X
X

Fact Check: तुर्किये के नेता को थप्पड़ मारने का वीडियो इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का बताकर वायरल

सुरक्षा घेरे में मौजूद शख्स को थप्पड़ मारने का वीडियो गलत दावे से वायरल हो रहा है। इसमें दिख रहा शख्स तुर्किये के नेता हैं। वीडियो का नेतन्याहू से कोई संबंध नहीं है।

Fact Check, Viral video, Turkiye, Israeli PM Benjamin Netanyahu,

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। इजरायल-ईरान युद्ध के दौरान सोशल मीडिया पर इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से जोड़कर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें सुरक्षा घेरे में मौजूद एक व्यक्ति को थप्पड़ मारते हुए दिखाया गया है। इस वीडियो को शेयर कर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि इजरायल के व्यक्ति ने ही नेतन्याहू को थप्पड़ मार दिया है।

विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल वीडियो तुर्किये के विपक्षी दल के नेता का है। इसका नेतन्याहू से कोई संबंध नहीं है।

वायरल पोस्ट

फेसबुक यूजर A2Z building construction contractors ने 23 जून को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। साथ में लिखा है,

“नेतन्याहू को उसी के लोगो ने थपेड़ दिया!”

वीडियो पर गैर हिंदी भाषा में भी कुछ लिखा हुआ है।

एक्स यूजर @putin_pandit ने 23 जून को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए इसे नेतन्याहू का बताया है।

पड़ताल

वायरल वीडियो पर 2 Sayfaofficial लिखा हुआ है। उस पर गैर हिंदी भाषा में भी नेतन्याहू को थप्पड़ मारने का दावा किया गया है।

इस बारे में हमने 2 Sayfaofficial अकाउंट को सर्च किया तो इंस्टा पर यह अकाउंट मिला। 4 मई को इस अकाउंट से इस वीडियो को पोस्ट किया गया है। इसमें वीडियो की साफ क्वालिटी देखी जा सकती है। पोस्ट के अनुसार, सीएचपी के नेता ओजगुर ओजेल पर हमला किया गया है।

इस बारे में कीवर्ड से गूगल पर सर्च करने पर medyanews की वेबसाइट पर छपी खबर का लिंक मिला। 4 मई को छपी खबर में वायरल वीडियो वाले शख्स को देखा जा सकता है। खबर के अनुसार, इस्तांबुल में एक समारोह में तुर्किये के मुख्य विपक्षी रिपब्लिकन पीपुल्स पार्टी (सीएचपी) के नेता ओजगुर ओजेल को पंच मारने वाले व्यक्ति की पहचान सेलचुक तेंगियोग्लू के रूप में हुई है। वह एक सजायाफ्ता हत्यारा है, जिसने अपने दो बच्चों की हत्या कर दी थी।

PAturkey और Turkish Minute की वेबसाइट पर भी इससे संबंधित खबर, तस्वीर और वीडियो को देखा जा सकता है।

इस बारे में इजरायल के फैक्ट चेकर उरिय्या बार मीर का कहना है कि वीडियो में दिख रहा शख्स नेतन्याहू नहीं हैं। उनके बाल सफेद हैं, जबकि वीडियो में दिख रहे शख्स के बालों का रंग ग्रे है। यहां इस तरह की किसी भी घटना की कोई रिपोर्ट भी सामने नहीं आई है।

एनडीटीवी की वेबसाइट पर 23 जून को छपी खबर के अनुसार, ईरान-इजरायल युद्ध का आज 11वां दिन है। इस युद्ध में अभी तक दोनों देशों में जान-माल का काफी नुकसान हुआ है। रविवार को अमेरिका भी इस जंग में शामिल हो गया। अमेरिका ने ईरान के तीन परमाणु स्थलों फोर्डो, नतांज और एस्फाहान को निशाना बनाया है। अमेरिका के हमले के बाद यह जंग और तेज हो गई है।

वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के 559 फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: सुरक्षा घेरे में मौजूद शख्स को थप्पड़ मारने का वीडियो गलत दावे से वायरल हो रहा है। इसमें दिख रहा शख्स तुर्किये के नेता हैं। वीडियो का नेतन्याहू से कोई संबंध नहीं है।

  • Claim Review : इजरायल के व्यक्ति ने ही नेतन्याहू को थप्पड़ मार दिया है।
  • Claimed By : FB User-A2Z building construction contractors
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later