X
X

Fact Check: महाराष्ट्र में बेटी को बचाने के लिए मां के तेंदुए से लड़ने की घटना चार साल पुरानी है

महाराष्ट्र के चंद्रपुर में जुलाई 2021 में महिला अपनी बेटी को बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गई थी। उस घटना की तस्वीर को हालिया समझकर शेयर किया जा रहा है।

Maharashtra, Chandrapur News, Leopard News,

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले की बताकर एक घटना सोशल मीडिया पर शेयर की जा रही है। इसमें एक महिला व बच्चे की तस्वीर के साथ तेंदुए की फोटो को पोस्ट किया गया है। कुछ यूजर्स तस्वीरों को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में एक महिला अपने बेटे को बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गई। करीब 10 मिनट के संघर्ष के बाद मां ने बेटे को बचा लिया।

विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि यह घटना महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में जुलाई 2021 में हुई थी। उस समय महिला अपनी बेटी को बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गई थी। इस घटना का हाल-फिलहाल से कोई संबंध नहीं है।

वायरल पोस्ट

फेसबुक यूजर ‘Social विचार’ ने 25 मार्च को तस्वीरों को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए इस घटना को महाराष्ट्र के चंद्रपुर की बताया। साथ में लिखा है, “अपने बच्चे के लिए तेंदुए से भिड़ गई मां, 10 मिनट तक लड़कर बेटे को बचा ले आई बहादुर मां, बच्चे की मां का नाम सुरक्षा है। वह निहत्थे ही बेटे के लिए तेंदुआ से भिड़ गई। इस माँ को दिल से सलाम“।

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया। आजतक की वेबसाइट पर 18 जुलाई 2021 को इस बारे में खबर छपी है। इसमें वायरल तस्वीरों को भी देखा जा सकता है। खबर के अनुसार, महाराष्ट्र के चंद्रपुर में अर्चना मेश्राम अपनी पांच साल की बेटी को बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गई। तेंदुए ने बच्ची के सिर को जबड़े में फंसा लिया था, यह देखकर अर्चना ने डंडे से तेंदुए पर कई वार किए। इसके बाद तेंदुए ने बच्ची को छोड़कर महिला पर हमला कर दिया। अर्चना ने जब खुद को बचाया तो तेंदुआ फिर बच्ची पर झपट पड़ा। अर्चना ने डंडे से फिर उस पर कई वार किए, जिससे तेंदुआ बच्ची को छोड़कर वहां से भाग गया।

18 जुलाई 2021 को एनडीटीवी की वेबसाइट पर छपी खबर में भी इस घटना के बारे में पढ़ा जा सकता है।

अगस्त 2020 और मई 2022 में भी चंद्रपुर में बच्चों पर तेंदुए की हमलों की खबर आई थी। अगस्त 2020 में तेंदुए के हमले में पांच साल की बच्ची की मौत हो गई थी। वहीं, मई 2022 में तेंदुए घर के बाहर बैठी तीन साल की बच्ची को जबड़े में दबोचकर भागने लगा था, लेकिन उसकी बच्ची की मां ने संघर्ष कर उसे छुड़ा लिया था।

इस बारे में चंद्रपुर के स्थानीय पत्रकार राममिलन सोनकर का कहना है कि यह तस्वीर करीब चार साल पहले हुई घटना की है। घटना जुनोना गांव के पास हुई थी।

पुरानी घटना को हालिया समझ शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के 76 लाख फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: महाराष्ट्र के चंद्रपुर में जुलाई 2021 में महिला अपनी बेटी को बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गई थी। उस घटना की तस्वीर को हालिया समझकर शेयर किया जा रहा है।

  • Claim Review : महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में एक महिला अपने बेटे को बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गई।
  • Claimed By : FB User- Social विचार
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later