Fact Check: देहरादून में आई बाढ़ के वीडियो को दिल्ली का बताकर किया जा रहा वायरल
दिल्ली में बाढ़ के नाम से वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो दिल्ली का नहीं, बल्कि देहरादून का है। लगातार कई दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण रिस्पना-बिंदाल नदियां उफान पर आ गई है और कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।
- By: Pragya Shukla
- Published: Aug 14, 2025 at 05:25 PM
- Updated: Aug 14, 2025 at 05:33 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर बाढ़ का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि पानी तेज बहाव से बह रहा है और किनारे पर बना एक मकान ढह जाता है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह दिल्ली में आई बाढ़ का वीडियो है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो दिल्ली का नहीं, बल्कि देहरादून का है। लगातार कई दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण रिस्पना-बिंदाल नदियां उफान पर आ गई है और कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।
क्या हो रहा है वायरल ?
इंस्टाग्राम यूजर ‘दिल्ली का विकास’ ने 12 अगस्त 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “दिल्ली में बाढ़ का कहर।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने इनविड टूल की मदद से वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो कई सोशल मीडिया अकाउंट्स पर मिला। वीडियो को 11 अगस्त 2025 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो दिल्ली नहीं, बल्कि देहरादून का है।
पोस्ट को यहां, यहां, यहां और यहां पर देखा जा सकता है।
प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो Narendra Pratap नाम के पत्रकार के अधिकारिक एक्स अकाउंट पर मिला। वीडियो को 12 अगस्त 2025 को शेयर किया गया था। कैप्शन में वीडियो को देहरादून का बताया गया है।
News Muni और TV News Virus नाम के यूट्यूब चैनल्स ने भी वायरल वीडियो को देहरादून में आई बाढ़ का ही बताते हुए शेयर किया है।
अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण देहरादून के रिपोर्टर गौरव वासुदेव से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह वीडियो देहरादून का है और बिंदाल नदी के पास कावली रोड का है। कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण कई जगहों पर बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।
हमने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए बिंदाल नदी और कावली रोड़ को गूगल मैप पर सर्च किया। हमें वहां पर वायरल वीडियो से मिलती-जुलती तस्वीरें मिली।
दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 14 अगस्त 2025 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, “दिल्ली में लगातार हुई बारिश के कारण यमुना का पानी लगातार बढ़ रहा है। बुधवार शाम को यह चेतावनी स्तर 204.5 मीटर को पार कर गया। यदि यही स्थिति रही तो यह खतरे के निशान 205.35 मीटर को पार कर सकती है। निचले हिस्से में रहने वालों की चिंता बढ़ गई है। जिला प्रशासन उन्हें सतर्क रहने को कहा है। आवश्यकता अनुसार इन्हें सुरक्षित स्थानों पर भेजने की भी तैयारी है। कई इलाकों में जलभराव की समस्या भी देखने को मिल रही है।”
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को तीन हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि दिल्ली में बाढ़ के नाम से वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो दिल्ली का नहीं, बल्कि देहरादून का है। लगातार कई दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण रिस्पना-बिंदाल नदियां उफान पर आ गई है और कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं।
- Claim Review : दिल्ली में आई बाढ़ का वीडियो।
- Claimed By : Inst user delhi_ka_vikas
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












