X
X

Fact Check: प्रियंका चोपड़ा की वायरल तस्वीर महाकुंभ नहीं, राम मंदिर दर्शन की है 

प्रियंका चोपड़ा के महाकुंभ जाने की वायरल तस्वीर को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। प्रियंका की वायरल तस्वीर महाकुंभ की नहीं, बल्कि करीब एक साल पुरानी है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा अपने एक प्रोजेक्ट के सिलसिले में भारत आई हुई हैं। उन्होंने इस दौरान हैदराबाद के चिलकुर श्री बालाजी मंदिर पहुंचकर दर्शन भी किए। इसी दौरान प्रियंका चोपड़ा की एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। तस्वीर में उन्हें पति निक जोनस और बेटी मालती के साथ खड़े हुए देखा जा सकता है। फोटो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि प्रियंका चोपड़ा प्रयागराज पहुंची हैं। यह तस्वीर उनके महाकुंभ में शामिल होने की है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। प्रियंका की वायरल तस्वीर महाकुंभ की नहीं, बल्कि करीब एक साल पुरानी है। जब उन्होंने परिवार के साथ अयोध्या पहुंचकर राम मंदिर के दर्शन किए थे। रिपोर्ट लिखे जाने तक उनके महाकुंभ जाने की कोई खबर सामने नहीं आई थी। 

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर राधा यादव ने वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “प्रियंका चोपड़ा भारतीय परंपराओं में खास आस्था रखती हैं. ग्लोबल आइकन कई बार अक्सर इसकी झलक भी दिखाती रहती हैं. फिलहाल प्रियंका चोपड़ा महाकुंभ 2025 में पवित्र डुबकी लगाने जा रही हैं. इस साल का सबसे बड़ा धार्मिक मेला 13 जनवरी को शुरू हुआ था और ये 25 फरवरी को समाप्त होगा.इस दिव्य कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दुनिया भर से श्रद्धालु प्रयागराज पहुंच रहे हैं. प्रियंका, भी आस्था के संगम महाकुंभ में शामिल होने के लिए प्रयागराज पहुंची है।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली। 

हमने प्रियंका चोपड़ा के सोशल मीडिया अकाउंट्स को भी खंगाला, लेकिन हमें महाकुंभ आने से जुड़ी कोई पोस्ट नहीं मिली। हालांकि, हमें उनके हैदराबाद के चिलकुर श्री बालाजी मंदिर पहुंचकर दर्शन करने से जुड़ी पोस्ट जरूर मिली। 

वायरल तस्वीर की सच्चाई जानने के लिए हमने फोटो को गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी रिपोर्ट एबीपी न्यूज के आधिकारिक वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 21 मार्च 2024 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, प्रियंका चोपड़ा अपने परिवार के साथ राम मंदिर दर्शन करने के लिए पहुंची थी। 

हमें प्रियंका के परिवार के साथ राम मंदिर जाने का वीडियो न्यूज 18 के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी मिला। वीडियो को 20 मार्च 2024 को अपलोड किया गया था। 

अधिक जानकारी के लिए हमने अयोध्या दैनिक जागरण के संपादकीय प्रभारी रमा शरण अवस्थी से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो करीब एक साल पुराना है जब प्रियंका चोपड़ा आयोध्या में राम मंदिर के दर्शन करने के लिए आई थी।

अंत में हमने फोटो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष : विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि प्रियंका चोपड़ा के महाकुंभ जाने की वायरल तस्वीर को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। प्रियंका की वायरल तस्वीर महाकुंभ की नहीं, बल्कि करीब एक साल पुरानी है। जब उन्होंने परिवार के साथ अयोध्या पहुंचकर राम मंदिर के दर्शन किए थे। रिपोर्ट लिखे जाने तक उनके महाकुंभ जाने की कोई खबर सामने नहीं आई थी। 

  • Claim Review : महाकुंभ पहुंची प्रियंका चोपड़ा की तस्वीर।
  • Claimed By : Radha Yadav
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later