X
X

Fact Check: नीतीश के इस्तीफा देने और महागठबंधन में शामिल होने का दावा गलत, वायरल वीडियो 2022 का है

बिहार में नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर महगठबंधन में शामिल होने का दावा गलत है। वायरल वीडियो क्लिप 2022 का है, जब नीतीश कुमार ने बीजेपी से अलग होने का फैसला लिया था और इसके बाद उन्होंने तत्कालीन राज्यपाल फागू चौहान को अपना इस्तीफा सौंप दिया था।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया यूजर्स एक वीडियो क्लिप को शेयर करते हुए दावा कर रहे हैं कि बिहार में एक बार फिर से नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा देते हुए बीजेपी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) से नाता तोड़ लिया है। इस दावे के साथ न्यूज बुलेटिन का क्लिप शेयर किया जा रहा है, जिसमें नीतीश कुमार के इस्तीफा देने की ब्रेकिंग खबर चल रही है।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को भ्रामक पाया। वायरल वीडियो क्लिप 2022 का है, जब उन्होंने भारतीय जनता पार्टी से गठबंधन को तोड़ते हुए तत्कालीन राज्यपाल फागू चौहान को अपना इस्तीफा सौंपा था और इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के साथ समर्थन में नई सरकार बनाने का दावा पेश किया था।

बिहार में फिलहाल नीतीश कुमार,एनडीए की सरकार के मुख्यमंत्री है। बताते चलें कि बिहार में इसी साल के अंत में विधानसभा का चुनाव होना है।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘Kabar news 2’ ने वायरल वीडियो क्लिप (आर्काइव लिंक) को शेयर किया है, जिसमें नीतीश कुमार के बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिए जाने का जिक्र है।

पड़ताल किए जाने तक इस वीडियो क्लिप को एक करोड़ तीस लाख से अधिक बार देखा जा चुका है और करीब डेढ़ लाख से अधिक लोगों ने इसे लाइक किया है।

पड़ताल

वायरल वीडियो क्लिप में चल रहे बुलेटिन में नीतीश कुमार के राज्यपाल फागू चौहान को इस्तीफा दिए जाने का जिक्र है। बिहार के मौजूदा राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान हैं।

बिहार सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, फागू चौहान 29 जुलाई 2019 से लेकर 16 फरवरी 2023 के बीच बिहार के राज्यपाल थे।

बिहार के पूर्व राज्यपाल की सूची।

यानी वायरल हो रहा वीडियो हाल का नहीं, बल्कि पुराना है। इसी आधार पर की-वर्ड सर्च में हमें कई न्यूज रिपोर्ट्स मिली, जिसमें 2022 में नीतीश कुमार के बीजेपी से गठबंधन तोड़ते हुए मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दिए जाने का जिक्र है।

आज तक.कॉम की नौ अगस्त 2022 की रिपोर्ट के मुताबिक, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना में राज्यपाल फागू चौहान से मिलकर उन्हें अपना इस्तीफा सौंप दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, अब वे नए सिरे से सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। मालूम हो कि नीतीश कुमार ने 2017 में महागठबंधन से नाता तोड़ने के बाद बीजेपी के साथ सरकार बनाने का फैसला किया था।

कई अन्य रिपोर्ट्स में भी नीतीश कुमार के इस इस्तीफे का जिक्र है।

इसके बाद नीतीश कुमार ने 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले महागठबंधन से नाता तोड़ते हुए बीजेपी से हाथ मिला लिया था। इसके बाद से बिहार में एनडीए की सरकार है और नीतीश कुमार इस सरकार में मुख्यमंत्री है।

वायरल दावे को लेकर हमने हमारे सहयोगी दैनिक जागरण, पटना के समाचार संपादक अश्निनी सिंह से संपर्क किया और उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि यह वीडियो पुराना है। वायरल वीडियो को शेयर करने वाले पेज को फेसबुक पर दो लाख से अधिक लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: बिहार में नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर महगठबंधन में शामिल होने का दावा गलत है। वायरल वीडियो क्लिप 2022 का है, जब नीतीश कुमार ने बीजेपी से अलग होने का फैसला लिया था और इसके बाद उन्होंने तत्कालीन राज्यपाल फागू चौहान को अपना इस्तीफा सौंप दिया था।

  • Claim Review : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिया इस्तीफा।
  • Claimed By : FB User-Kabar news 2
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later