X
X

Fact Check: मुस्लिम वेशभूषा में हिंदू युवकों के पकड़े जाने का मुर्शिदाबाद हिंसा से संबंध नहीं, पुराना वीडियो भ्रामक दावे से वायरल

पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार में रमजान के दौरान बिहार के दो हिंदू युवकों के मुस्लिम युवक के वेश में पकड़े जाने की पुरानी घटना को मुर्शिदाबाद हिंसा का बताकर शेयर किया जा रहा है।

  • By: Abhishek Parashar
  • Published: Apr 21, 2025 at 05:40 PM
  • Updated: Apr 22, 2025 at 11:22 AM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में वक्फ संशोधन अधिनियम के खिलाफ हुई हिंसा से जोड़कर एक तस्वीर को शेयर किया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में मुस्लिम टोपी पहने बिहार के दो हिन्दू युवकों को पकड़ा गया है, जो वहां माहौल खराब करने पहुंचे थे।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को भ्रामक पाया। वायरल हो रही तस्वीर का मुर्शिदाबाद हिंसा से कोई संबंध नहीं है। यह तस्वीर रमजान के दौरान की अलीपुरद्वार की है, जहां बिहार के दो हिंदू युवकों को मुस्लिमों के वेश में भीख मांगते हुए पकड़ा गया था। यह घटना मार्च महीने में हुई थी, जिसका हालिया मुर्शिदाबाद हिंसा से कोई संबंध नहीं है।

न्यूज रिपोर्ट्स के मुताबिक, वक्फ संशोधन कानून के खिलाफ हुई हिंसा के मामले में अब तक करीब 300 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस हिंसा में पिता-पुत्र की हत्या समेत तीन लोगों की मौत हुई थी।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘The Live Tv सच सबसे आगे’ ने वायरल पोस्ट (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में मुस्लिम टोपी पहने बिहार के दो हिन्दु युवकों को पकड़ा गया है. दोनों माहौल खराब करने के मकसद से वहां पहुंचे थे। बीजेपी सांसद अर्जुन सिंह ने कहा था. बिहार और झारखंड के हिन्दुओं को ले जाऊंगा मुर्शिदाबाद खाली कराऊंगा. #journalistdanishhasan #bengalvoillance #india #Bengali #Murshidabad”

कई अन्य यूजर्स (आर्काइव लिंक) ने इस तस्वीर को समान और मिलते-जुलते दावे के साथ शेयर किया है।

पड़ताल

वायरल तस्वीर के ऑरिजिनल सोर्स को ढूंढने के लिए हमने रिवर्स इमेज सर्च की मदद ली और हमें मोकतादुल आलम नामक फेसबुक यूजर की प्रोफाइल से साझा किया हुआ वीडियो मिला, जिसे चार मार्च को शेयर किया गया है।

पोस्ट के साथ दी गई जानकारी के मुताबिक, “यह अलीपुरद्वार  जिले में फलाकाट थाना क्षेत्र की घटना है, जहां रमजान के दौरान हिंदू युवक मुस्लिम के वेश में पकड़े गए थे।”

एक अन्य पोस्ट में दो लोगों को फलाकाटा पुलिस स्टेशन के बाहर इस घटना का विवरण देते हुए देखा और सुना जा सकता है। पोस्ट के साथ दी गई जानकारी के मुताबिक, “बिहार से आये विदेशी अपराधी/अपराधी अपनी धार्मिक पहचान बदलकर अलीपुरद्वार के फालाकाटा में घूम रहे थे। विदेशी लोग बंगाल के शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। इस संबंध में अलीपुरद्वार जिले के बंगाली पक्ष ने आज फालाकाटा थाने में एक शिकायत दी।”

हमारी जांच से स्पष्ट है वायरल हो रहा वीडियो मुर्शिदाबाद हिंसा से संबंधित नहीं है। मुर्शिदाबाद में हिंसा वक्फ संशोधन (विधेयक) के अधिनियम बनने के बाद भड़की थी। वायरल पोस्ट को लेकर हमने इस हिंसा को कवर करने वाले हमारे सहयोगी दैनिक जागरण के संवाददाता मोहन झा से संपर्क किया। उन्होंने कहा, ये तस्वीरें और संबंधित घटना मुर्शिदाबाद हिंसा की नहीं है।

न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक, मुर्शिदाबाद हिंसा में पिता और पुत्र (हरगोविंद दास और चंदन दास) की हत्या के मुख्य आरोपी जियाउल शेखर को गिरफ्तार कर लिया है।

इस हत्या मामले में पुलिस पहले ही आरोपी कालू नादर और दिलदार व इंजमाम उल हक को गिरफ्तार कर चुकी है। रिपोर्ट के मुताबिक, मुर्शिदाबाद हिंसा में 100 से अधिक एफआईआर हुई है।

झा ने बताया, “इस हिंसा मामले में अभी तक कुल 293 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।”

गौरतलब है कि मुर्शिदाबाद  जिले में वक्फ संशोधन अधिनियम के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन में हिंसा हुई। बताते चलें कि संसद के दोनों सदनों में लंबी बहस के बाद वक्फ (संशोधन) अधिनियम को पारित कर दिया गया। इसके बाद पांच अप्रैल को इसे राष्ट्रपति की मंजूरी मिली और फिर इसे आधिकारिक रूप से अधिसूचित कर दिया, जिसके बाद यह कानून आठ अप्रैल 2025 को पूरे देश में लागू हो गया।

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, मुर्शिदाबाद में हुई हिंसा के बाद 400 से अधिक लोगों को पलायन करना पड़ा है।

वायरल वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर को तीन हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। मुर्शिदाबाद हिंसा से संबंधित अन्य वायरल दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट को विश्वास न्यूज की वेबसाइट पर जा सकता है।

निष्कर्ष: पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार में रमजान के दौरान बिहार के दो हिंदू युवकों के मुस्लिम युवक के वेश में पकड़े जाने की पुरानी घटना को मुर्शिदाबाद हिंसा का बताकर शेयर किया जा रहा है।

  • Claim Review : पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में मुस्लिम टोपी पहने पकड़े गए बिहार के दो हिन्दू युवा।
  • Claimed By : FB User-The Live Tv सच सबसे आगे
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later