Fact Check: जलगांव ट्रेन हादसे के नाम पर वायरल तस्वीरें बालासोर ट्रेन हादसे की और गाजा की हैं
महाराष्ट्र के जलगांव में हुए ट्रेन हादसे से संबंधित घटना की तस्वीरें ओडिशा के बालासोर में हुए ट्रेन दुर्घटना और गाजा में इजरायली हमले से संबंधित है। वहीं, इस हादसे में 13 लोगों की मौत हुई है, जिसमें से सात की पहचान हो चुकी है।
- By: Abhishek Parashar
- Published: Jan 24, 2025 at 03:58 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। महाराष्ट्र के जलगांव में हुए ट्रेन हादसे के संदर्भ में सोशल मीडिया यूजर्स एक पोस्ट को शेयर कर रहे हैं, जिसमें तीन तस्वीरें और दुर्घटना में मरने वाले लोगों के नाम शामिल हैं। दावा किया जा रहा है कि यह जलगांव ट्रेन हादसे की तस्वीरें हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को भ्रामक पाया। वायरल पोस्ट में जलगांव हादसे के नाम पर शेयर की जा रही तीन तस्वीरों में से दो ओडिशा ट्रेन हादसे की हैं, जबकि मृतकों की तस्वीर के दावे से वायरल फोटो गाजा की है। वहीं, हादसे में मरने वाले लोगों की संख्या अब बढ़कर 13 हो चुकी है।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘Anshu Baghel’ ने वायरल पोस्ट (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “महाराष्ट्र के जलगांव में ट्रेन दुर्घटना में मरने वालों की एइल तक प्राप्त विवरण।
1. राधेश्याम भैया ( नेपाल )
2. नन्दराम बीके (विनायक अछाम )
3. कमला नवीन भंडारी (सोल्टा कैलाली)
4. हिमू नन्दराम बीके (विनायक अछाम )
5. जयकला भट्टे जयगढि (कांबज़ार अछाम)
6. Mysara Bk (विनायक अछाम )
7. लछीराम कन्नू पासवान (नेपाल)
8….. अधिक जानकारी … अभी बाकी है।”

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस तस्वीर को समान और मिलते-जुलते दावे के साथ शेयर किया है।
पड़ताल
न्यूज सर्च में हमें ऐसी कई रिपोर्ट्स मिली,जिसमें जलगांव ट्रेन हादसे का जिक्र है। 23 जनवरी 2025 की एनडीटीवी.कॉम की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो चुकी है और पुलिस के मुताबिक, इनमें से कुल आठ लोगों की पहचान हो चुकी है।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट ने जिला सूचना अधिकारी युवराज पाटिल के हवाले से बताया है, “13 मृतकों में से 11 की पहचान हो चुकी है और इनमें से सात नेपाल के रहने वाले हैं।”
जलगांव जिला सूचना कार्यालय के एक्स हैंडल से 23 जनवरी को साझा सूचना के मुताबिक, “दुर्घटना में कुल 13 लोगों की मृत्यु हई, जिसमें से सात की पहचान कर ली गई है।” जिनके नाम, कमला नवीन भंडारी (43), लच्छी राम खतरू पासी (40), इंतियाज अली (35), नसीरुद्दीन बदरुद्दीन सिद्दीकी (19), हिमू नंदराम विश्वकर्मा (11), बाबू खान (27) और जवकला भाटे जयकाडी (60) हैं।
इसके बाद हमने पोस्ट में इस दुर्घटना के नाम से वायरल तीनों तस्वीरों की जांच की।
पहली वायरल तस्वीर

रिवर्स इमेज सर्च में हमें यह तस्वीर कई अलग–अलग पुरानी रिपोर्ट्स में लगी मिली,जो 2023 में ओडिशा के बालासोर में हुई ट्रेन दुर्घटना से संबंधित है।
दूसरी वायरल तस्वीर

रिवर्स इमेज सर्च में हमें यह तस्वीर कई अलग–अलग पुरानी रिपोर्ट्स में लगी मिली,जो 2023 में ओडिशा के बालासोर में हुई ट्रेन दुर्घटना से संबंधित है।
तीसरी वायरल तस्वीर

रिवर्स इमेज सर्च में हमें यह तस्वीर कई रिपोर्ट्स में न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के हवाले से लगी मिली,जो गाजा में इजरायली हमले से संबंधित है
वायरल पोस्ट को लेकर हमने मराठी जागरण के डिप्टी एडिटर विनोद राठौड़ से संपर्क किया और उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया, “ये तस्वीरें जलगांव ट्रेन हादसे से संबंधित नहीं है।”
वायरल पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर ने अपनी प्रोफाइल में स्वयं को डिजिटल क्रिएटर बताया है।
गौरतलब है कि 22 जनवरी को लखनऊ से मुंबई जा रही पुष्पक एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह की वजह से ट्रेन में सफर कर रहे यात्री डर की वजह से चलती ट्रेन से ही कूदने लगे और इस दौरान वे सामने की पटरी से आ रही कर्नाटक एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गए।
सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले अन्य वायरल दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को विश्वास न्यूज की वेबसाइट पर पढ़ा जा सकता है। वहीं हालिया संपन्न महाराष्ट्र चुनाव से संबंधित वायरल दावों को यहां पढ़ा जा सकता है।
निष्कर्ष: महाराष्ट्र के जलगांव में हुए ट्रेन हादसे से संबंधित घटना की तस्वीरें ओडिशा के बालासोर में हुए ट्रेन दुर्घटना और गाजा में इजरायली हमले से संबंधित है। वहीं, इस हादसे में 13 लोगों की मौत हुई है, जिसमें से सात की पहचान हो चुकी है।
- Claim Review : महाराष्ट्र के जलगांव में हुए ट्रेन हादसे की तस्वीर।
- Claimed By : FB User-Anshu Baghel
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












