Fact Check: बांग्लादेश की मस्जिद में ‘हलाला’ पर हुई लड़ाई का दावा गलत, वीडियो दो इमाम समर्थकों के बीच हुई झड़प का है
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। यह वीडियो बांग्लादेश का उस वक्त का है, जब एक मस्जिद के नए और पुराने इमाम के समर्थकों के बीच लड़ाई हुई थी। वहीं, इस झड़प में किसी की भी जान नहीं गई। तीन महीने पुराने इस वीडियो को भ्रामक दावे से ‘हलाला’ से जोड़ते हुए फैलाया जा रहा है।
- By: Umam Noor
- Published: Dec 24, 2024 at 03:36 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक मस्जिद के अंदर का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल किये जा रहे इस वीडियो में मस्जिद के अंदर बहुत सारे लोगों को आपस में लड़ते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर करते हुए यूजर दावा कर रहे हैं कि बांग्लादेश में ‘हलाला’ को लेकर यह लड़ाई हुई थी, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई।
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। यह वीडियो बांग्लादेश का उस वक्त का है, जब एक मस्जिद के नए और पुराने इमाम के समर्थकों के बीच लड़ाई हुई थी। वहीं इस झड़प में किसी की भी जान नहीं गई। तीन महीने पुराने इस वीडियो को भ्रामक दावे से ‘हलाला’ से जोड़ते हुए फैलाया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट में?
फेसबुक यूजर ने वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, ”बांग्लादेश में खूबसूरत महिला का हलाला कौन करेगा को लेकर शुरू हुआ विवाद में अब तक 12 तबलीगी जमात के लोग 72 हूरों के पास पहुंच गए हैं।”
पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल
अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने वीडियो के कीफ्रेम्स निकाले और उन्हें गूगल लेंस के जरिये सर्च किया। सर्च किये जाने पर हमें यह वीडियो ब्रीफली के यूट्यूब चैनल पर 21 सितम्बर 2024 को अपलोड हुआ मिला। वीडियो के साथ दी गई जानकारी के मुताबिक यह वीडियो बांग्लादेश के ढाका का है, जहां दो इमाम के समर्थकों के बीच झड़प हुई थी। वहीं, इस झड़प में तकरीबन 50 लोग घायल हो गए।
इसी बुनियाद पर हमने अपनी पड़ताल को आगे बढ़ाया और न्यूज़ सर्च किया। सर्च किये जाने पर बांग्लादेश की न्यूज़ वेबसाइट ढाका ट्रिब्यून पर इस मामले से जुड़ी खबर मिली। 20 सितंबर 2024 की खबर के मुताबिक, ढाका की बैतुल मुकर्रम राष्ट्रीय मस्जिद में शुक्रवार (20 सितंबर) को जुमे की नमाज से पहले दो गुटों में झड़प हो गई। इसमें 50 लोग घायल हो गए। झड़प बैतुल मुकर्रम के मौजूदा और पूर्व मस्जिद के इमाम (खतीबों) के समर्थकों के बीच हुई। वहां मौजूद लोगों ने बताया कि नमाज से पहले मस्जिद के मौजूदा इमाम (खतीब) मुफ्ती वलीउर रहमान खान नियमानुसार तकरीर दे रहे थे। उसी समय पुराने इमाम (खतीब) मुफ्ती रूहुल अमीन (जो छिपे हुए थे) अपने समर्थकों के साथ मस्जिद में दाखिल हुए और माइक्रोफोन लेने का प्रयास किया। इसके बाद दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।
इसी मामले से जुड़ी खबर हमें बांग्लादेश की और भी कई न्यूज वेबसाइट पर मिली। हालांकि, किसी भी खबर में हमें इस मामले का ‘हलाला’ से संबंधित होने से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली।
अधिक जानकारी के लिए बांग्लादेश के पत्रकार सदिकुर रहमान से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। वीडियो दो इमामों और उनके अनुयायों के बीच हुई झड़प का है।
बता दें, निकाह हलाला, एक विवादित प्रथा है जिसमें तलाकशुदा महिला अपने पूर्व पति से दोबारा शादी करने से पहले किसी दूसरे व्यक्ति से शादी करती है। इसे तहलील विवाह भी कहा जाता है ।
वहीं हमें टाइम्स ऑफ़ इंडिया की 22 अक्टूबर 2018 की खबर मिली। जिसके मुताबिक, दारुल उलूम देओबंद ने फतवा जारी करते हुए कहा है कि ‘अरेंज्ड’ हलाला इस्लामिक नहीं है।
न्यूज सर्च किये जाने पर हमें 17 सितम्बर 2024 को बांग्लादेश की वेबसाइट पर खबर मिली। जानकारी के मुताबिक, ढाका के गाजीपुर में एक मस्जिद के इमाम (खतीब) पर ‘हलाला’ के तहत दो घंटे की कॉन्ट्रैक्ट शादी और शारीरिक सम्बन्ध बनाने और फिर तलाक देने का आरोप लगा है। जब मस्जिद में इस तरह की घटना की बात सामने आई तो इलाके में हड़कंप मच गया, बाद में मस्जिद के इमाम कफिल उद्दीन को मस्जिद कमेटी से तुरंत बर्खास्त कर दिया गया। इस मामले से जुड़ी ख़बरों में हमें कहीं भी किसी के मारे जाने से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली।
अब बारी थी भ्रामक पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर ‘हरीश मैखुरी’ की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि इस प्रोफाइल से विचारधारा विशेष से प्रेरित पोस्ट शेयर की जाती हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। यह वीडियो बांग्लादेश का उस वक्त का है, जब एक मस्जिद के नए और पुराने इमाम के समर्थकों के बीच लड़ाई हुई थी। वहीं, इस झड़प में किसी की भी जान नहीं गई। तीन महीने पुराने इस वीडियो को भ्रामक दावे से ‘हलाला’ से जोड़ते हुए फैलाया जा रहा है।
- Claim Review : बांग्लादेश में 'हलाला' को लेकर यह लड़ाई हुई थी, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई।
- Claimed By : FB User- हरीश मैखुरी
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












