Fact Check: नीतीश कुमार के NDA से अलग होने का यह वीडियो हालिया नहीं, 2022 का है
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि नीतीश कुमार के बीजेपी से अलग होने का यह वीडियो हालिया नहीं है, बल्कि यह अगस्त 2022 का है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Oct 28, 2025 at 04:48 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्हें कहते हुए सुना जा सकता है कि वो राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) छोड़ रहे हैं। वीडियो को हाल का बताते हुए बिहार विधानसभा चुनाव से जोड़ते हुए शेयर किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की और पाया कि वायरल पोस्ट भ्रामक भ्रामक है। असल में यह वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि साल 2022 का है, जब वो एनडीए का साथ छोड़कर इंडी गठबंधन से जुड़ गए थे और इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के साथ समर्थन में नई सरकार बनाने का दावा पेश किया था।
क्या हो रहा है वायरल ?
इंस्टाग्राम यूजर ‘rjd_lover_51’ ने 17 अक्टूबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया कि नीतीश कुमार बीजेपी से अलग हो गए हैं।
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल पोस्ट की पड़ताल एक बार हमने पहले भी की थी और हमने अपनी जांच में इसे भ्रामक पाया था। वास्तव में यह वीडियो 2022 का है, जब उन्होंने भारतीय जनता पार्टी से गठबंधन को तोड़ते हुए तत्कालीन राज्यपाल फागू चौहान को अपना इस्तीफा सौंपा था और इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के साथ समर्थन में नई सरकार बनाने का दावा पेश किया था।
इस घटना का असली वीडियो आजतक के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर 9 अगस्त 2022 की तारीख से उपलब्ध है। इस वीडियो में वायरल क्लिप वाले हिस्से को 5.55 मिनट से देखा जा सकता है।
गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च करने पर हमें 2022 में नीतीश कुमार के बीजेपी छोड़ने को लेकर एक रिपोर्ट एबीपी न्यूज की वेबसाइट पर मिली। 9 अगस्त 2022 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, नीतीश कुमार ने बीजेपी के साथ गठबंधन तोड़ने के बाद कहा था कि उन्होंने सभी की सहमति से इस गठबंधन को तोड़ा है। अब वो इंडी महागठबंधन के साथ जुड़कर सरकार बनाएंगे।
दैनिक जागरण पटना के चीफ रिपोर्टर जितेंद्र कुमार ने भी हमें बताया कि यह वीडियो 2022 का है, जब नीतीश कुमार ने बीजेपी से गठबंधन तोड़कर इंडी गठबंधन के साथ फिर से सरकार बनाई थी।
नीतीश कुमार ने 2013 में पहली बार भाजपा से नाता तोड़कर राजद से हाथ मिला लिया था। इसके बाद 2017 में वे भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए में लौट आए थे। लगभग पांच साल बाद 2022 में, वे फिर से एनडीए छोड़कर महागठबंधन में शामिल हो गए। मात्र दो साल में ही 2024 में वे फिर से एनडीए में शामिल हो गए और फिलहाल 2025 विधानसभा इलेक्शन NDA के साथ मिलकर लड़ रहे हैं।
एनडीए सीट शेयरिंग की बात करें तो, खबरों के अनुसार 243 सीटों वाली बिहार विधानसभा के लिए बीजेपी और जेडीयू 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। वहीं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 29 सीटों और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (एचएएम) 6-6 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी।
बताते चलें कि बिहार विधानसभा चुनाव के लिए आगामी 6 नवंबर और 11 नवंबर को दो चरणों में मतदान होगा। मतगणना 14 नवंबर को होगी।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर rjd_lover_51 को इंस्टाग्राम पर लगभग 1000 लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि नीतीश कुमार के बीजेपी से अलग होने का यह वीडियो हालिया नहीं है, बल्कि यह अगस्त 2022 का है।
- Claim Review : नीतीश कुमार बीजेपी से अलग हुए
- Claimed By : इंस्टाग्राम यूजर ‘rjd_lover_51’
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












