Fact Check: सिंगापुर के पूर्व PM के ‘नेहरु का भारत’ वाला बयान 2022 का है, भ्रामक दावे से हो रहा वायरल
सिंगापुर के पूर्व प्रधानमंत्री लूंग के "नेहरू के भारत" के लगातार कमजोर होने और भारतीय सांसदों पर "आपराधिक आरोप" होने के जिक्र के दावे के साथ वायरल हो रहा वीडियो क्लिप हाल का नहीं, बल्कि पुराना और 2022 का है। भारत ने उनके इस बयान को 'गैर-जरूरी' बताते हुए इस पर आपत्ति जताई थी। लूंग 2004 से 2024 तक सिंगापुर के प्रधानमंत्री रहे थे।
- By: Abhishek Parashar
- Published: Mar 25, 2025 at 06:45 PM
- Updated: Mar 25, 2025 at 06:49 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया यूजर्स एक वीडियो क्लिप को शेयर करते हुए दावा कर रहे हैं कि सिंगापुर के प्रधानमंत्री ने वहां की संसद में मोदी सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि नेहरू का भारत अब अपराधियों का भारत बन चुका है और वैसे लोग संसद में पहुंच रहे हैं, जो गंभीर आपराधिक मामलों के आरोपी हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को भ्रामक पाया। वायरल हो रहा वीडियो क्लिप हाल का नहीं, बल्कि तीन साल से अधिक पुराना है, जब भारत ने सिंगापुर के तत्कालीन प्रधानमंत्री की नेहरू के भारत और सासंदों के आपराधिक रिकॉर्ड पर की गई टिप्पणी की आलोचना करते हुए इस पर अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘advocatevinodkumargupta’ ने वायरल वीडियो क्लिप (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “विदेशो में मोदी का डंका बज रहा है।”

कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो क्लिप को समान दावे के साथ शेयर किया है।
पड़ताल
वायरल वीडियो में सिंगापुर के प्रधानमंत्री ‘नेहरू के भारत’ का जिक्र करते हुए कहते हैं कि मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत के संसद (लोकसभा) में आधे से अधिक सांसदों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इस आधार पर सर्च करने पर हमें कई रिपोर्ट्स मिली, जिसमें उनके इस वीडियो क्लिप का जिक्र है। एनडीटीवी की 17 फरवरी 2022 की रिपोर्ट के मुताबिक, “भारत ने सिंगापुर के प्रधानमंत्री की “नेहरू के भारत” और सांसदों के आपराधिक रिकॉर्ड पर की गई टिप्पणियों की कड़ी आलोचना की है और कहा है कि वह इस मुद्दे को सिंगापुर के समक्ष उठाएगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, “सरकारी सूत्रों ने आज एनडीटीवी को बताया कि सिंगापुर के प्रधानमंत्री की टिप्पणी गैर जरूरी थी। हम इस मामले को सिंगापुर के साथ उठा रहे हैं।” सूत्रों ने बताया कि विदेश मंत्रालय ने सिंगापुर के उच्चायुक्त को तलब किया और अपनी आपत्ति से अवगत कराया।”
17 फरवरी 2022 की ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट में भी इसका जिक्र है।
रिपोर्ट के मुताबिक, सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली सीन लूंग ने संसद में एक बहस के दौरान भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का हवाला देते हुए कहा, “अधिकांश देशों की स्थापना और शुरुआत उच्च आदर्शों और महान मूल्यों के आधार पर होती है। लेकिन अक्सर ऐसा होता है कि संस्थापक नेताओं के बाद पीढ़ी दर पीढ़ी धीरे-धीरे उत्साह कमजोर होने लगता है ।”
और यहीं पर वे डेविड बेन गुरियन और जवाहर लाल नेहरू जैसे नेताओं की विरासत का जिक्र करते हैं। यह वीडियो सिंगापुर प्राइम मिनिस्टर ऑफिस के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल पर भी उपलब्ध है।
बीसीसी हिंदी की 18 फरवरी 2022 की रिपोर्ट के मुताबिक, “सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली सीन लूंग के संसद में दिए गए एक भाषण पर कड़ा रुख अपनाते हुए गुरुवार को भारतीय विदेश मंत्रालय ने दिल्ली में सिंगापुर के उच्चायुक्त साइमन वॉन्ग को तलब किया।”
रिपोर्ट ने अंग्रेजी अखबार द हिंदू के हवाले से लिखा है कि भारत ने ली सीन लूंग के इस बयान को ‘गैर-जरूरी ‘ और ‘अस्वीकार्य’ बताया है। अपने बयान में सिंगापुर के प्रधानमंत्री लूंग ने वर्तमान समय में “नेहरू के भारत” के लगातार कमजोर होने की आलोचना की थी और भारतीय सांसदों पर “आपराधिक आरोप” होने का ज़िक्र किया था।”
हमारी जांच से स्पष्ट है कि वायरल हो रहा वीडियो 2022 का है। वायरल वीडियो को लेकर हमने हमारे सहयोगी दैनिक जागरण के विदेश मामलों के विशेष संवाददाता जेपी रंजन से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि यह तीन साल पुराना मामला है और अब सिंगापुर में नई सरकार बन चुकी है।
गौरतलब है कि लूंग 2004 से 2024 तक सिंगापुर के प्रधानमंत्री रहे। इसके बाद लॉरेंस वोंग सिंगापुर के प्रधानमंत्री बने। सितंबर 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सिंगापुर यात्रा हुई थी और इस दौरान दोनों नेताओं की मुलाकात हुई थी।
वायरल वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर को इंस्टाग्राम पर 52 हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: सिंगापुर के पूर्व प्रधानमंत्री लूंग के “नेहरू के भारत” के लगातार कमजोर होने और भारतीय सांसदों पर “आपराधिक आरोप” होने के जिक्र के दावे के साथ वायरल हो रहा वीडियो क्लिप हाल का नहीं, बल्कि पुराना और 2022 का है। भारत ने उनके इस बयान को ‘गैर-जरूरी’ बताते हुए इस पर आपत्ति जताई थी। लूंग 2004 से 2024 तक सिंगापुर के प्रधानमंत्री रहे थे।
- Claim Review : सिंगापुर के प्रधानमंत्री ने भारत की आलोचना करते हुए कहा कि वहां की संसद में आधे से अधिक सांसदों के खिलाफ आपराधिक मामले हैं।
- Claimed By : Insta User-advocatevinodkumargupta
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












