Fact Check: दिल्ली लाल किला ब्लास्ट के नाम पर शेयर हो रही फोटो असली नहीं, AI निर्मित है
विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए विस्फोट के बाद मौके की बताते हुए वायरल हो रही तस्वीर भ्रामक है। यह तस्वीर असल में AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से बनाई गई है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Nov 12, 2025 at 05:24 PM
- Updated: Nov 13, 2025 at 09:07 AM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। देश की राजधानी दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक हुंडई i20 कार में 10 नवंबर 2025 की शाम हुए जबरदस्त विस्फोट में 8 लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग घायल हो गए। अब सोशल मीडिया पर मौके की बताते हुए एक तस्वीर वायरल हो रही है। घटनास्थल की असली तस्वीर समझ कई यूजर इसे शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि यह पोस्ट भ्रामक है। असल में यह तस्वीर AI निर्मित है।
क्या है वायरल पोस्ट में?
फेसबुक यूजर Guddu Vlog ने 11 नवंबर 2025 को वायरल तस्वीर (आर्काइव लिंक) को शेयर किया, जिसके ऊपर लिखा था “दिल्ली बम ब्लास्ट के बाद की तस्वीर”

पड़ताल
वायरल तस्वीर की पड़ताल के लिए हमने इस फोटो को ध्यान से देखा। तस्वीर में कई कमियां थीं। जैसे इसमें किसी भी व्यक्ति का चेहरा साफ़ नहीं है। साथ ही इसमें लाल किले, सड़क और मेट्रो स्टेशन की प्लेसमेंट भी सही नहीं है। लाल किला मेट्रो स्टेशन के 4 गेट हैं, जिनमें से गेट नंबर 4 लाल किले से सबसे करीब है। हालांकि ये धमाका गेट नंबर 1 के पास हुआ था।

गूगल मैप्स पर साफ़ देखा जा सकता है कि लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 4 और गेट नंबर 1 की बनावट बिल्कुल भी वायरल तस्वीर में दिख रहे मेट्रो गेट की तरह नहीं है। इसमें गेट के आगे का प्लेटफॉर्म, गेट पर लिखा मेट्रो स्टेशन का नाम, और लाल किले की मेट्रो गेट से दूरी, सभी काफी अलग हैं।


साथ ही इस वायरल तस्वीर में कुछ जली हुई बसों को भी देखा जा सकता है, जबकि ख़बरों के अनुसार, इस हमले में छह कारें, चार मोटरसाइकिलें और तीन ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हुए थे। इस तरह बसों के झुलस जाने की कोई कन्फर्म मीडिया रिपोर्ट सामने नहीं आई है। मीडिया रिपोर्ट्स में आई तस्वीरों में भी कोई बस नजर नहीं आई।
हमें शक हुआ कि यह तस्वीर एआई से बनाई गई हो सकती है। हमने इस तस्वीर को अलग-अलग एआई डिटेक्शन टूल्स की मदद से जांचा।
हाइव मॉडरेशन ने इस तस्वीर के एआई से बने होने की संभावना 80 प्रतिशत से ज्यादा बताई।

साइट इंजन ने इस तस्वीर के एआई से बने होने की संभावना 99 प्रतिशत से ज्यादा बताई।

decopy AI ने इस तस्वीर के एआई निर्मित होने की संभावना 60 प्रतिशत से ज्यादा बताई।

Undetectable AI ने इस तस्वीर के एआई निर्मित होने की पुष्टि की।

एआई और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी में काम कर रहे एक्सपर्ट अजहर माचवे ने भी तस्वीर के AI की मदद से बने होने की पुष्टि की।
अंत में हमने तस्वीर को शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। पता चला कि यूजर Guddu Vlog को 15 लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए विस्फोट को लेकर ज्यादा जानकारी इन ख़बरों में पढ़ी जा सकती है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए विस्फोट के बाद मौके की बताते हुए वायरल हो रही तस्वीर भ्रामक है। यह तस्वीर असल में AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से बनाई गई है।
- Claim Review : दिल्ली बम ब्लास्ट के बाद की तस्वीर
- Claimed By : FB User Guddu Vlog
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












