Fact Check: राहुल ने ‘भारत माता’ को असंसदीय शब्द नहीं बताया, वायरल वीडियो ऑल्टर्ड है
2023 में लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर राहुल गांधी के भाषण से कुछ शब्दों को कार्यवाही से निकाले जाने के बाद पत्रकारों के पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि देश में इन दिनों 'भारत माता' शब्द भी असंसदीय हो चला है।
- By: Abhishek Parashar
- Published: Jan 17, 2025 at 05:35 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। “भारतीय राज्य से लड़ाई” वाले राहुल गांधी के बयान को लेकर जारी विवाद के बीच सोशल मीडिया पर राहुल गांधी का एक वीडियो क्लिप वायरल हो रहा है, जिसे लेकर दावा किया जा रहा है कि उन्होंने ‘भारत माता’ को असंसदीय शब्द बताया। वायरल क्लिप में राहुल गांधी को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि ‘भारत माता’ इन दिनों भारत में असंसदीय शब्द है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि वायरल हो रहा वीडियो ऑल्टर्ड है, जिसमें राहुल गांधी के बयान के एडिटेड अंश को शामिल किया गया है। 2023 में संसद में अविश्वास प्रस्ताव के दौरान बोलते हुए केंद्र सरकार पर मणिपुर हिंसा को लेकर निशाना साधा था। बाद में उनके इस संबोधन के कुछ अंश को कार्यवाही से निकाल दिया गया था और इसे लेकर जब पत्रकारों ने उनसे सवाल पूछा तो जवाब देते हुए राहुल गांधी ने नाराजगी में सरकार पर तंज कसते हुए कहा था कि ऐसा लगता है कि भारत में इन दिनों ‘भारत माता’ शब्द असंसदीय हो चुका है। वायरल वीडियो क्लिप से इस संदर्भ को गायब कर दिया गया है, जिससे राहुल गांधी के बयान का गलत मतलब निकलता प्रतीत हो रहा है।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘राकेश सिंह भारतीय’ ने वायरल वीडियो क्लिप (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “”भारत माता असंवैधानिक शब्द है”:राहुल गांधी..विदेशी मां की कोख से पैदा @##$$#@ औलाद कभी देशभक्त नहीं हो सकता”
कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान संदर्भ में शेयर किया है।
पड़ताल
वायरल वीडियो क्लिप 16 सेकेंड का है, जिसमें राहुल गांधी लोकसभा में विपक्ष के नेता अधीर रंजन चौधरी के साथ लोकसभा से बाहर निकलते हुए नजर आ रहे हैं। इसी दौरान कुछ पत्रकार उनसे सवाल पूछते हैं कि आपके कल के भाषण के किन हिस्सों को कार्यवाही से निकाला गया है, जिसके जवाब में राहुल गांधी कहते हैं, “……स्पष्ट रूप से ऐसा लगता है कि इन दिनों भारत में भारत माता शब्द असंसदीय हो चुका है।”
वायरल क्लिप को सुनने से ही स्पष्ट हो जाता है कि राहुल गांधी एक पत्रकार के पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए कहते हैं कि भारत में इन दिनों ‘भारत माता’ शब्द असंसदीय हो चला है।
यह वीडियो क्लिप इससे पहले भी 2023 में संसद के सत्र के दौरान सोशल मीडिया पर समान संदर्भ में वायरल हो चुका है, जिसे विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में फेक पाया था। फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
सर्च में संदर्भ को समझने के लिए हमने ऑरिजिनल वीडियो को सर्च किया। राहुल गांधी के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल पर नौ अगस्त 2023 को अपलोड किया हुआ वीडियो मिला, जो लोकसभा में ‘अविश्वास प्रस्ताव’ पर राहुल गांधी के संबोधन से संबंधित है।
अपने भाषण के दौरान राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर मणिपुर हिंसा को लेकर निशाना साधा था। अपने इसी भाषण के दौरान उन्होंने कुछ शब्दों का इस्तेमाल किया था, जिसे बाद में लोकसभा अध्यक्ष ने कार्यवाही से हटा दिया था। कई न्यूज रिपोर्ट्स में इसका जिक्र किया गया है।
‘हिंदुस्तान टाइम्स’ की न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक, “लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की तरफ से अविश्वास प्रस्ताव के दौरान राहुल गांधी के भाषण के कुछ अंश को कार्यवाही से निकाले जाने के बाद राहुल गांधी ने कहा कि ऐसा लगता है देश में इन दिनों ‘भारत माता’ असंसदीय शब्द है।”
रिपोर्ट के मुताबिक, जब उनसे संसद की कार्यवाही से उनके भाषण के निकाले गए शब्दों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, “भारत में इन दिनों ‘भारत माता’ असंसदीय शब्द है।” इंडियन एक्सप्रेस की 10 अगस्त की रिपोर्ट में राहुल गांधी के भाषण को सुना जा सकता है, जिसमें उन शब्दों को म्यूट कर दिया गया है, जिसे कार्यवाही से बाहर निकाल दिया गया था।
इंडियन एक्सप्रेस की 10 अगस्त 2023 की रिपोर्ट के मुताबिक, “लोकसभा में कांग्रेस के सांसदों ने स्पीकर ओम बिरला को चिट्ठी लिखकर राहुल गांधी के भाषण से हटाए गए शब्दों पर आपत्ति जताई थी।”
इससे पहले जब यह वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, तब हमने उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी से संपर्क किया। उन्होंने बताया, “यह कोई पहली बार नहीं है, जब राहुल गांधी के बयानों के साथ छेड़छाड़ कर उसे गलत मंशा के प्रचारित किया गया हो। यह मणिपुर हिंसा पर सरकार के रवैये पर राहुल गांधी के सवाल उठाए जाने के बाद मोदी सरकार की बौखलाहट का नतीजा है।”
राहुल गांधी से संबंधित अन्य फेक और भ्रामक दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को विश्वास न्यूज की वेबसाइट पर पढ़ा जा सकता है। वायरल वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब आठ हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। वायरल वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब ढाई हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: 2023 में लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर राहुल गांधी के भाषण से कुछ शब्दों को कार्यवाही से निकाले जाने के बाद पत्रकारों के पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि देश में इन दिनों ‘भारत माता’ शब्द भी असंसदीय हो चला है। वास्तव में उन्होंने अपने भाषण के कुछ शब्दों को कार्यवाही से हटाए जाने से नाराज होकर सरकार पर तंज कसते हुए यह बयान दिया था। उनके इसी बयान के एक छोटे अंश को ऐसे शेयर किया जा रहा है, जैसे उन्होंने ऐसा कहा। वास्तव में वह अपने भाषण के कुछ शब्दों को कार्यवाही से हटाए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्र पर निशाना साध रहे थे।
- Claim Review : राहुल गांधी ने
- Claimed By : FB User-राकेश सिंह भारतीय
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












