Fact Check: कर्नाटक के सकलेशपुर रेलवे टनल के नाम से वायरल वीडियो वास्तविक नहीं सिंथेटिक है, AI की मदद से बनाया गया है
कर्नाटक में सकलेशपुर के समीप येदेकुमेरी रेलवे टनल के नाम से वायरल हो रहा वीडियो (जिसमें एक साथ तीन ट्रेनों को एक-दूसरे के ऊपर से गुजरते हुए देखा जा सकता है।) वास्तविक नहीं, बल्कि सिंथेटिक मीडिया है, जिसे एआई टूल की मदद से बनाय गया है।
- By: Abhishek Parashar
- Published: Mar 11, 2025 at 04:52 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई यूजर्स एक वीडियो को शेयर करते हुए इसे इंजीनियरिंग का नायाब नमूना बता रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि यह पश्चिमी घाट की पहाड़ियों पर स्थित सकलेशपुर टनल का वीडियो है, जहां से एक साथ तीन अलग-अलग रेलवे ट्रैक एक-दूसरे को परस्पर क्रॉस करते हुए गुजरती हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। वायरल हो रहा वीडियो किसी भी वास्तविक रेलवे टनल का नहीं है, बल्कि यह सिंथेटिक मल्टीमीडिया है, जिसे एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
क्या है वायरल?
विश्वास न्यूज के टिपलाइन नंबर +91 9599299372 पर कई यूजर्स ने इस वीडियो को इंजीनयरिंग का नायाब नमूना बताते हुए लिखा है, “इस गुफा से एक साथ तीन अलग अलग ट्रैक पर तीन ट्रेने निकलती है । यह एक दुर्लभ और आकर्षक दृश्य है जो रेलवे प्रेमियों के लिए बहुत ही रोमांचक होता है । यह टनल पश्चिमी घाट की पहाड़ियों में स्थित है सकलेशपुर टनल भारतीय रेलवे के दक्षिण पश्चिम रेलवे जोन में स्थित है और यह मंगलुरु बेंगलुरु रेलवे लाइन पर स्थित है । ये टनल लगभग चार सौ मीटर लम्बी है और इसे ब्रिटिश काल में उन्नीसवीं सदी में बनाया गया था । ये टनल इंजीनियरिंग का एक शानदार नमूना है क्योंकि इसे पहाड़ियों को काटकर बनाया गया है और ये तीन अलग अलग ट्रैक्स को समर्थन देती है । जब एक साथ तीन ट्रेने इस टनल से गुजरती है तो यह दृश्य बेहद आकर्षक और अद्भुत लगता है ।”

कई अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर यूजर्स इस वीडियो को समान दावे के साथ शेयर कर रहे हैं।
पड़ताल
वायरल वीडियो क्लिप को सकलेशपुर टनल का बताया गया है और इस आधार पर सर्च करने पर हमें कई यू-ट्यूबर और कंटेंट क्रिएटर्स का वीडियो ब्लॉग या वीडियो मिला, जिसमें उन्होंने पश्चिम घाट स्थित येदेकुमेरी रेलवे ब्रिज का जिक्र किया है, जो सकलेशपुर और कुके सुब्रमण्या के बीच स्थित रेलवे लाइन है।
शंकर सुब्रमण्यन नाम के यू-ट्यूब चैनल से इस रेलवे ब्रिज के वीडियो को अपलोड किया गया है, जो पहाड़ों के बीच सुरंग से होकर गुजरती है।
हमने इस वीडियो को लेकर शंकर सुब्रमण्यन से संपर्क किया और उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि यह वीडियो ” कर्नाटक में सकलेशपुर के समीप येदेकुमेरी रेलवे ट्रैक का है।”
‘The GreenStay Sakleshpur’ नामक यू-ट्यूब चैनल पर भी येदेकुमेरी ब्रिज सकलेशपुर का वीडियो मौजूद है।
इन सभी वीडियो को देखकर साफ हो जाता है कि वायरल हो रहा वीडियो क्लिप येदेकुमेरी ब्रिज सलकेशपुर का नहीं है।
trippyigloo.com वेबसाइट पर मौजूद आर्टिकल के मुताबिक, यह भारत का सर्वाधिक ग्रीन रेलवे ट्रेक है। इसके मुताबिक, “ग्रीन रूट रेलवे ट्रेक सकलेशपुर में सबसे लोकप्रिय ट्रेक है। इस ट्रेक को ट्रेकर्स पैराडाइज के नाम से जाना जाता है क्योंकि इस ट्रेक के दौरान कई खूबसूरत प्राकृतिक आकर्षण देखने को मिलते हैं और इसलिए भी क्योंकि यह ट्रेक पश्चिमी घाट के बीच में है। यह ट्रेक सकलेशपुर से शुरू होकर कुक्के सुब्रमण्य रेलवे स्टेशन तक जाता है। आप इस ट्रेक को डोनिगल रेलवे स्टेशन से भी शुरू कर सकते हैं और येदकुमारी रेलवे स्टेशन पर खत्म कर सकते हैं। ट्रेक के दौरान आप खूबसूरत वनस्पतियों और जीवों को भी देख सकते हैं। ट्रेक के दौरान रेलवे सुरंगें भी हैं, जिनसे आपको गुजरना पड़ता है जो इसे काफी दिलचस्प अनुभव बनाती हैं।”
इसके बाद हमने वायरल वीडियो की प्रमाणिकता को चेक किया। वीडियो को देखने से स्पष्ट हो जाता है कि यह वास्तविक नहीं है। इसलिए हमने इस वीडियो को एआई डिटेक्टर टूल की मदद से चेक किया। बफलो यूनिवर्सिटी के डीपफेक-ओ-मीटर टूल की एनालिसिस में इस वीडियो के एआई से बने होने की संभावना की पुष्टि होती है।

एनालिसिस के मुताबिक, इस वीडियो के वास्तविक होने की संभावना 10.47 फीसदी और फेक होने की संभावना 89.53 फीसदी है। इस टूल के अन्य मॉडल की एनालिसिस में भी इस वीडियो के एआई से बने होने की संभावना की पुष्टि होती है।
सकलेशपुर के समीप येदेकुमेरी रेलवे ट्रेक और ट्रैक के वीडियो को लेकर हमने बेंगलुरु स्थित पत्रकार गिरधर नारायण से संपर्क किया और उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया, “इस रूट पर रेलवे का परिचालन जारी है। हालांकि, भीड़ की वजह से ट्रेकिंग को अब प्रतिबंधित कर दिया गया है।”
निष्कर्ष: कर्नाटक में सकलेशपुर के समीप येदेकुमेरी रेलवे टनल के नाम से वायरल हो रहा वीडियो (जिसमें एक साथ तीन ट्रेनों को एक-दूसरे के ऊपर से गुजरते हुए देखा जा सकता है।) वास्तविक नहीं, बल्कि सिंथेटिक मीडिया है, जिसे एआई टूल की मदद से बनाय गया है।
- Claim Review : कर्नाटक के सकलेशपुर टनल का वीडियो।
- Claimed By : Tipline User
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












