X
X

Fact Check: अंबेडकर की मूर्ति तोड़ने के आरोपी की अमृतसर कोर्ट में पिटाई का दावा गलत, वायरल वीडियो रायपुर का है

छत्तीसगढ़ के रायपुर कोर्ट में वकील को मारने की कोशिश करने के आरोपी युवक की वकीलों ने पिटाई कर दी थी। इसी घटना के वीडियो को अमृतसर में अंबेडकर की मूर्ति को क्षतिग्रस्त करने की कोशिश करने के आरोपी की कोर्ट में पिटाई के दावे से शेयर किया जा रहा है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पंजाब के अमृतसर में अंबेडकर की प्रतिमा के साथ अभद्रता की कथित कोशिश के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इसी घटना के संदर्भ में सोशल मीडिया यूजर्स एक वीडियो क्लिप को शेयर कर रहे हैं, जिसमें किसी कोर्ट परिसर में वकीलों को एक व्यक्ति की पिटाई करते हुए देखा जा सकता है।

दावा किया जा रहा है कि पिटाई का यह वीडियो अमृतसर कोर्ट का है, जहां वकीलों ने अंबेडकर की प्रतिमा के साथ अभद्रता करने वाले आरोपी की जमकर पिटाई कर डाली।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को भ्रामक पाया। वायरल वीडियो छत्तीसगढ़ के रायपुर कोर्ट में हुई घटना का है, जहां एक वकील को मारने की कोशिश के आरोपी युवक की जमकर पिटाई की घटना हुई थी।

क्या है वायरल?

विश्‍वास न्‍यूज के टिपलाइन नंबर +91 9599299372 पर भी कई यूजर्स ने इस वीडियो को भेज कर इसकी सच्चाई बताने का अनुरोध किया है।

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर भी कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो (आर्काइव लिंक) को समान दावे के साथ शेयर किया है।

पड़ताल

वायरल वीडियो में एक कोर्ट परिसर में वकीलों को एक व्यक्ति की पिटाई करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो के ऑरिजिनल सोर्स को ढूंढने के लिए हमने इसके की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया और सर्च में हमें यह वीडियो एक इंस्टाग्राम यूजर ‘legal_view_10’ की प्रोफाइल पर लगा मिला, जिसमें इसे रायपुर कोर्ट का बताया गया है।

इसी आधार पर सर्च करने पर हमें भास्कर.कॉम की रिपोर्ट मिली, जिसमें रायपुर कोर्ट में वकीलों ने  एक युवक की जमकर पिटाई कर दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, “युवक पर एक वकील को जान से मारने की कोशिश का आरोप था, जिसके बाद पुलिस उसे अदालत लेकर पहुंची थी। जहां पर वकीलों ने झूमाझटकी करते हुए बाल खींचकर युवक को पीटना शुरू कर दिया।”

‘IBC24’ के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल पर हमें इस घटना से संबंधित वीडियो बुलेटिन मिला, जिसमें वायरल वीडियो के विजुअल को देखा जा सकता है।

हमारी जांच से स्पष्ट है कि वायरल हो रहा वीडियो अमृतसर की घटना और उसके आरोपी से संबंधित नहीं है, बल्कि रायपुर का है।

‘द हिंदू’ की रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब के अमृतसर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने का कथित प्रयास करने वाले व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

‘इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले में पुलिस ने आकाशदीप सिंह (24) को गिरफ्तार किया है, जो मोगा जिले के धर्मकोट का रहने वाला है।

वायरल वीडियो को लेकर हमने हमारे सहयोगी दैनिक जागरण के अमृतसर के चीफ रिपोर्टर विक्की कुमार से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि कोर्ट में पेशी के दौरान आरोपी के साथ किसी तरह की मारपीट नहीं हुई और उसे चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है।

सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले अन्य वायरल दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को विश्वास न्यूज की वेबसाइट पर पढ़ा जा सकता है।

निष्कर्ष: छत्तीसगढ़ के रायपुर कोर्ट में वकील को मारने की कोशिश करने के आरोपी युवक की वकीलों ने पिटाई कर दी थी। इसी घटना के वीडियो को अमृतसर में अंबेडकर की मूर्ति को क्षतिग्रस्त करने की कोशिश करने के आरोपी की कोर्ट में पिटाई के दावे से शेयर किया जा रहा है।

  • Claim Review : अंबेडकर की मूर्ति तोड़ने के आरोपी की अमृतसर कोर्ट में पिटाई।
  • Claimed By : Tipline User
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later