X
X

Fact Check: बिहार चुनाव घोषित होने से पहले का है सबसे एकजुट होने की अपील करते तेजस्वी यादव का वायरल वीडियो

राजद नेता तेजस्वी यादव का लोगों से एकजुट होने की अपील करने वाला वीडियो विधानसभा चुनाव घोषित होने से पहले का है। इसे नतीजे घोषित होने के बाद का बताकर गलत दावा किया जा रहा है।

Tejashwi Yadav viral video, Bihar elections news, Bihar politics, Bihar Chunav Result

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए की सरकार बन चुकी है। नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। इस बीच सोशल मीडिया पर तेजस्वी यादव का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें उनको लोगों से एकजुट होने की अपील करते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि तेजस्वी का यह वीडियो बिहार चुनाव नतीजे घोषित होने के बाद का है।

विश्‍वास न्‍यूज ने इसकी जांच की तो सामने आया कि तेजस्वी का यह वीडियो अगस्त 2025 का है। उस समय विधानसभा चुनाव का एलान भी नहीं हुआ था। मोतिहारी में आयोजित ‘संविधान सुरक्षा’ सम्मेलन में उन्होंने यह बयान दिया था। वीडियो को चुनाव नतीजों के बाद का बताकर भ्रम फैलाया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट?

इंस्टाग्राम यूजर koshi_mirror ने 19 नवंबर को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इसमें तेजस्वी लोगों को एक होने को कहते दिख रहे हैं। वीडियो पर लिखा है, “भावुक होते हुए तेजस्वी ने जनता से कहा, सब एक होइए नहीं तो अस्तित्व खत्म, करारी हार के बाद तेजस्वी का बयान

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया। बिहार कांग्रेस के एक्स हैंडल पर 28 अगस्त 2025 को अपलोड वीडियो में शुरू में वायरल क्लिप को देखा जा सकता है। पोस्ट के अनुसार, वीडियो मोतिहारी में आयोजित ‘संविधान सुरक्षा’ सम्मेलन का है। वीडियो में तेजस्वी के पीछे ‘संविधान सुरक्षा’ सम्मेलन मोतिहारी लिखा भी दिख रहा है।

https://twitter.com/INCBihar/status/1961083846763643006

कांग्रेस के फेसबुक पेज पर भी 28 अगस्त 2025 को वायरल क्लिप का लंबा वर्जन अपलोड किया गया है। इसमें वह भाजपा पर निशाना साधते दिख रहे हैं।

29 अगस्त 2025 को न्यूज 24 के यूट्यूब चैनल पर भी वायरल क्लिप के लंबे वर्जन को अपलोड किया गया है।

हिन्दुस्तान के यूट्यूब चैनल पर 28 अगस्त को इस कार्यक्रम की स्ट्रीमिंग की गई है। इसमें दिया गया है कि मोतिहारी में ‘संविधान सुरक्षा’ सम्मेलन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव ने जनता को संबोधित किया।

डीडी न्यूज की खबर के मुताबिक, चुनाव आयोग ने 6 अक्टूबर को बिहार विधानसभा चुनाव का एलान किया था।

चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, भाजपा को 89 और जेडीयू को 85 सीटों पर जीत मिली है, जबकि राजद को 25 और कांग्रेस को छह सीटें मिली हैं।

20 नवंबर की एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, जदयू प्रमुख नीतीश कुमार ने 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

इस बारे में हमने दैनिक जागरण पटना के चीफ रिपोर्टर जितेंद्र कुमार से संपर्क किया। उन्होंने वीडियो को चुनाव से पहले का बताया।

तेजस्वी यादव के पुराने वीडियो को चुनाव नतीजों के बाद का बताने वाले यूजर के करीब 1600 फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: राजद नेता तेजस्वी यादव का लोगों से एकजुट होने की अपील करने वाला वीडियो विधानसभा चुनाव घोषित होने से पहले का है। इसे नतीजे घोषित होने के बाद का बताकर गलत दावा किया जा रहा है।

  • Claim Review : तेजस्वी का यह वीडियो बिहार चुनाव नतीजे घोषित होने के बाद का है।
  • Claimed By : Insta User- koshi_mirror
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later