X
X

Fact Check: कोविड-19 के बढ़ते मामलों की वजह से फिर से लॉकडाउन लगने का यह दावा फेक 

कोविड-19 के कारण दोबारा लॉकडाउन लगने का वायरल दावा गलत है। केंद्र सरकार की तरफ से इस तरह का कोई एलान नहीं किया गया है। हालांकि, कोविड-19 के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। 

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Jun 7, 2025 at 05:01 PM
  • Updated: Jun 7, 2025 at 05:03 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। कोविड-19 के मामले एक बार फिर से देश में बढ़ रहे हैं। ऐसे में इसी से जोड़ते हुए एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। पोस्ट में शेयर कर दावा किया जा रहा है कि कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने एक बार फिर से लॉकडाउन लगाने का फैसला किया है और आठ जून से लेकर 11 जून तक देशभर में लॉकडाउन होगा। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। केंद्र सरकार की तरफ से इस तरह का कोई एलान नहीं किया गया है। हालांकि, देश में एक बार फिर से कोविड-19 के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। 

क्या हो रहा है वायरल ?

इंस्टाग्राम यूजर ankit_rathour1527 ने 4 जून 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “मोदी का बड़ा फैसला 3 दिन का लगेगा लॉक डाउन।”

पोस्ट पर लिखा हुआ है, “मोदी का बड़ा फैसला कोरोना तेजी से फैल रहा है इस लिए 3 दिन का लगेगा लॉक डाउन… 8 जून से 11 जून तक….. जल्दी जल्दी शेयर करें सब को।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली। पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने पीएम मोदी और भारत सरकार के कई आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट को खंगालना शुरू किया। हमें दावे से जुड़ी कोई पोस्ट वहां पर नहीं मिली। 

जनवरी 2025 में भी इसी तरह का एक दावा वायरल हुआ था, जिसे हमने अपनी जांच में फेक पाया था। जागरण.कॉम की 7 जून 2025 की रिपोर्ट के अनुसार, “देश भर में कोविड-19 के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। आंकड़ों पर नजर डालें तो केवल 15 दिनों में कोविड के सक्रिय मामलों में 20 गुना वृद्धि देखने को मिली है। देश में सक्रिय कोविड मामलों की संख्या 5,755 हो गई है। वहीं, गत 24 घंटों में चार लोगों की जान गई है।”

गौरतलब है कि साल 2020 में कोविड-19 महामारी को रोकने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने देशभर में 21 दिन के लॉकडाउन की घोषणा की थी। गृह मंत्रालय की ओर से जारी 24 मार्च 2020 की एक प्रेस रिलीज के मुताबिक, 24 मार्च की मध्यरात्रि से पूरे देश में 21 दिनों के लिए पूर्ण लॉकडाउन को लगाया गया था। इस लॉकडाउन को बाद में और बढ़ा दिया गया था। 

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण दिल्ली में नेशनल कवर करने वाले संवाददाता नीलू रंजन से संपर्क किया। उन्होंने दावे का खंडन करते हुए इसे गलत बताया है। 

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर इसी तरह के फर्जी दावों को शेयर करता है। यूजर को 36 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि कोविड-19 के कारण दोबारा लॉकडाउन लगने का वायरल दावा गलत है। केंद्र सरकार की तरफ से इस तरह का कोई एलान नहीं किया गया है।

  • Claim Review : 8 जून से लेकर 11 जून तक कोविड-19 की वजह से देशभर में लगेगा लॉकडाउन
  • Claimed By : Inst user ankit_rathour1527 
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later