Fact Check: नासिक में हुए सुखोई हादसे का वीडियो राफेल गिराने के फर्जी दावे के साथ वायरल
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि यह वीडियो जून 2024 का है, जब भारतीय वायुसेना का सुखोई लड़ाकू विमान महाराष्ट्र के नासिक में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
- By: Pallavi Mishra
- Published: May 2, 2025 at 05:51 PM
- Updated: Jun 2, 2025 at 04:19 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्ते काफी तनावपूर्ण स्थिति में है। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक मैदान में आग की लपटें उठती देखी जा सकती हैं। वीडियो को शेयर कर कुछ पाकिस्तानी सोशल मीडिया अकाउंट दावा कर रहे हैं कि पाकिस्तानी वायुसेना ने पुंछ सेक्टर के पास भारतीय राफेल लड़ाकू विमान को मार गिराया। वहीं, इसी वीडियो को कुछ भारतीय एकाउंट्स द्वारा भी इस दावे के साथ शेयर किया जा रहा है कि भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तानी वायुसेना के लड़ाकू विमान को मार गिराया।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इन सभी दावों को फेक पाया। असल में यह वीडियो जून 2024 का है, जब भारतीय वायुसेना का सुखोई लड़ाकू विमान महाराष्ट्र के नासिक में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
क्या है वायरल?
X यूजर यूजर ‘@stealthychad’ (अकरम पटेल) ने इस वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर किया और साथ में लिखा “Rafale fighter jet shot down over Poonch sector by Pakistani HQ-9 Air Defence System.(राफेल लड़ाकू विमान को पाकिस्तानी वायु रक्षा प्रणाली एचक्यू-9 द्वारा पुंछ सेक्टर में मार गिराया गया।)।”

वहीँ Zen Blend Hub नाम के फेसबुक यूजर ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा “In a significant development, the Indian Air Force has reportedly shot down a Pakistani F-16 jet, delivering a strong message. This incident serves as a reality check, highlighting the IAF’s capabilities. (भारतीय वायु सेना ने कथित तौर पर एक पाकिस्तानी एफ-16 जेट को मार गिराया है, जो एक कड़ा संदेश है। यह घटना एक वास्तविकता की जांच के रूप में कार्य करती है, जो भारतीय वायुसेना की क्षमताओं को उजागर करती है।)”

पड़ताल
दावे की पड़ताल के लिए हमने सबसे पहले कीवर्ड्स की मदद से ढूंढा कि भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच क्या लड़ाकू विमान के गिराए जाने की ऐसी कोई घटना सामने आई है? हमें कहीं भी ऐसी कोई प्रामाणिक रिपोर्ट नहीं मिली।
इसके बाद वीडियो को जांचने के लिए हमने इसके स्क्रीनशॉट्स को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। हमें यह वीडियो कई सोशल मीडिया एकाउंट्स पर जून 2024 में अपलोड मिला। यहां इसे नासिक में सुखोई Su-30MKI लड़ाकू विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने का बताया गया।
ईटी नाउ की 4 जून 2024 की एक सोशल मीडिया पोस्ट में इस वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा गया, “भारतीय वायु सेना का एक सुखोई लड़ाकू विमान आज महाराष्ट्र के नासिक में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हालांकि, दोनों पायलट दुर्घटना से पहले ही सुरक्षित बाहर निकल आये।”

कीवर्ड्स से ढूंढ़ने पर हमें इस घटना को लेकर कई खबरें मिलीं। सीएनबीसी की 4 जून 2024 की खबर के अनुसार, “भारतीय वायुसेना (आईएएफ) का सुखोई लड़ाकू विमान – Su-30 MKI – मंगलवार को महाराष्ट्र के नासिक जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। नासिक रेंज के विशेष महानिरीक्षक डीआर कराले ने पीटीआई को बताया कि पायलट और सह-पायलट सुरक्षित बाहर निकल आए और उन्हें हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के अस्पताल ले जाया गया।”
वीडियो को लेकर हमने भारतीय एयरफोर्स के पीआरओ से संपर्क किया, जिन्होंने कन्फर्म किया कि यह वीडियो 4 जून 2024 को हुई घटना का है।
वायरल वीडियो को फर्जी दावे के साथ शेयर करने वाले पाकिस्तानी X अकाउंट @stealthychad को 200 से अधिक यूजर फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि यह वीडियो जून 2024 का है, जब भारतीय वायुसेना का सुखोई लड़ाकू विमान महाराष्ट्र के नासिक में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
- Claim Review : राफेल लड़ाकू विमान को पाकिस्तानी वायु रक्षा प्रणाली एचक्यू-9 द्वारा पुंछ सेक्टर में मार गिराया गया।
- Claimed By : X User @stealthychad’
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












