Fact Check: पिटाई के इस वीडियो का नहीं है डिंपल यादव पर आपत्तिजनक टिप्पणी से कोई लेना- देना
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा भ्रामक है। यह वीडियो मई 2025 का बुलंदशहर में हुई सपा की मीटिंग का है, जहां सपा नेताओं के बीच आपस में ही लड़ाई हो गई थी। इसका मौलाना रशीदी की पिटाई से कोई संबंध नहीं है। इसी वीडियो को अब भ्रामक दावे के साथ फैलाया जा रहा है।
- By: Umam Noor
- Published: Aug 1, 2025 at 07:07 PM
- Updated: Aug 6, 2025 at 04:50 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कन्नौज से लोकसभा सांसद अखिलेश यादव और उनकी पत्नी और मैनपुरी से लोकसभा सांसद डिंपल यादव पिछले दिनों दिल्ली में संसद के पास स्थित एक मस्जिद में गए थे और इसी पर एक न्यूज चैनल पर बहस के दौरान मौलाना साजिद रशीदी ने मस्जिद के अंदर डिंपल के पहनावे को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। इसके बाद मौलाना साजिद रशीदी की नोएडा के TV स्टूडियो में पिटाई की घटना सामने आई थी। इसी से जोड़कर सोशल मीडिया यूजर्स एक वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि अब समाजवादी पार्टी समर्थकों ने एक और मौलाना की पिटाई कर दी है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा भ्रामक है। यह वीडियो मई 2025 का बुलंदशहर में हुई सपा की मीटिंग का है, जहां सपा नेताओं के बीच आपस में ही लड़ाई हो गई थी। इसका मौलाना रशीदी की पिटाई से कोई संबंध नहीं है। इसी वीडियो को अब भ्रामक दावे के साथ फैलाया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट में?
फेसबुक यूजर ने वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “@#% ने तो चुप्पी साध रखी है डिंपल यादव के अपमान पर लेकिन सपाई तो अब मौलाना लोगों को नहीं छोड़ रहे हैं भाई सपाईयों ने कल एक और मौलाना को कूट दिया।”
पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल
अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने वायरल वीडियो के की- फ्रेम्स निकाले और उन्हें गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। सर्च किये जाने पर हमें यह वीडियो एक एक्स हैंडल पर 30 मई 2025 को शेयर किया हुआ मिला। यहां दी गई जानकारी के अनुसार, “बुलंदशहर स्याना में सपा की बैठक में सपा के दो गुटों में हुई गालीगलौज मारपीट।”
इसी बुनियाद पर हमने अपनी पड़ताल को आगे बढ़ाया और हमें यह एनडीटीवी के यूट्यूब चैनल पर भी 30 मई 2025 को अपलोड मिला। जानकारी के अनुसार, “यूपी के बुलंदशहर में समाजवादी पार्टी की बैठक के दौरान जोरदार हंगामा देखने को मिला। बैठक में सपा नेता आपस में भिड़ गए और दलित कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई, उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। इस बैठक में सपा के विधानसभा प्रभारी प्रेमपाल यादव भी मौजूद थे।”
न्यूज सर्च किये जाने पर हमें भास्कर डॉट कॉम की खबर मिली। खबर में बताया गया, स्याना में गुरुवार को समाजवादी पार्टी की बूथ स्तरीय बैठक में दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। हनीफगढ़ी स्थित सपा नेता के कैंप कार्यालय पर आयोजित बैठक में विधानसभा प्रभारी प्रेमपाल यादव मौजूद थे। कार्यकर्ताओं के बीच आपसी विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट शुरू हो गई। वरिष्ठ नेताओं ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। हालात काबू में न आते देख वरिष्ठ नेता बैठक को बीच में ही छोड़कर चले गए।
वहीं, द हिन्दू की 30 जुलाई की खबर के अनुसार, “समाजवादी पार्टी से होने का दावा करने वाले युवकों ने नोएडा में एक न्यूज चैनल के डिबेट शो के बाद मौलाना साजिद रशीदी को पार्टी सांसद डिंपल यादव के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी करने पर थप्पड़ मार दिया।” पूरी खबर यहां पढ़ी जा सकती है।
वायरल वीडियो से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने बुलंदशहर के स्वतंत्र पत्रकार वरुण शर्मा से संपर्क किया। उन्होंने हमें पुष्टि देते हुए बताया कि यह मामला पुराना और डिंपल यादव पर टिप्पणी से संबंधित नहीं है।
अब बारी थी भ्रामक पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि यूजर ‘हिन्दू हरेंद्र जादौन’ को तकरीबन 9 हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा भ्रामक है। यह वीडियो मई 2025 का बुलंदशहर में हुई सपा की मीटिंग का है, जहां सपा नेताओं के बीच आपस में ही लड़ाई हो गई थी। इसका मौलाना रशीदी की पिटाई से कोई संबंध नहीं है। इसी वीडियो को अब भ्रामक दावे के साथ फैलाया जा रहा है।
- Claim Review : अब समाजवादी पार्टी समर्थकों ने एक और मौलाना की पिटाई कर दी है।
- Claimed By : FB User- हिन्दू हरेंद्र जादौन
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












