X
X

Fact Check: बंगाल के मुर्शिदाबाद में वक्फ संशोधन कानून के खिलाफ हुई हिंसा और मौतें, लेकिन यह वीडियो जयपुर का है

राजस्थान के जयपुर में संपत्ति विवाद को लेकर हुई हिंसा के वीडियो को वक्फ कानून के खिलाफ पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में हुई हिंसा का बताकर शेयर किया जा रहा है। मुर्शिदाबाद में हुई हिंसा में पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मृत्यु हुई थी और रिपोर्ट्स के मुताबिक, 400 लोगों को पलायन करना पड़ा है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। वक्फ अधिनियम के खिलाफ पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में हुई हिंसा की वजह से हिंदू समुदाय को पलायन करना पड़ा। इसी संदर्भ में एक वीडियो शेयर किया जा रहा है, जिसमें दो गुटों के बीच मारपीट और पत्थरबाजी को देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो मुर्शिदाबाद हिंसा का है, जहां हिंसा की वजह से हिंदू समुदाय को पलायन करना पड़ा।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को भ्रामक पाया।  यह सही है कि मुर्शिदाबाद में हुई हिंसा की वजह से करीब 400 से अधिक लोगों को पलायन करना पड़ा है, लेकिन इस दावे के साथ वायरल हो रहा यह वीडियो मुर्शिदाबाद का नहीं, बल्कि जयपुर में संपत्ति को लेकर हुए विवाद का मामला था, जिसमें कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं था।

न्यूज रिपोर्ट्स के मुताबिक, वक्फ संशोधन कानून के खिलाफ हुई हिंसा के मामले में अब तक करीब 200 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस हिंसा में तीन लोगों की मौत हुई थी।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘अशोक सनातनी  (Captainakki)’ ने वायरल वीडियो को शेयर करते हुए लिखा है, “*जिस घर में बैठ कर IPL देख रहें हों परिवार समेत उससे ऐसे ही खदेड़ कर भगाएं जाओगे..!!* मुर्शिदाबाद दंगे।”

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान और मिलते जुलते दावे के साथ शेयर किया है।

पड़ताल

वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें यह वीडियो इंडिया टीवी के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल पर मिला, जिसे नौ अप्रैल 2024 को शेयर किया गया है।

दी गई जानकारी के मुताबिक, “जयपुर में जमीन कब्जे को लेकर दो गुटों में विवाद हुआ और पत्थर भी चले, जिसमें पांच लोग घायल हो गए।” रिपोर्ट के मुताबिक, “40-50 बदमाशों ने एक परिवार पर हमला किया। इस दौरान हुई पत्थरबाजी में महिला समेत पांच लोग जख्मी हो गए।”

इसी आधार पर हमें राजस्थान एनडीटीवी.इन की वेबसाइट पर नौ अप्रैल 2024 की रिपोर्ट मिली, जिसमें वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट को देखा जा सकता है। इस रिपोर्ट में उपरोक्त घटना का समान संदर्भ में जिक्र है।

रिपोर्ट के मुताबिक, “16 बीघे पुश्तैनी जमीन पर भरतपुर के बयाना निवासी सुभाष चंद व नंद किशोर कब्जा करना चाहते हैं। इससे पहले भी 19 फरवरी को इस जमीन को लेकर विवाद हुआ था।”

हमारी जांच से स्पष्ट है कि वायरल वीडियो का संबंध जयपुर में हुई जमीनी विवाद से है, जिसमें दोनों पक्ष समान समुदाय से संबंधित है। वायरल वीडियो क्लिप को लेकर हमने दैनिक जागरण के जयपुर संवाददाता नरेंद्र शर्मा से संपर्क किया और उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि यह जयपुर में संपत्ति विवाद को लेकर हुई पुरानी घटना का वीडियो है।

यह वीडियो पहले भी सांप्रदायिक दावे के साथ वायरल होता रहा है, जिसकी फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।

गौरतलब है कि वक्फ संशोधन अधिनियम के खिलाफ पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में हुई हिंसा में पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मृत्यु हुई थी और इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, 400 लोगों को पलायन करना पड़ा है।

एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक, इस हिंसा में 200 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

संसद के दोनों सदनों से पारित होने के बाद राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने के पश्चात वक्फ (संशोधन) विधेयक 2025 अब अधिनियम बन चुका है।

वायरल वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब 26 हजार लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: राजस्थान के जयपुर में संपत्ति विवाद को लेकर हुई हिंसा के वीडियो को वक्फ कानून के खिलाफ पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में हुई हिंसा का बताकर शेयर किया जा रहा है। मुर्शिदाबाद में हुई हिंसा में पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मृत्यु हुई थी और रिपोर्ट्स के मुताबिक, 400 लोगों को पलायन करना पड़ा है।

  • Claim Review : पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में हुई हिंसा के बाद खदेडे़ गए हिंदू।
  • Claimed By : FB User-अशोक सनातनी (Captainakki)
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later