Fact Check: फिल्म के दृश्य को असली घटना का वीडियो बताकर गलत दावे से किया जा रहा वायरल
विश्वास न्यूज ने जांच में पाया कि भोपाल में ब्लास्ट करने की साजिश रचने के दावे से वायरल युवक का वीडियो असली घटना का नहीं, बल्कि एक तेलुगु हॉरर फिल्म ‘तप्पिंचुकोलेरु’ (Tappinchukoleru ) का दृश्य है। वीडियो को असली घटना का बताकर अब फर्जी दावे से शेयर किया जा रहा है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: Dec 8, 2025 at 04:57 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बाइक पर बैठे एक युवक को पुलिस वाले पकड़ते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को शेयर करते हुए यूजर्स दावा कर रहे हैं कि यह भोपाल का वीडियो है, जहां आदिल काजमी नाम का एक आदमी भोपाल में ब्लास्ट करने की साजिश रच रहा था। वीडियो को असली घटना का बताते हुए अब शेयर किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। यह वीडियो किसी असली घटना का नहीं, बल्कि तेलुगु की एक हॉरर फिल्म ‘तप्पिंचुकोलेरु’ (Tappinchukoleru) का सीन है। मूवी के एक दृश्य को अब गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘अभिषेक त्रिपाठी’ ने 4 दिसंबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर किया है। वीडियो पर लिखा है, “ये है आदिल काजमी जो भोपाल में ब्लास्ट करने की साजिश रच रहा था
सीबीआई और पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन की वजह से इसको पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया है।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने इनविड टूल की मदद से इसके कई कीफ्रेम निकाले और गूगल रिवर्स इमेज से सर्च किया। हमें वीडियो “Mango Telugu Cinema” के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 22 अक्टूबर 2023 को अपलोड किया गया था। दी गई जानकारी के अनुसार, “वीडियो तेलुगु फिल्म ‘तप्पिंचुकोलेरु’ का दृश्य है। असली वीडियो में वायरल वीडियो के हिस्से को एक घंटा 57 मिनट से देखा जा सकता है।
हमे वीडियो ziyaneditzz नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। 4 दिसंबर 2025 को शेयर वीडियो में बताया गया है कि यह शूटिंग का वीडियो है जो वायरल हो रहा है। लोग इसे असली मान रहे हैं, लेकिन असल में यह एक फिल्म का एक हिस्सा है और इस किरदार को सैयद आदिल काजमी ने निभाया है। आदिल एक सम्मानित स्टंट राइडर हैं।

जांच में आगे हमने सैयद आदिल काजमी के बारे में सर्च किया। हमें पता चला की सैयद आदिल काजमी एक स्टंट राइडर्स हैं। आदिल “एमटीवी स्टंटमैनिया” के फाइनलिस्ट और भोपाल स्टंट स्कूल के संस्थापक हैं। वो मॉडलिंग और एक्टिंग भी करते हैं। आदिल कई फिल्मों और टेलीविजन शो में नजर आ चुके हैं।
हमने सैयद आदिल काजमी के सोशल मीडिया हैंडल को खंगाला। हमें उनके इंस्टाग्राम स्टोरी पर वायरल दावे का खंडन करती पोस्ट मिली। 4 दिसंबर 2025 को शेयर की गई पोस्ट में उन्होंने लिखा, “यह शूटिंग का वीडियो है, जिसे लोगों ने फर्जी दावे के साथ शेयर किया है। मेरे खिलाफ फर्जी खबरें फैलाना बंद करें।”

इसके बाद हमने सैयद आदिल काजमी के साथ वॉट्सऐप के जरिए संपर्क किया और वायरल वीडियो उनके साथ शेयर किया। आदिल ने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। उन्होंने बताया कि वह एक एक्टर और स्टंट राइडर हैं। यह उनकी साऊथ की फिल्म का एक दृश्य है। उन्होंने अपने शो और फिल्मों के कई लिंक्स भी हमारे साथ शेयर किए हैं।
हमने भोपाल ब्लास्ट साजिश कीवर्ड से गूगल पर भी सर्च किया। हमें दावे की पुष्टि करती कोई भी विश्वनीय मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली।
अंत में हमने वीडियो को फर्जी दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 5 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने जांच में पाया कि भोपाल में ब्लास्ट करने की साजिश रचने के दावे से वायरल युवक का वीडियो असली घटना का नहीं, बल्कि एक तेलुगु हॉरर फिल्म ‘तप्पिंचुकोलेरु’ (Tappinchukoleru ) का दृश्य है। वीडियो को असली घटना का बताकर अब फर्जी दावे से शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : भोपाल में ब्लास्ट करने की साजिश रच रहे शख्स को पुलिस ने पकड़ा।
- Claimed By : फेसबुक यूजर -अभिषेक त्रिपाठी
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












