X
X

Fact Check: चिराग पासवान और तेजस्वी यादव के गले मिलने का वीडियो चुनाव नतीजों से पहले का है, बाद का नहीं

बिहार विधानसभा चुनाव के एलान से पहले ​चिराग पासवान और तेजस्वी यादव नवादा में शहीद को श्रद्धांजलि देने गए थे। वहां हुई मुलाकात के उनके वीडियो को चुनाव नतीजों के बाद का बताकर गलत दावा किया जा रहा है।

Bihar politics, Paswan Yadav meeting, Nawada hug video, political goodwill, election timing, camaraderie speculation, personal bond, fact-check

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। बिहार चुनाव 2025 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 89 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी है। राज्य में एनडीए पूर्ण बहुमत के सरकार बनाने को तैयार है।

इस बीच चुनाव नतीजे आने के बाद एनडीए के घटक दल लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान और विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें चिराग और तेजस्वी को गले मिलते हुए दिखाया गया है। वीडियो को शेयर कर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि चुनाव नतीजे घोषित होने के बाद तेजस्वी और चिराग ने यह मुलाकात की है।

विश्‍वास न्‍यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो मई 2025 का है, मतलब विधानसभा चुनाव से पहले का। मई में दोनों नेता बिहार के नवादा में शहीद के घर पर श्रद्धांजलि देने गए थे। वहां उनकी मुलाकात हुई थी।

क्या है वायरल पोस्ट?

इंस्टाग्राम यूजर shailenderkumar0888 ने 14 नवंबर को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) किया है। इस पर लिखा है, “तेजस्वी और चिराग पासवान एक साथ मिले गला होगा खेला।

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने इसके बारे में कीवर्ड से गूगल पर सर्च किया। न्यूज तक के यूट्यूब चैनल पर 21 मई 2025 को इससे संबंधित वीडियो न्यूज अपलोड है। इसमें वायरल क्लिप से मिलती-जुलती क्लिप को देखा जा सकता है। इसके अनुसार, चिराग पासवान और तेजस्वी यादव नवादा में शहीद मनीष कुमार को श्रद्धांजलि देने गए थे। वहां उनकी मुलाकात हुई।

वायरल क्लिप और न्यूज क्लिप में चिराग पासवान के साथ मौजूद लोगों को देखा जा सकता है।

आजतक के यूट्यूब चैनल पर भी वायरल क्लिप से संबंधित वीडियो न्यूज को देखा जा सकता है। इसे 21 मई 2025 को अपलोड किया गया है। इसमें भी बताया गया है कि शहीद के गांव में श्रद्धांजलि देने गए दोनों नेताओं की मुलाकात हुई।

News18 Bihar Jharkhand के यूट्यूब चैनल पर 20 मई 2025 को अपलोड वीडियो न्यूज में इससे संबंधित खबर को देखा जा सकता है।

डीडी न्यूज की वेबसाइट पर छपी खबर के अनुसार, 6 अक्टूबर को चुनाव आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव का ऐलान किया था। इसके तहत मतदान 6 नवंबर और 11 नवंबर को दो चरणों में था, जबकि नतीजे सामने आने की तारीख 14 नवंबर थी।

चुनाव आयोग की वेबसाइट के अनुसार, बिहार की 243 सीटों में से एनडीए के घटक दलों भाजपा को 89, जदयू को 85 और लोजपा (रामविलास) को 19 सीटें मिली हैं। इसके अलावा हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा को (सेक्यूलर) को 5 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा को 4 सीटों पर जीत मिली है। जबकि महागठबंधन के घटक दल राजद को इस चुनाव में 25 और कांग्रेस को 6 सीटें मिली हैं।

हमने वायरल क्लिप को राजद के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी के साथ शेयर किया। उन्होंने इसे चुनाव घोषित होने से पहले का वीडियो बताते हुए कहा कि तेजस्वी शहीद को श्रद्धांजलि देने गए थे। वहां उनकी मुलाकात चिराग से हुई थी।

इससे साफ होता है कि तेजस्वी और चिराग का गले मिलने वाला वीडियो विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले का है।

पुराने वीडियो को गलत दावे से शेयर करने वाले यूजर के 2400 से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: बिहार विधानसभा चुनाव के एलान से पहले ​चिराग पासवान और तेजस्वी यादव नवादा में शहीद को श्रद्धांजलि देने गए थे। वहां हुई मुलाकात के उनके वीडियो को चुनाव नतीजों के बाद का बताकर गलत दावा किया जा रहा है।

  • Claim Review : चुनाव नतीजे घोषित होने के बाद तेजस्वी और चिराग ने मुलाकात की।
  • Claimed By : Insta User- shailenderkumar0888
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later