Fact Check: मंच पर ट्रंप को थप्पड़ मारे जाने का दावा FAKE, वायरल वीडियो एडिटेड है
सार्वजनिक सभा को संबोधित करने के दौरान डोनाल्ड ट्रंप को पीटे जाने के दावे से वायरल हो रहा वीडियो फेक है, जिसे एडिट कर तैयार किया गया है। ऑरिजिनल वीडियो 2016 में ट्रंप की चुनाव रैली का है, जब एक प्रदर्शनकारी ने मंच पर चढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद सीक्रेट सर्विस के एजेंट ने उन्हें अपने सुरक्षा घेरे में ले लिया था।
- By: Abhishek Parashar
- Published: Apr 10, 2025 at 12:53 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। टैरिफ वॉर को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इन दिनों सुर्खियों में हैं और इसी संदर्भ में उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक मंच पर सभा को संबोधित कर रहे हैं और इसी दौरान एक युवक उन्हें पीछे से थप्पड़ मारकर निकल जाता है। वीडियो को शेयर किए जाने के समय से यह प्रतीत हो रहा है कि यह हाल की घटना है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस वीडियो को फेक पाया, जिसे एडिट कर तैयार किया गया है। ऑरिजिनल वीडियो 2016 में ट्रंप की चुनाव रैली का है, जब उनकी सभा में मौजूद कुछ लोगों के चिल्लाने की आवाज आई थी और फिर सुरक्षा बलों ने मंच पर आकर उन्हें अपने घेरे में ले लिया था। इस दौरान प्रदर्शनकारी उनकी मंच की तरफ दौड़ा था, जिसे सुरक्षा बलों ने काबू में कर लिया था।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘Siddharth Vallabh’ ने वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, ” क्या कथ्य है! क्या शिल्प है! गौर कीजिए, यहाँ ‘महाबीरवा वाला’ साइलेंट है। बहरहाल, इसी अलंकार को हमारे यहाँ शास्त्रों में ‘तड़ियाना’ कहा गया है।”

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो क्लिप को समान और मिलते-जुलते दावे के साथ शेयर किया है।
पड़ताल
वायरल वीडियो में ट्रंप एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए नजर आ रहे हैं और इसी दौरान एक व्यक्ति पीछे से आता है और उन्हें थप्पड़ मारकर निकल जाता है और फिर सुरक्षा बल मंच पर आकर ट्रंप को अपने घेरे में ले लेते हैं।
वायरल क्लिप के ऑरिजिनल सोर्स को ढूंढने के लिए हमने इसके की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया। सर्च में हमें यह वीडियो सीबीएस न्यूज के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल पर मिला, जो करीब नौ वर्ष पुराना है।
12 मार्च 2016 को अपलोड किए गए इस वीडियो बुलेटिन में दी गई जानकारी के मुताबिक, डोनाल्ड ट्रंप की वंडालिया, ओहायो रैली में एक प्रदर्शनकारी ने मंच पर चढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद सीक्रेट सर्विस के एजेंट उन्हें बचाने के लिए दौड़ पड़े।
अन्य न्यूज रिपोर्ट्स में भी इस घटना (ओहायो के डेटन) का समान संदर्भ में जिक्र है। हमें किसी भी वीडियो रिपोर्ट्स में ऐसा कुछ नहीं मिला, जैसा कि वीडियो क्लिप में दावा किया गया है। एबीसी न्यूज.गो.कॉम की वेबसाइट पर हमें इस घटना का दूसरे एंगल से अपलोड किया हुआ वीडियो मिला, जिसमें भीड़ से एक व्यक्ति को ट्रंप के मंच की तरफ दौड़ लगाते हुए देखा जा सकता है।
वायरल वीडियो को लेकर हमने विदेशी मामलों को कवर करने वाले दैनिक जागरण के पत्रकार जे पी रंजन से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि इस रैली में ऐसी कोई घटना सामने नहीं आई थी।
न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक, 13 जुलाई 2024 को पेन्सिलवेनिया के बटलर में ट्रंप पर जानलेवा हमला हुआ था, जब वे रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति के उम्मीदवार के तौर पर प्रचार कर रहे थे।
वायरल वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब छह हजार लोग फॉलो करते हैं। विदेश मामलों से संबंधित अन्य वायरल दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट को विश्वास न्यूज ने दुनिया सेक्शन में पढ़ा जा सकता है।
निष्कर्ष: सार्वजनिक सभा को संबोधित करने के दौरान डोनाल्ड ट्रंप को पीटे जाने के दावे से वायरल हो रहा वीडियो फेक है, जिसे एडिट कर तैयार किया गया है। ऑरिजिनल वीडियो 2016 में ट्रंप की चुनाव रैली का है, जब एक प्रदर्शनकारी ने मंच पर चढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद सीक्रेट सर्विस के एजेंट ने उन्हें अपने सुरक्षा घेरे में ले लिया था।
- Claim Review : मंच पर ट्रंप की थप्पड़ से पिटाई।
- Claimed By : FB User-Siddharth Vallabh
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












