Fact Check: मुंबई में नहीं हुआ कोई विमान हादसा, विदेश की पुरानी तस्वीर को किया गया वायरल
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। वायरल हो रही तस्वीरें 2018 में पापुआ न्यू गिनी के तट पर हुए विमान हादसे की हैं। मुंबई में ऐसा कोई विमान हादसा नहीं हुआ है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Oct 14, 2025 at 03:07 PM
- Updated: Oct 14, 2025 at 04:20 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर 2 तस्वीरों का एक कोलाज वायरल हो रहा है, जिसमें एक हवाई जहाज़ को डूबते देखा जा सकता है। पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि मुंबई में समुद्र में एक हवाई जहाज क्रैश हुआ है,जिसमें सभी यात्री सुरक्षित निकाल लिए गए हैं और एक-दो घायल यात्रियों को हॉस्पिटल भेज दिया गया है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। वायरल हो रही तस्वीरें 2018 की हैं,जब पापुआ न्यू गिनी के तट के पास एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
क्या है वायरल पोस्ट में?
फेसबुक यूजर ‘Sapna Pandit’ ने 12 अक्टूबर 2025 को वायरल कोलाज (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा “मुंबई में समुद्र में बड़ी दुखद घटना विमान क्रैश।”
एक और फेसबुक यूजर ‘गर्व से कहो हम समाजवादी है’ (Archive) ने भी 12 अक्टूबर 2025 को इस कोलाज को शेयर करते हुए लिखा “मुंबई में समुद्र में बड़ी दुखद घटना विमान क्रैश। सभी यात्री सुरक्षित निकाल लिए गए हैं एक दो घायल हुए हैं उनको हॉस्पिटल भेज दिया गया।”

पड़ताल
पड़ताल को शुरू करने के लिए हमने इस वायरल पोस्ट में इस्तेमाल तस्वीरों को गूगल लेंस पर सर्च किया। हमें यह तस्वीरें 2018 की कई ख़बरों में मिलीं।
डेली मेल यूके की 29 सितंबर 2018 की खबर में भी इन तस्वीरों को देखा जा सकता है। खबर के अनुसार,तस्वीरें तब की हैं,जब पापुआ न्यू गिनी के तट पर एयर नियूगिनी के एक विमान की दुर्घटनाग्रस्त लैंडिंग हुई,जब वह रनवे से चूककर प्रशांत महासागर में जा गिरा। स्थानीय लोगों की मदद से सभी 47 लोग बचा लिए गए।

बीबीसी की 28 सितंबर 2025 की खबर के अनुसार,ये घटना पापुआ न्यू गिनी के तट के पास एयर नियूगिनी के एक विमान की दुर्घटनाग्रस्त लैंडिंग होने का है।
टाइम्स ऑफ़ इजरायल की 28 सितंबर 2025 की खबर के अनुसार, “शुक्रवार की सुबह प्रशांत महासागर के एक लैगून में विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद सभी 47 यात्री और चालक दल के सदस्य बच गए। वे कमर तक गहरे पानी से होते हुए आपातकालीन निकास द्वार तक पहुंचे और माइक्रोनेशिया द्वीपसमूह में बचाव के लिए आई स्थानीय नौकाओं पर सवार होकर भाग निकले।”
इसके बाद हमने कीवर्ड की मदद से ढूंढा कि क्या मुंबई में ऐसा कोई विमान हादसा हाल-फिलहाल में हुआ है? हमें कहीं भी ऐसे किसी हादसे की कोई रिपोर्ट नहीं मिली।
अधिक जानकारी के लिए हमने मुंबई में कार्यरत मिड-डे के वरिष्ठ रिपोर्टर समीउल्लाह खान से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो मुंबई का नहीं है।
वायरल वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर ‘Sapna Pandit को फेसबुक पर लगभग 5000 यूजर फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। वायरल हो रही तस्वीरें 2018 में पापुआ न्यू गिनी के तट पर हुए विमान हादसे की हैं। मुंबई में ऐसा कोई विमान हादसा नहीं हुआ है।
- Claim Review : मुंबई में हुआ विमान हादसा
- Claimed By : Facebook user Sapna Pandit
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












