Fact Check : 2016 में तुर्किये में हुई रूस के राजदूत की हत्या के वीडियो को भ्रामक दावे के साथ किया जा रहा है वायरल
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह वीडियो 2016 का है, जब तुर्किये में रूस के राजदूत आंद्रेई कार्लोव को एक बंदूकधारी बॉडीगार्ड ने गोली मार दी थी। ख़बरों के अनुसार, कार्लोव एक आर्ट गैलरी में भाषण दे रहे थे, जिस समय ये घटना हुई। ख़बरों में हमले की वजह पॉलिटिकल बताई गयी थी।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Apr 21, 2025 at 02:26 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक बॉडीगार्ड को एक व्यक्ति को गोली मारते देखा जा सकता है। पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि ‘ईशनिंदा’ से आहत बॉडीगार्ड ने स्टेज पर ही उस व्यक्ति को मार डाला, जिसकी सुरक्षा में वह तैनात था।
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह वीडियो 2016 का है, जब तुर्किये में रूस के राजदूत आंद्रेई कार्लोव को एक बंदूकधारी बॉडीगार्ड ने गोली मार दी थी। ख़बरों के अनुसार, कार्लोव एक आर्ट गैलरी में भाषण दे रहे थे, जिस समय ये घटना हुई। ख़बरों में हमले की वजह पॉलिटिकल बताई गयी।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर Srk Sharukh Aajad Khan ने 15 अप्रैल 2025 को वायरल वीडियो को शेयर किया, जिसके ऊपर लिखा है, “नबी की शान में गुस्ताखी कर रहा था, बॉडीगार्ड ने स्टेज पर ही गोली से भून दिया। अल्लाहु अकबर live show में ही शूट कर दिया।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। हमें यह असली वीडियो कई सोशल मीडिया हैंडल्स पर 2016 में अपलोड मिला। साथ दी गयी जानकारी में बताया गया कि यह घटना 2016 की है, जब तुर्किये में रूस के राजदूत आंद्रेई कार्लोव को एक बंदूकधारी बॉडीगार्ड ने गोली मार दी थी।

यहां से क्लू लेते हुए कीवर्ड सर्च करने पर हमें इस मामले में कई खबरें मिलीं। सीएनएन की 20 दिसंबर 2016 की खबर के अनुसार, रूसी राजदूत आंद्रेई कार्लोव की हत्या करने वाले तुर्किये के पुलिस अधिकारी मेव्लुट मर्ट अल्टिनटास ने राजदूत को गोली मारने के बाद सीरिया के अलेप्पो की स्थिति का हवाला देते हुए अरबी और तुर्की भाषा में नारे लगाए थे। इससे संकेत मिलता है कि उसका हमला सीरियाई गृहयुद्ध में रूस की भागीदारी से उत्पन्न असंतोष से प्रेरित था।

रॉयटर्स की 20 दिसंबर 2016 की खबर के अनुसार भी हमलावर ने गोली मारने के बाद सीरिया के अलेप्पो की स्थिति का हवाला देते हुए अरबी और तुर्की भाषा में नारे लगाए थे।
इसके बाद हमने वायरल वीडियो को डाउनलोड करके उनकी ट्रांसक्रिप्ट निकाली। इसके अनुसार, गोली मारे जाने से पहले रूसी राजदूत आंद्रेई कार्लोव रूसी आर्ट के बारे में बात करते हुए कह रहे थे, “इस गैलरी में 20-30 मिनट में भी आप रूस देख पाएंगे।” इसके बाद उन्होंने वहां मौजूद लोगों को रूस आने का निमंत्रण दिया और कहा, “रूस एक दिलचस्प जगह है। आपको वहां आना चाहिए।”

हमने इस मामले में पुष्टि के लिया दैनिक जागरण में अंतरराष्ट्रीय मामलों को कवर करने वाले वरिष्ठ पत्रकार जेपी रंजन से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि यह वीडियो 2016 का है, जब अंकारा में एक आर्ट प्रदर्शनी में बोलते समय रूस के राजदूत आंद्रेई कार्लोव को एक बंदूकधारी बॉडीगार्ड ने गोली मार दी थी। हमलावर ने गोली मारने के बाद सीरिया और अलेप्पो को लेकर नारे लगाए थे।
अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि फेसबुक यूजर Srk Sharukh Aajad Khan (Drx Sharukh Aajad) को 10000 से अधिक लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह वीडियो 2016 का है, जब तुर्किये में रूस के राजदूत आंद्रेई कार्लोव को एक बंदूकधारी बॉडीगार्ड ने गोली मार दी थी। ख़बरों के अनुसार, कार्लोव एक आर्ट गैलरी में भाषण दे रहे थे, जिस समय ये घटना हुई। ख़बरों में हमले की वजह पॉलिटिकल बताई गयी थी।
- Claim Review : 'ईशनिंदा' से आहत बॉडीगार्ड ने स्टेज पर ही उस व्यक्ति को मार डाला, जिसकी सुरक्षा में वह तैनात था।
- Claimed By : Facebook user Srk Sharukh Aajad Khan
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












