X
X

Fact Check: बेंजामिन नेतन्याहू की मौत के दावे से ये वायरल तस्वीर फर्जी है, जिसे एआई की मदद से बनाया गया है

विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल तस्‍वीरें एआई से बनाई हुई साबित हुईं।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। मध्य-पूर्व में ईरान और इजरायल-यूएस के बीच जारी जंग के बीच सोशल मीडिया पर एक दो तस्‍वीरों का कोलाज वायरल हो रहा है। इसमें इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को जमीन पर गिरा हुआ दिखाया गया है। साथ में दावा किया गया कि ईरानी मिसाइल हमले में इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और इजरायली खुफिया एजेंसी मोसाद के प्रमुख की मौत हो गई है। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह दावा पूरी तरह निराधार और फर्जी है। वायरल हो रही तस्वीर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तैयार की गई है।

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Îtz Sàrfaráz’ ने एक पोस्ट साझा करते हुए दावा किया: “ईरानी मीडिया ने पहले ही इस खबर को प्रकाशित कर दिया है। इजरायली मीडिया ने पुष्टि की है कि नेतन्याहू और मोसाद प्रमुख ईरानी मिसाइल हमले में मारे गए हैं। नेतन्याहू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोसाद प्रमुख को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें भी नहीं बचा सके।”

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने सबसे पहले वायरल तस्वीर की जांच की। हमने इस इमेज को एआई डिटेक्शन टूल्स की मदद से स्कैन किया।

Hive Moderation, Sightengine और AI or Not: इन सभी प्रमुख एआई डिटेक्टर टूल्स ने पुष्टि की कि यह तस्वीर 80% या इससे अधिक एआई निर्मित (AI-generated) है।

इसके बाद हमने संबंधित कीवर्ड्स के जरिए न्यूज रिपोर्ट की खोज की। हमें रॉयटर्स (Reuters) और NDTV की 15 मार्च 2026 की रिपोर्ट्स मिलीं, जो इस दावे का पूरी तरह खंडन करती हैं। खबरों के अनुसार अपनी मौत की अफवाहों पर विराम लगाते हुए इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने 15 मार्च 2026 को एक वीडियो जारी किया। NDTV की रिपोर्ट के अनुसार, नेतन्याहू ने मजाकिया अंदाज में कहा, “मैं कॉफी पीने के लिए मरा हूं (I am dead for coffee)”, जिसका अर्थ था कि वे पूरी तरह स्वस्थ हैं और आराम से कॉफी पी रहे हैं।

जांच के दौरान हमें प्रधानमंत्री नेतन्याहू के आधिकारिक X हैंडल पर 15 मार्च 2026 को अपलोड किया गया एक वीडियो मिला। इस वीडियो में वे अपनी उंगलियां दिखाते हुए उन अफवाहों पर तंज कस रहे हैं, जिनमें उनके पिछले वीडियो को एआई-जनरेटेड बताकर उनमें 6 उंगलियां होने का दावा किया गया था। इस नए वीडियो में उनके दोनों हाथों में स्पष्ट रूप से 5-5 उंगलियां देखी जा सकती हैं।

6 उंगलियों वाला विवाद

गौरतलब है कि इससे पहले नेतन्याहू के एक और वीडियो को सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स एआई बता रहे थे। क्‍योंकि, वीडियो में नेतन्‍याहू के हाथ की उंगलियां असामान्य (6 उंगलियां) दिख रही थीं। हालांकि, इजरायली पीएमओ ने स्पष्ट किया कि वह वीडियो वास्तविक था और तकनीकी खराबी या एडिटिंग के कारण ऐसा दिख रहा था। नए वीडियो में वे पूरी तरह स्वस्थ नजर आ रहे हैं। हालांकि, इजरायल के पीएम के नए वीडियो को भी कुछ लोग एआई निर्मित बता रहे हैं। हालांकि,  भारत में इजरायल के राजदूत रुवेन अजार ने सोशल मीडिया पर चल रही अटकलों को खारिज करते हुए कहा है कि इंटरनेट पर वायरल हो रहा वीडियो असली है और इसे AI की मदद से तैयार नहीं किया गया है। पीएम एकदम सुरक्षित हैं। 

विश्‍वास न्‍यूज ने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए इजरायली फैक्ट चेकर उरिया बार मीर से संपर्क किया। उन्‍होंने तस्‍वीर को फर्जी बताया। 

पड़ताल के दौरान हमें मोसाद प्रमुख डेविड बार्निया (David Barnea) की मौत की पुष्टि करने वाली कोई भी विश्वसनीय अंतरराष्ट्रीय समाचार रिपोर्ट नहीं मिली। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, बार्निया अभी भी मोसाद के सक्रिय निदेशक हैं और उनका कार्यकाल जून 2026 में समाप्त होगा। प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने पहले ही दिसंबर 2025 में मेजर जनरल रोमन गोफमैन (Major General Roman Gofman) को मोसाद प्रमुख डेविड बार्निया के उत्तराधिकारी के रूप में नियुक्त कर दिया है, जो निर्धारित समय पर कार्यभार संभालेंगे।

क्या है वर्तमान स्थिति?

ईरान और इजरायल के बीच युद्ध की स्थिति गंभीर बनी हुई है। अलजजीरा की 15 मार्च 2026 की लाइव रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दुनिया से होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को खुला रखने का आग्रह किया है ताकि तेल की आपूर्ति बाधित न हो। BBC की रिपोर्ट के अनुसार, दोनों देशों के बीच मिसाइल हमले जारी हैं।

फर्जी क्लेम शेयर करने वाले फेसबुक यूजर ‘Îtz Sàrfaráz’ के 333K फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल तस्‍वीरें एआई से बनाई हुई साबित हुईं।

  • Claim Review : इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ईरानी मिसाइल हमले में मारे गए हैं।
  • Claimed By : Facebook user ‘Îtz Sàrfaráz’
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later