Fact Check: एशिया कप का नहीं है, साथ में मैच देखते अफरीदी, जय शाह और अनुराग ठाकुर का यह वीडियो
एशिया कप में हुए भारत-पाक मैच के नाम पर वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। वीडियो एशिया कप के मैच का नहीं, बल्कि फरवरी में हुए चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान का है। पुराने वीडियो को अब भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Sep 16, 2025 at 03:00 PM
- Updated: Sep 16, 2025 at 03:34 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पहलगाम आतंकी हमले के बाद से ही भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। इस तनाव का असर भारत-पाक के बीच हुए क्रिकेट मैच पर भी देखने को मिला था। भारत में लोगों ने सोशल मीडिया पर जमकर दोनों देशों के बीच होने वाले इस मैच का विरोध किया और इसे रद्द करने की मांग की थी। हालांकि, 14 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में एशिया कप-2025 का ये मैच खेला गया और भारत ने पाकिस्तान को सात विकेट से हरा दिया। अब एशिया कप से जोड़ते हुए भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर, बीसीसीआई के अध्यक्ष जय शाह और पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में तीनों को एक-साथ स्टेडियम में बैठकर मैच देखते हुए देखा जा सकता है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि तीनों ने एक साथ बैठकर एशिया कप का भारत-पाक का मैच देखा।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। वीडियो एशिया कप के मैच का नहीं, बल्कि फरवरी में हुए चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान का है। पुराने वीडियो को अब भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Iftikhar Ahmed’ ने 15 सितंबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “अनुराग ठाकुर जय शाह और शहीद अफरीदी स्टेडियम में भारत पाकिस्तान मैच देखते हुए।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो को गौर से देखा। हमने पाया कि वीडियो में पीछे लगे पोस्टर पर चैंपियन ट्रॉफी लिखा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें यह तस्वीर Cricket Lovers नाम के फेसबुक पेज पर मिला। वीडियो को 26 फरवरी 2025 को शेयर किया गया था।

हमने वायरल वीडियो कई अन्य सोशल मीडिया यूजर्स के पेज पर फरवरी 2025 में शेयर मिला। उन्होंने इसे चैंपियन्स ट्रॉफी का बताते हुए शेयर किया है।

पड़ताल के दौरान हमें वायरल वीडियो से जुड़ी एक रिपोर्ट फ्री प्रेस जर्नल की वेबसाइट पर 24 फरवरी 2025 को प्रकाशित मिली। रिपोर्ट के अनुसार, भारत-पाक मैच के दौरान पाक के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी के साथ अनुराग ठाकुर के बैठकर मैच देखने पर शिवसेना (यूबीटी) विधायक आदित्य ठाकरे ने उन पर तंज कसा था। उन्होंने अनुराग ठाकुर और पाक क्रिकेटर शाहिद अफरीदी की साथ बैठे एक तस्वीर को भी शेयर किया था।
अन्य न्यूज रिपोर्ट को यहां पर देखें।

Espncricinfo की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान 23 फरवरी 2025 को भारत और पाकिस्तान के बीच मैच हुआ था। इसे भारत ने जीता था।
दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 15 सितंबर 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “इस साल पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के विरुद्ध ऑपरेशन सिंदूर किया था। इसके बाद भारतीय टीम के एशिया कप में पाकिस्तान के विरुद्ध खेलने को लेकर देश में काफी विरोध हुआ। एक तबका नहीं चाहता था कि हमारी टीम पड़ोसी देश की टीम के विरुद्ध एशिया कप का मुकाबला खेले। भारतीय टीम पर भी इसको लेकर दबाव था। मैच से एक दिन पहले टीम प्रबंधन ने अपने खिलाड़ियों को इंटरनेट मीडिया पर विरोध और पाकिस्तानी टीम के साथ व्यवहार को लेकर बातचीत की थी। भारत के मैच जीतने के बाद पाकिस्तानी टीम हाथ मिलाने के लिए भारतीय टीम का इंतजार करती रही, लेकिन भारतीय टीम पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में उनसे हाथ मिलाने नहीं उतरी। इसके बाद पाकिस्तानी टीम पुरस्कार वितरण समारोह में नहीं आई।”

अधिक जानकारी के लिए हमने स्पोर्ट्स एनालिस्ट, जर्नलिस्ट और कमेंटेटर सैयद हुसैन से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। उन्होंने वीडियो को पुराना बताया है।
अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है। यूजर को छह हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि एशिया कप में हुए भारत-पाक मैच के नाम पर वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। वीडियो एशिया कप के मैच का नहीं, बल्कि फरवरी में हुए चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान का है। पुराने वीडियो को अब भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : एशिया कप का भारत-पाक का मैच जय शाह, अनुराग ठाकुर और अफरीदी ने एकसाथ देखा।
- Claimed By : FB User Iftikhar Ahmed
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












