Fact Check : राहुल गांधी और उनकी भांजी मिराया का वीडियो झूठे आपत्तिजनक दावे के साथ किया गया वायरल
विश्वास न्यूज ने विस्तार से इसकी जांच की। दावा पूरी तरह बेबुनियाद आपत्तिजनक साबित हुआ।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Nov 17, 2025 at 04:04 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। लोकसभा में विपक्ष के नेता व कांग्रेसी सांसद राहुल गांधी का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहा है। इसमें उन्हें एक युवती के साथ देखा सकता है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इस वीडियो को आपत्तिजनक दावे के साथ वायरल करके राहुल गांधी पर निशाना साध रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने विस्तार से इसकी जांच की। दावा पूरी तरह बेबुनियाद आपत्तिजनक साबित हुआ। वीडियो में राहुल गांधी के साथ जो युवती दिख रहीं हैं, वह उनकी भांजी मिराया वाड्रा हैं। मिराया राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी वाड्रा की बेटी हैं।
क्या हो रहा है वायरल
एक्स पर अरुण यादव नाम के एक यूजर ने 12 नवंबर को राहुल गांधी के वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा, “कांग्रेस के 56 साल के झंडनायक किसी 9जवान महिला के साथ देखे गये है विदेश में।”
वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने राहुल गांधी के वायरल वीडियो के बारे में जानने के लिए सबसे पहले कीवर्ड के जरिए सर्च किया। हमें न्यूज 24 चैनल के यूट्यूब चैनल पर हमें एक वीडियो रिपोर्ट मिली। इसमें बताया गया कि राहुल गांधी का वायरल वीडियो सितंबर 2025 का है। इसमें उनके साथ उनकी भांजी हैं।
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस और उनके प्रवक्ताओं के सोशल मीडिया हैंडल्स को स्कैन किया। हमें 13 नवंबर 2025 को कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत की एक पोस्ट मिली। एक्स पर लिखी गई इस पोस्ट में श्रीनेत की ओर से बताया गया कि राहुल गांधी का अपनी भांजी के साथ वायरल वीडियो सितंबर 2025 का है।
सर्च करने पर हमें 13 अक्टूबर 2025 की तारीख में भी यह वीडियो मिला। RG Chronicle नाम के एक एक्स हैंडल ने इस वीडियो को लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट का बताया था।
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम के सदस्य गिरीश कुमार से संपर्क किया। उनके साथ वायरल वीडियो को साझा किया। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी के साथ नजर आ रहीं युवती उनकी भांजी मिराया वाड्रा है। पुराने वीडियो को गलत दावे के साथ वायरल करने वालों की मानसिकता समझी जा सकती है।
विश्वास न्यूज ने पड़ताल के अगले चरण में मिराया वाड्रा की तस्वीर और वायरल वीडियो में दिख रही युवती की तस्वीरों की तुलना की। दोनों एक ही नजर आईं। इससे यह साफ हो गया कि वायरल वीडियो में राहुल गांधी के साथ नजर आ रहीं युवती प्रियंका गांधी वाड्रा की बेटी मिराया वाड्रा ही हैं।

जांच के अंत में फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर की जांच की गई। पता चला कि अरुण यादव नाम के इस एक्स हैंडल को 66 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। इस हैंडल को नवंबर 2022 में बनाया गया था। यूजर गुरुग्राम का रहने वाला है।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल पोस्ट झूठी व आपत्तिजनक साबित हुई। वायरल वीडियो में राहुल गांधी अपनी भांजी मिराया वाड्रा के साथ दिख रहे हैं। लेकिन सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इस वीडियो को आपत्तिजनक व फर्जी दावे के साथ वायरल करके राहुल गांधी पर निशाना साध रहे हैं।
- Claim Review : राहुल गांधी युवती के साथ एयरपोर्ट पर नजर आए।
- Claimed By : X user Arun Yadav
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












