Fact Check: लिव-इन पार्टनर की हत्या में आरोपी का नाम वीरेंद्र कुमार, पोस्ट सांप्रदायिक दावे के साथ वायरल
पश्चिमी दिल्ली के छावला थाना क्षेत्र में वीरेंद्र कुमार ने अपनी लिव-इन पार्टनर राधा की हत्या कर दी थी। उसी से जुड़े एक न्यूज चैनल के ग्राफिक को सांप्रदायिक दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। हमारी जांच में यह भ्रामक साबित हुआ।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Dec 12, 2025 at 02:40 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक न्यूज चैनल के ग्राफिक प्लेट का इस्तेमाल करते हुए दावा किया जा रहा है कि दिल्ली में एक मुस्लिम शख्स अपनी हिंदू लिव-इन पार्टनर की हत्या करके लाश को कार से ले जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लियाा। इसे सच समझकर कई यूजर्स वायरल कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने विस्तार से इसकी जांच की। दावा भ्रामक साबित हुआ। दरअसल दिल्ली में कुछ दिनों पहले लिव-इन पार्टनर की हत्या का मामला सामने आया था, लेकिन हत्या में आरोपी मुस्लिम नहीं था। आरोपी का नाम वीरेंद्र सिंह है।
क्या हो रहा है वायरल
फेसबुक ग्रुप हिन्दू योद्धा को 2 दिसंबर को एक पोस्ट करते हुए लिखा गया, “फ्रिज, सूटकेस के बाद अब कार…अब्दुल तो अब्दुल है अपना काम पूरी शिद्दत से कर रहा है। My Abdul is different। अब्दुल ने फिर एक कांड कर दिया दिल्ली में अपनी लविंग पार्टनर में रहने वाली हिंदू लड़की को मारकर गाड़ी में उसकी लाश लेकर जा रहा जा रहा था ठिकाने लगाने के लिए….रास्ते में पुलिस चेकिंग में उसकी गाड़ी पकड़ गई और पता चला उसने अपने साथ रहने वाली हिंदू महिला को मार दिया है…अब कुछ लोग अब्दुल को दोषी बताएंगे, मुसलमानों को गलत बोलेंगे और इतिश्री कर लेंगे… लेकिन वास्तविक कारण और आवश्यक सुधार पर कोई ध्यान नहीं दिया जाएगा । यही हिंदुओं की मूर्खता मुख्य करना है ऐसी घटनाओं की। हिंदुओं को अपनी बच्चियों को उचित धर्म ज्ञान देना चाहिए और जेहादियों की ऐसी मानसिकता से परीक्षित करवाना चाहिए लेकिन ऐसा तब करेंगे जब रील देखना या बनाने से समय मिले… हिंदू अपनी बच्चियों को संस्कार नहीं दे पा रहे तो दूसरों को दोष देना कहां तक उचित?”
वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।

पड़ताल
विश्वास न्यूज ने पड़ताल की शुरुआत वायरल ग्राफिक प्लेट पर लिखे गए कंटेंट की जांच से की। इस पर न्यूज चैनल टीवी 9 भारत वर्ष का लोगो लिखा हुआ था। इसके आधार पर सर्च करने पर कई न्यूज वेबसाइट पर घटना से जुड़ी खबर मिली।
टीवी 9 भारत वर्ष ने 27 नवंबर को एक खबर पब्लिश करते हुए बताया कि दिल्ली के द्वारका में एक लिव-इन पार्टनर ने शराब के विवाद में अपनी प्रेमिका की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने महिला के शव को कार में छोड़ दिया और नशे की हालत में सो गया। सुबह पड़ोसी की सूचना पर पुलिस ने शव बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया। खबर में आरोपी का नाम वीरेंद्र बताया गया।
सर्च के दौरान वायरल ग्राफिक हमें टीवी9 भारतवर्ष के फेसबुक पेज पर भी मिला। इसे 27 नवंबर को पब्लिश किया गया था। इसमें मौजूद खबर भी दिल्ली के द्वारका में एक लिव-इन पार्टनर की हत्या से जुड़ी ही थी। पोस्ट के साथ लिखा गया कि दिल्ली के द्वारका में एक लिव-इन पार्टनर ने शराब के विवाद में अपनी प्रेमिका की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने महिला के शव को कार में छोड़ दिया और नशे की हालत में सो गया।
सर्च के दौरान हमें जागरण डॉट कॉम पर भी एक खबर मिली। 27 नवंबर की इस खबर में बताया गया कि राधा और वीरेंद्र लिव-इन में रहते थे। पश्चिमी दिल्ली के छावला थाना क्षेत्र में वीरेंद्र कुमार ने शराब पीने को लेकर हुए झगड़े में अपनी लिव-इन पार्टनर राधा की हत्या कर दी। उसने अपनी कोहनी से महिला का दम निकलने तक गला दबाया। आरोपी ने महिला के शव को कार में रखकर उसे ठिकाने लगाने की कोशिश की, लेकिन अत्यधिक नशे में होने की वजह से वह कार नहीं चला पाया। वह शव को कार में ही छोड़कर घर आकर सो गया।
पड़ताल के दौरान हमने टीवी9 भारतवर्ष के डिजिटल एडिटर अमित कुमार के साथ वायरल पोस्ट को शेयर किया । उन्होंने असली पोस्ट हमारे साथ शेयर की। इसमें मूल खबर का लिंक भी मौजूद था। खबर में आरोपी का नाम वीरेंद्र सिंह बताया गया।
निष्कर्ष : पश्चिमी दिल्ली के छावला थाना क्षेत्र में वीरेंद्र कुमार ने अपनी लिव-इन पार्टनर राधा की हत्या कर दी थी। उसी से जुड़े एक न्यूज चैनल के ग्राफिक को सांप्रदायिक दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। हमारी जांच में यह भ्रामक साबित हुआ।
- Claim Review : मुस्लिम प्रेमी ने अपनी हिंदू लिव इन पार्टनर की हत्या कर दी।
- Claimed By : FB User Hindu Yodhya
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












