Fact Check: पटना के होटल में आग लगने का वीडियो आठ माह पुराना है
पटना के पाल होटल में अप्रैल 2024 में आग लगी थी, जिसमें आठ लोगों की जान चली गई थी। उस घटना के वीडियो को हाल का बताकर भ्रम फैलाया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Dec 19, 2024 at 01:48 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार की राजधानी पटना से जोड़कर एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें एक इमारत में आग लगने की घटना को दिखाया गया है। वीडियो को शेयर कर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि 18 दिसंबर को पटना के पाल होटल में आग लग गई।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि पटना के होटल में आग लगने की घटना अप्रैल 2024 में हुई थी। करीब आठ माह पुराने वीडियो को हाल का बताकर भ्रम फैलाया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट
इंस्टाग्राम यूजर kanarjeet238 ने वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है, “पटना जंक्शन में पाल होटल पर लगी भीषण आग।” वीडियो पर 18 दिसंबर की तारीख दी गई है। वीडियो में नीचे लिखा है, “कंपनी में लगी आग जल गए 24 और घायल हो गए“।
(वीडियो में कुछ दृश्य विचलित कर सकते हैं।)

पड़ताल
वायरल वीडियो की जांच के लिए हमने सबसे पहले कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया। फेसबुक यूजर Chainarambugaliya ने 19 अक्टूबर को वीडियो को पोस्ट करते हुए इसे पटना के पाल होटल में हुए हादसे का बताया। वीडियो में वायरल वीडियो के हिस्सों को भी देखा जा सकता है।

इससे यह तो साफ हो गया कि यह घटना दिसंबर की नहीं है। सर्च में हमें लाइव हिन्दुस्तान के यूट्यूब चैनल पर 25 अप्रैल 2024 को इससे संबंधित वीडियो न्यूज का प्रीमियर किया गया है। इसमें भी वायरल वीडियो के हिस्से को देखा जा सकता है। इसके अनुसार, पटना के पाल होटल में आग लगने से 6 लोगों की मौत हो गई।
वन इंडिया और न्यूज 18 के यूट्यूब चैनल पर अप्रैल में इस हादसे की वीडियो न्यूज को अपलोड किया गया है।
वायरल वीडियो को देखने से ऐसा लग रहा है जैसे आग लगने के बाद इमारत ढह गई थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ था। वीडियो न्यूज में इस बारे में देखा जा सकता है।
3 मई 2024 को दैनिक जागरण की वेबसाइट पर छपी खबर के अनुसार, 25 अप्रैल को पाल होटल के रेस्टोरेंट के किचन में सिलेंडर ब्लास्ट से आग लग गई थी। इसकी चपेट में अमृत होटल भी आ गया था। रेस्टोरेंट में खाना खाने वाले और होटल में ठहरने वाले 40 से अधिक लोगों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया था। इस हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में दोनों होटल मालिक और अन्य अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।

इस बारे में हमने पटना में दैनिक जागरण के मुख्य संवाददाता जितेंद्र कुमार का कहना है कि पटना जंक्शन के पास स्थित होटल में अप्रैल में आग लगने की घटना हुई थी। अभी ऐसा कोई हादसा नहीं हुआ है।
पुराने वीडियो को हाल का बताकर शेयर करने वाली यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के एक हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: पटना के पाल होटल में अप्रैल 2024 में आग लगी थी, जिसमें आठ लोगों की जान चली गई थी। उस घटना के वीडियो को हाल का बताकर भ्रम फैलाया जा रहा है।
- Claim Review : 18 दिसंबर को पटना के पाल होटल में आग लग गई।
- Claimed By : Insta User- kanarjeet238
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












