Fact Check: यूरोप में गर्मी के कारण ट्रैफिक लाइट पिघलने के दावे से वायरल वीडियो इटली में आग लगने से हुए नुकसान का है
इटली में जून 2026 में एक कार में आग लगने के कारण ट्रैफिक लाइट को नुकसान पहुंचा था। उस घटना के वीडियो को गर्मी से हुए नुकसान से जोड़कर गलत दावा किया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Jul 1, 2026 at 04:54 PM
- Updated: Jul 1, 2026 at 05:02 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। यूरोप के स्पेन, फ्रांस, इटली, जर्मनी और ग्रीस समेत कई देशों में गर्मी से लोग परेशान हैं। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें पिघले हुए एक ट्रैफिक सिग्नल को देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यूरोप में गर्मी के कारण ट्रैफिक सिग्नल पिघल गया है।
विश्वास न्यूज की जांच में वायरल दावा गलत निकला। दरअसल, वायरल वीडियो इटली का है, जहां जून 2026 में आग लगने से ट्रैफिक सिग्नल को नुकसान पहुंचा था। उस घटना के वीडियो को अब गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर ‘khabribhaiyaa’ ने 30 जून 2026 को एक वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “यूरोप के कई देश इस वक्त एक अभूतपूर्व और ऐतिहासिक हीटवेव (भीषण लू) की चपेट में हैं। इटली और जर्मनी समेत कई यूरोपीय देशों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है, जिसके बाद प्रशासन को रेड अलर्ट जारी करना पड़ा है। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि इस जानलेवा गर्मी के आगे आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर भी घुटने टेक रहा है। सड़कों से आ रही तस्वीरें और रिपोर्ट्स बेहद चौंकाने वाली हैं; भीषण गर्मी के कारण सड़कों पर लगे ट्रैफिक लाइट्स (यातायात बत्तियां) पिघल कर नीचे गिर रहे हैं। यही नहीं, अत्यधिक तापमान की वजह से पक्की सड़कें और हाईवे मुड़ (Warp) रहे हैं, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। इसके अलावा रेलवे ट्रैक और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों (Infrastructure) को भी भारी नुकसान पहुंच रहा है।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। सर्च में हमें इटली की वेबसाइट ‘ilbacodaseta’ पर 28 जून 2026 को छपी एक रिपोर्ट का लिंक मिला। इसमें अपलोड की गई तस्वीर और वायरल हो रहे वीडियो के स्क्रीनशॉट में पीछे की इमारत में समानता देखी जा सकती है।

रिपोर्ट के अनुसार, यह लुगाग्नानो के मुख्य चौराहे पर लगी ट्रैफिक लाइट की तस्वीर है। यह गर्मी की वजह से नहीं पिघली थी, बल्कि एक कार में आग लगने से इसे नुकसान हुआ था।
वेबसाइट ‘ilbacodaseta’ पर 23 जून 2026 को इस हादसे के बारे में रिपोर्ट छपी थी, जिसके अनुसार, लुगाग्नानो में ‘Via 26 Aprile’ पर मुख्य ट्रैफिक लाइट के पास कार में आग लग गई। रिपोर्ट में हादसे से जुड़ी अन्य तस्वीरों और वीडियो को देखा जा सकता है।
इसके बाद हमने लोकेशन की पुष्टि के लिए गूगल मैप पर इसे चेक किया। गूगल मैप और वायरल वीडियो में दिख रहे लोकेशन में समानताएं देखी जा सकती हैं।

इटली की एक अन्य वेबसाइट ‘tgverona’ ने 25 जून 2026 को एक रिपोर्ट पब्लिश की थी, जिसके मुताबिक, गर्मी के कारण ट्रैफिक सिग्नल पिघलने का यह दावा एक सोशल मीडिया प्रैंक के कारण शुरू हुआ। इंस्टाग्राम यूजर ‘Johnny Puttini’ ने इस वीडियो को पोस्ट किया था। कुछ लोगों ने गर्मी में ट्रैफिक सिग्नल पिघलने के मजाक को सच मान लिया। ट्रैफिक सिग्नल कार में आग लगने के कारण पिघली थी।

इंस्टाग्राम यूजर ‘Johnny Puttini’ की पोस्ट को यहां देखा जा सकता है।

वेबसाइट ‘tgverona’ की एक रिपोर्ट को रेसलिंग रेफरी ‘Johnny Puttini’ ने अपनी फेसबुक प्रोफाइल पर शेयर किया था, जिसमें इसे आग लगने की वजह से हुआ हादसा बताया गया था।
इस बारे में हमने इंस्टाग्राम यूजर ‘Johnny Puttini’ से संपर्क किया। उन्होंने कहा, “यह ट्रैफिक लाइट वेरोना प्रांत के सोना (Sona) में है। इसके पास खड़ी एक कार में आग लग गई थी, जिससे ट्रैफिक लाइट पिघल गई। मेरा वीडियो एक तरह से मजाक था।“
क्या है संदर्भ?
यूरोप के कई देशों में इस समय काफी गर्मी पड़ रही है। ‘यूरो न्यूज’ की वेबसाइट पर 30 जून 2026 को छपी रिपोर्ट के अनुसार, जर्मनी ने लगातार तीसरे दिन तापमान के रिकॉर्ड तोड़े। ब्रैंडेनबर्ग की एक छोटी सी बस्ती में शुरुआती तौर पर तापमान 41.7°C दर्ज किया गया। गर्मी की वजह से सड़क की सतह को नुकसान पहुंचने से कुछ जगहों पर यातायात प्रभावित हुआ, जबकि ट्राम ट्रैक के ऊपर डामर पिघलने से यह रूट भी बंद हो गया।
‘वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन’ (WHO) के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस एडहानॉम घेब्रेयेसस ने 28 जून 2026 को एक्स पर एक पोस्ट कर जानकारी दी कि यूरोप में गर्मी के कारण 21 जून से 28 जून तक 1300 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
हादसे के वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। दिसंबर 2022 में बने इस इंस्टाग्रामअकाउंट के 42 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: इटली में जून 2026 में एक कार में आग लगने के कारण ट्रैफिक लाइट को नुकसान पहुंचा था। उस घटना के वीडियो को गर्मी से हुए नुकसान से जोड़कर गलत दावा किया जा रहा है।
- Claim Review : यूरोप में गर्मी के कारण ट्रैफिक सिग्नल पिघल गया है।
- Claimed By : Insta User- khabribhaiyaa
- Fact Check : झूठ
- Report of ilbacodaseta, Dated 28 Jun 2026
- Google Map Location
- Report of ilbacodaseta, Dated 23 Jun 2026
- Report of tgverona, Dated 25 Jun 2026
- Insta Post of Johnny Puttini, Dated 24 Jun 2026
- FB Post of Johnny Puttini, Dated 28 Jun 2026
- Report of Euro News, Dated 30 Jun 2026
- X Post of WHO Director General, Dated 28 Jun 2026
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












