का घर तोड़ दिया था। उस समय इस तोड़फोड़ का विरोध करने वाली एक महिला को लोगों ने पीटा था और यह वीडियो वहीं का है।
- Claim Review : वीडियो में जिस महिला की पिटाई हो रही है वह ज्योति मल्होत्रा है
- Claimed By : Facebook User Kashi Nath
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












