Fact Check: जलभराव में पीड़ितों की मदद करते लोगों का वीडियो पंजाब का नहीं
बाढ़ पीड़ितों की मदद करते लोगों के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वीडियो पुराना है और बांग्लादेश का है। साल 2024 में आई बाढ़ के दौरान बांग्लादेश में मदरसा के छात्रों ने आगे बढ़कर बाढ़ के पानी में जाकर पीड़ितों की मदद की थी।
- By: Pragya Shukla
- Published: Sep 10, 2025 at 02:59 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पंजाब में आई बाढ़ से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर जलभराव में खाना देते कुछ लोगों का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोग पानी में l तैरकर खाना बांट रहे हैं। इसे शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो पंजाब का है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वीडियो पुराना है और बांग्लादेश का है। साल 2024 में आई बाढ़ के दौरान बांग्लादेश में मदरसा के छात्रों ने आगे बढ़कर बाढ़ के पानी में जाकर पीड़ितों की मदद की थी।
क्या हो रहा है वायरल ?
इंस्टाग्राम यूजर ‘kaseem_king_khan’ ने 7 सितंबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “पंजाब में बाढ़ अपना कहर बरपा रही है, हमारे हमवतनी भाई परेशान हैं, तमाम लोगों ने मदद के लिए जान लगा रखी है।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो ‘BanglaVision News’ के फेसबुक अकाउंट पर 25 अगस्त 2024 को शेयर किया मिला। बंगाली भाषा में मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो बांग्लादेश में आई बाढ़ का है।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो कई बांग्लादेशी यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 25 अगस्त 2024 को शेयर किया गया था। यहां पर भी वीडियो को बांग्लादेश में आई बाढ़ का ही बताया गया है। कैप्शन में बताया गया है कि मदरसा छात्र बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए और उन्होंने जलभराव में जाकर लोगों की मदद की।
यह वीडियो पहले भी सोशल मीडिया पर अलग-अलग दावों के साथ वायरल हो चुका है। उस दौरान विश्वास न्यूज ने दावे की जांच कर सच्चाई सामने रखी थी। पूरी रिपोर्ट को लिंक पर क्लिक कर पढ़ा जा सकता है।
हमने उस दौरान बांग्लादेशी प्रोबाश टाइम्स समाचार के एडिटर अराफात रहमान से संपर्क किया था। उन्होंने हमें बताया था कि यह वीडियो यहां का है। लोगों ने इसी तरह से पीड़ितों की मदद की है।
दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 9 सितंबर 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार,“पंजाब में आई बाढ़ ने जन-जीवन को प्रभावित किया है। आपदा प्रबंधन मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने बताया कि 15 जिलों में अब तक 3.87 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। अब तक 1,84,938.05 हेक्टेयर से अधिक फसल को भारी नुकसान हुआ है।
अब तक कुल 23,015 व्यक्तियों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। पंजाब में 123 राहत शिविर सक्रिय हैं, जिनमें 5,416 लोग आश्रय लिए हुए हैं।”
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को दो हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बाढ़ पीड़ितों की मदद करते लोगों के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। असल में वीडियो पुराना है और बांग्लादेश का है। साल 2024 में आई बाढ़ के दौरान बांग्लादेश में मदरसा के छात्रों ने आगे बढ़कर बाढ़ के पानी में जाकर पीड़ितों की मदद की थी।
- Claim Review : पंजाब में आई बाढ़ का वीडियो।
- Claimed By : FB User kaseem_king_khan
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












