Fact Check: महाकुंभ के आखिरी दिन एयर फोर्स ने नहीं बनाया ऐसा ‘त्रिशूल’ फॉर्मेशन, वायरल तस्वीर पुरानी और असंबंधित है
प्रयागराज में महाकुंभ के आखिरी दिन एयर फोर्स या वायु सेना के विमानों ने एयर शो का आयोजन किया था। हालांकि, इस दौरान विमानों के 'त्रिशूल' फॉर्मेशन बनाए जाने के दावे से वायरल तस्वीर फेक है। भारतीय वायु सेना के विमान गणतंत्र दिवस परेड के दौरान 'त्रिशूल' फॉर्मेशन का निर्माण करते हैं, लेकिन उसकी तस्वीर वैसी नहीं होती है, जैसा कि वायरल पोस्ट में नजर आ रहा है।
- By: Abhishek Parashar
- Published: Mar 3, 2025 at 04:15 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ के समापन के बाद सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें सैन्य विमानों को ‘त्रिशूल’ फॉर्मेशन में देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि प्रयागराज में भारतीय वायु सेना ने महाकुंभ की समाप्ति पर एयर शो के दौरान ‘त्रिशूल’ फॉर्मेशन का निर्माण किया।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। महाकुंभ 2025 के आखिरी दिन भारतीय वायु सेना ने प्रयागराज में एयर शो का आयोजन किया था, लेकिन यह तस्वीर उस फॉर्मेशन की नहीं है। यह तस्वीर सोशल मीडिया पर काफी पहले से मौजूद है, जिसका एयर फोर्स के किसी शो से कोई लेना-देना नहीं है।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘aadesh_know.media’ ने वायरल पोस्ट (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “एयर शो का मुख्य आकर्षण वह था जब 3 सुखोई ने हवा में भगवान शिव के त्रिशूल की आकृति बनाई, जिसने अंतिम दिन वहां उपस्थित सभी लोगों के लिए इस महाकुंभ को यादगार बना दिया।”

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस तस्वीर को समान संदर्भ में शेयर किया है।
पड़ताल
सोशल मीडिया सर्च में हमें ऐसी कई रिपोर्ट्स मिली, जिसमें प्रयागराज महाकुंभ के आखिरी दिन प्रयागराज में एयर शो का आयोजन किया था, लेकिन उसमें जिस फॉर्मेशन का निर्माण किया गया था, वह वायरल तस्वीर से बिल्कुल अलग है।
कई अन्य वीडियो रिपोर्ट्स में हमें इस एयर शो के बारे में जानकारी मिली, जिसमें कहीं से भी पोस्ट में नजर आ रहे ‘त्रिशूल’ फॉर्मेशन का जिक्र नहीं है।
हमारी पड़ताल से स्पष्ट है कि वायरल तस्वीर प्रयागराज महाकुंभ 2025 से संबंधित नहीं है।
सोशल मीडिया पर यह तस्वीर पहले भी भारतीय वायु सेना के ‘त्रिशूल’ फॉर्मेशन के नाम से वायरल हुई थी, जिसे हमने फेक पाया था। इस तस्वीर को लेकर हमने भारतीय एयरफोर्स के पीआरओ अनुपम बनर्जी से बात की थी और उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया था कि वायरल तस्वीर भारतीय एयरफोर्स के विमानों द्वारा बनाये गए ‘त्रिशूल’ की नहीं है।
गौरतलब है कि कि गणतंत्र दिवस के मौके पर आयोजित होने वाले परेड के दौरान एयर शो में वायुसेना के विमान ‘त्रिशूल’ फॉर्मेशन में मार्च करते हैं, लेकिन यह वैसा नहीं होता है, जैसा कि वायरल तस्वीर में दिखाया गया है।
76वें गणतंत्र दिवस के मौके पर भी एयर फोर्स ने ‘त्रिशूल’ फॉर्मेशन के साथ हवाई कौशल का प्रदर्शन किया था, जिसे यहां देखा और यहां जा सकता है।

सर्च में हमें यह तस्वीर किर्लोस्कर ऑयल इंजिंस लिमिटेड की फेसबुक प्रोफाइल पर साझा हुई मिली, जिसे महाशिवरात्रि के मौके पर चार मार्च 2019 को साझा किया गया है।
इसके बाद से ही इस तस्वीर को समय-समय एयर फोर्स के करतब से जोड़कर शेयर किया जाता रहा है। वायरल पोस्ट को फेक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर को इंस्टाग्राम पर करीब एक लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। महाकुंभ से संबंधित अन्य वायरल दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को यहां पढ़ा जा सकता है।
निष्कर्ष: प्रयागराज में महाकुंभ के आखिरी दिन एयर फोर्स या वायु सेना के विमानों ने एयर शो का आयोजन किया था। हालांकि, इस दौरान विमानों के ‘त्रिशूल’ फॉर्मेशन बनाए जाने के दावे से वायरल तस्वीर फेक है। भारतीय वायु सेना के विमान गणतंत्र दिवस परेड के दौरान ‘त्रिशूल’ फॉर्मेशन का निर्माण करते हैं, लेकिन उसकी तस्वीर वैसी नहीं होती है, जैसा कि वायरल पोस्ट में नजर आ रहा है।
- Claim Review : प्रयागराज महाकुंभ के आखिरी दिन एयर फोर्स के विमानों ने बनाया 'त्रिशूल' फॉर्मेशन।
- Claimed By : Insta User- aadesh_know.media
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












