Fact Check: महाकुंभ के नाम पर फैलाया जा रहा आग का यह वीडियो, पश्चिमी अफ्रीका स्थित गिनी के मदीना बाजार में हुई दुर्घटना का है
विश्वास न्यूज की पड़ताल में प्रयागराज महाकुंभ में जाम लगने के बाद आग लगने का दावा करता वीडियो भ्रामक निकला। वायरल किया जा रहा वीडियो अफ्रीका का है, जिसे अब महाकुंभ से जोड़कर झूठ फैलाया जा रहा है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: Feb 4, 2025 at 04:46 PM
- Updated: Feb 4, 2025 at 05:44 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज )। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो क्लिप वायरल हो रही है। इसमें भयानक आग लगी हुई देखी जा सकती है। वीडियो में कुछ लोग आग से समान को बचाते नजर आ रहे हैं। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर करते हुए दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो प्रयागराज महाकुंभ का है, जहां जाम लगने की वजह से एक गाड़ी में आग लग गई।
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की पड़ताल और दावे को गलत पाया। असल में वायरल किया जा रहा वीडियो पश्चिम अफ्रीका का है। वीडियो को अब प्रयागराज महाकुंभ से जोड़कर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है। वीडियो का भारत या प्रयागराज से कोई संबंध नहीं है।
क्या हो रहा है वायरल
फेसबुक यूजर Hansi Ke fuhare ने 3 फरवरी को एक वीडियो क्लिप पोस्ट करते हुए दावा किया, “महाकुंभ मेले में जाम लगने की वजह से एक गाड़ी में आग लग गई Alert ”
वायरल वीडियो के आर्काइव लिंक को यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल
वायरल पोस्ट की सच्चाई जानने के लिए हमने इनविड टूल की मदद से वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो DADWENE TV के फेसबुक पेज पर मिला। वीडियो को 4 जनवरी 2025 को अपलोड किया गया है। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो को अफ्रीका का बताया गया है।

सर्च के दौरान हमें वीडियो Vision Online TV नाम के फेसबुक पेज पर मिला। 5 जनवरी 2025 को शेयर किए गए वीडियो के साथ दी गई जानकारी के अनुसार, वीडियो पश्चिम अफ्रीका, गिनी के मदीना मार्केट में लगी आग का है।
वायरल वीडियो Jean Lamine Haba नाम के फेसबुक यूजर द्वारा शेयर किया हुआ मिला। 3 जनवरी 2025 को शेयर वीडियो को अफ्रीका के मार्चे मदीना गिनी के कोनाक्री बाजार का बताया है। पोस्ट में वायरल वीडियो के साथ कई अन्य वीडियो मौजूद हैं।

वीडियो को कई अन्य यूजर्स ने अफ्रीका का बताकर शेयर किया है।
हमारी अब तक की पड़ताल से यह स्पष्ट हुआ कि वायरल वीडियो प्रयागराज महाकुंभ का नहीं है। पुष्टि के लिए हमने दैनिक जागरण के प्रयागराज के संपादकीय प्रभारी राकेश पांडेय से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि वीडियो प्रयागराज का नहीं है।
महाकुंभ से जुड़े दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को विश्वास न्यूज की वेबसाइट पर पढ़ा जा सकता है।
अंत में वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले यूजर की जांच की। पता चला कि यूजर एक खास विचारधारा से प्रभावित हैं। यूजर ने स्वयं को वीडियो क्रिएटर बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में प्रयागराज महाकुंभ में जाम लगने के बाद आग लगने का दावा करता वीडियो भ्रामक निकला। वायरल किया जा रहा वीडियो अफ्रीका का है, जिसे अब महाकुंभ से जोड़कर झूठ फैलाया जा रहा है।
- Claim Review : महाकुंभ मेले में जाम लगने की वजह से एक गाड़ी में आग लग गई
- Claimed By : Hansi Ke fuhare
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












