X
X

Fact Check: यूपी के बलरामपुर का वीडियो भिवानी की मनीषा का बताकर वायरल  

यूपी के बलरामपुर में करीब दो हफ्ते पहले मूक-बधिर युवती का सड़क पर भागते हुए सीसीटीवी फुटेज सामने आया था। वह युवकों से बचकर भाग रही थी। उस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया था। उस घटना के वीडियो को भिवानी की मनीषा का बताकर शेयर किया गया है।

Balrampur viral video, Manisha Case, Haryana News, Bhiwani Crime News, Bhiwani Manisha News,

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। हरियाणा के भिवानी में टीचर मनीषा की मौत का मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इससे जुड़े कई वीडियो वायरल हुए हैं। इनमें से कई एक अन्य युवती के हैं, जिन्हें भिवानी की मनीषा का बताकर शेयर किया गया था।

अब सोशल मीडिया पर मनीषा का बताकर एक अन्य वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवती को सड़क पर भागते हुए देखा जा सकता है। इसमें बाइक सवार युवकों को उसका पीछा करते हुए भी देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को मनीषा का बताते हुए शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल वीडियो यूपी के बलरामपुर में हुई वारदात का है, जहां एक मूक-बधिर युवती आरोपियों से बचकर सड़क पर भागी थी। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया था। उस घटना के सीसीटीवी फुटेज को मनीषा का बताकर गलत दावा किया जा रहा है।

वायरल पोस्ट

इंस्टाग्राम यूजर love_u_hardoi___ ने 18 अगस्त को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है, “जान बचाकर भागती मनीषा।” यूजर ने वीडियो के साथ जस्टिस फॉर मनीषा का हैशटैग भी प्रयोग किया है।

पड़ताल

वायरल वीडियो की जांच के लिए हमने कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। एनडीटीवी इंडिया के फेसबुक पेज पर 13 अगस्त को यह वीडियो क्लिप पोस्ट की गई है। इस पर लिखा है, “यूपी के बलरामपुर में मूक बधिर युवती से गैंगरेप से पहले का सीसीटीवी सामने आया है। इसमें वह सड़क पर आरोपियों से बचने के लिए भागती दिख रही है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों अंकुर वर्मा और हर्षित पांडेय को गिरफ्तार किया है।”

13 अगस्त को आजतक की वेबसाइट पर भी इससे संबंधित खबर छपी है।

23 अगस्त को दैनिक जागरण की वेबसाइट पर छपी खबर के अनुसार, गांव ढाणी लक्ष्मण निवासी प्ले स्कूल की टीचर मनीषा 11 अगस्त को लापता हो गई थी। 13 अगस्त को उसका शव मिला था। इस मामले में विरोध प्रदर्शन होने के बाद हरियाणा सरकार ने इसकी जांच सीबीआई को सौंप दी है। शव का तीसरी बार दिल्ली में एम्स में पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया है। वहीं, इस मामले में पुलिस ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट शेयर करने के आरोप में 34 सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

इस बारे में भिवानी में मनीषा मामले को कवर कर रहे दैनिक जागरण के रिपोर्टर शिव कुमार का कहना है कि वायरल वीडियो का मनीषा मामले से कोई संबंध नहीं है।

यूपी के वीडियो को मनीषा का बताकर शेयर करने वाले यूजर के 5500 से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।

मनीषा मामले से जोड़कर सोशल मीडिया पर कुछ फर्जी व भ्रामक वीडियो वायरल हुए हैं, जिनकी पड़ताल विश्वास न्यूज ने की है।

 

निष्कर्ष: यूपी के बलरामपुर में करीब दो हफ्ते पहले मूक-बधिर युवती का सड़क पर भागते हुए सीसीटीवी फुटेज सामने आया था। वह युवकों से बचकर भाग रही थी। उस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया था। उस घटना के वीडियो को भिवानी की मनीषा का बताकर शेयर किया गया है।

  • Claim Review : सड़क पर भागते हुए भिवानी की मनीषा का वीडियो।
  • Claimed By : Insta User- love_u_hardoi___
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later