Fact Check : जापान के वीडियो को दिल्ली में आई बाढ़ बता किया जा रहा है वायरल
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि दिल्ली के नाम पर वायरल वीडियो असल में जापान में आई बाढ़ का है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Apr 25, 2025 at 04:52 PM
- Updated: Apr 25, 2025 at 05:07 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें बिल्डिगों के बीच से तेज बहाव में बहते बाढ़ के पानी को देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह दिल्ली का वीडियो है।
विश्वास न्यूज ने इस वीडियो की पड़ताल की और पाया कि यह दावा गलत है। असल में यह वीडियो पुराना है और जापान का है। दिल्ली में ऐसी कोई बाढ़ नहीं आयी है।
क्या हो रहा है वायरल ?
इंस्टाग्राम यूजर sarojsaini_01 ने 23 अप्रैल 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “आज सुबह 6:30 बजे, दिल्ली में भयानक हादसा।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेमस को गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। हमें यह वीडियो aidacitraida नामक के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 4 जुलाई 2021 को अपलोड मिला। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो जापान का था।

इस वीडियो को लेकर एक न्यूज रिपोर्ट हमें वियतनामी न्यूज पोर्टल 24h पर भी मिली। 4 जुलाई 2021 को प्रकाशित रिपोर्ट में वीडियो जापान के शिजुका और कानागावा इलाके में आई बाढ़ का बताया गया।
ऑस्ट्रेलियाई न्यूज चैनल 10 News First के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर भी हमें वायरल वीडियो जुलाई 2021 की एक पोस्ट में मिला। कैप्शन में वीडियो को जापान का बताया गया।
यह वीडियो एक बार पहले भी गलत दावे के साथ वायरल हुआ था और उस समय भी विश्वास न्यूज़ ने इसकी पड़ताल की थी। उस समय पुष्टि के लिए हमने टोक्यो में रहने वाली स्वतंत्र पत्रकार ईवा कैस्पर से बात की थी। उन्होंने कन्फर्म किया था कि यह वीडियो जापान का है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इंस्टाग्राम यूजर sarojsaini_01 को 22000 से अधिक लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि दिल्ली के नाम पर वायरल वीडियो असल में जापान में आई बाढ़ का है।
- Claim Review : यह दिल्ली में आई बाढ़ का वीडियो है।
- Claimed By : Instagram User sarojsaini_01
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












